
नजफगढ़ मैट्रो न्यूज/नई दिल्ली/शिव कुमार यादव/- दिल्ली में हिंदू संगठनों ने समुदाय पर हो रहे हमलों के खिलाफ शनिवार को संकल्प मार्च निकाला, जिसमें शामिल लोगों ने तिरंगा लहराते हुए जय श्री राम के नारे लगाए। संकल्प मार्च मंडी हाउस इलाके से शुरू होकर जंतर-मंतर पर खत्म हुआ। इस मार्च में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा और कपिल मिश्रा ने भी हिस्सा लिया।
उत्तरी दिल्ली के पूर्व महापौर अवतार सिंह ने कहा कि इस संकल्प मार्च के लिए आज कई हिंदू संगठन सड़कों पर हैं। हम यहां हिंदुओं पर हमलों के खिलाफ आवाज उठाने के लिए एकत्रित हुए हैं। उन्हें इस तरह से निशाना नहीं बनाया जा सकता। हमें निशाना बनाने वालों को हम छोड़ेंगे नहीं। मार्च के कारण मध्य दिल्ली में कई सड़कों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आज सुबह बताया कि विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के ’शांति मार्च’ के कारण शनिवार को मध्य दिल्ली की कई सड़कें अस्थायी रूप से बंद रहेंगी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि लगभग सात हजार स्वयंसेवकों के इस शांति मार्च में हिस्सा लेने की उम्मीद है, जो सुबह 11 बजे मंडी हाउस से शुरू होकर जंतर-मंतर पर समाप्त होगा।
ट्रैफिक पुलिस ने ट्वीट कर लोगों को सुबह साढ़े आठ बजे से दोपहर दो बजे के बीच सिकंदरा रोड, बाराखंभा रोड, कॉपरनिकस मार्ग, फिरोज शाह रोड, भगवान दास रोड, कस्तूरबा गांधी मार्ग, टॉलस्टॉय मार्ग, आउटर सर्कल कनॉट प्लेस से पटेल चौक तक संसद मार्ग और आउटर सर्कल कनॉट प्लेस से आर/ए विंडसर प्लेस तक जनपथ मार्ग का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी है। पुलिस ने कहा कि इस दौरान इन सड़कों का इस्तेमाल केवल पैदल यात्री ही कर सकेंगे।


More Stories
92% अंक आने के बाद भी टूटी छात्रा, पढ़ाई के दबाव ने छीनी मुस्कान
लुधियाना में हर्निया ऑपरेशन के दौरान मरीज ने गाए गीत
अमेरिका-ईरान वार्ता का दूसरा दौर इस्लामाबाद में संभव
होर्मुज सम्मेलन में मैक्रों-मेलोनी की मुलाकात चर्चा में
विक्की ठक्कर गैंग के दो शातिर बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
दुष्यंत चौटाला बोले- “सीआईए ने घरों में घुसकर की अभद्रता