– दिल्ली में पानी की किल्लत से निपटने के लिए केजरीवाल सरकार ने बनाया समर एक्शन प्लान 2022
नजफगढ़ मैट्रो न्यूज/नजफगढ़ देहात/शिव कुमार यादव/- पिछले कई दिनों से नजफगढ़ देहात में पेयजल सप्लाई ना आने से पानी की किल्लत बनी हुई है। लोग रात-दिन पानी के लिए नलों पर टकटकी जमाये बैठे है लेकिन फिर भी पानी नही आ रहा है। हालात अब यह हो गये है कि लोग पीने का पानी तक खरीदकर पीने को मजबूर हो गये है। हालांकि दिल्ली सरकार लोगों की इस परेशानी को समझ रही है जिसे देखते हुए मुख्यमंत्री केजरीवाल ने दिल्ली में पानी की सप्लाई को लेकर समर ऐक्शन प्लान-2022 बनाया है ताकि लोगों को समय पर स्वच्छ पानी मिल सके।
गर्मिया शुरू होते ही नजफगढ़ देहात में पानी के लिए हाहाकार मचना शुरू हो गया है। लोग लगातार पानी आने का इंतजार कर रहे है लेकिन पिछले 5 दिन से लोगों को पानी नही मिल पाया है। जिससे पानी की टंकियां पूरी तरह से खाली हो गई है। लोगों का आरोप है कि एक तरफ तो सरकार दिल्ली का यूएनओं तक बखान कर रही है वहीं दूसरी तरफ लोग पानी के लिए मारे-मारे फिर रहे है। अब तो हालात यह हो गये है कि लोग पानी खरीद कर पीने को मजबूर हो गये हैं। वहीं लोगों का आरोप है कि जलबोर्ड के अधिकारी पानी की सप्लाई को लेकर कुछ भी नही बता रहे है। वहीं जब लोगों ने विधायक व मंत्री कैलाश गहलोत से इस समस्या को लेकर बात करनी चाही तो उन्हे निराशा ही हाथ लगी।
वहीं दूसरी तरफ केजरीवाल सरकार ने दिल्ली में गर्मी के मौसम में पीने के पानी की समस्या से निपटने के लिए ’समर एक्शन प्लान 2022’ तैयार किया है। इस संबंध में गुरुवार को जल मंत्री एवं दिल्ली जल बोर्ड के अध्यक्ष सत्येंद्र जैन ने आज दिल्ली सचिवालय में उच्च स्तरीय बैठक की। जल मंत्री सत्येंद्र जैन ने बैठक में अधिकारियों से पेयजल आपूर्ति से संबंधित कार्य, पानी की लाइनें बिछाने, ट्रीटमेंट प्लांट को दुरुस्त करने आदि कार्यों को लेकर प्रगति रिपोर्ट मांगी है। साथ ही, दिल्ली के विभिन्न इलाकों में टैंकरों से पानी पहुंचाने के कार्य में सुधार लाने और शिकायतों का जल्द से जल्द निपटारा करने का निर्देश दिया है। इन सभी कामों की प्रगति पर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा निगरानी भी रखी जाएगी, ताकि सभी कामों को तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जा सके।
जल मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि दिल्ली सरकार ने अपने जल उपचार संयंत्रों को नए और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर अपग्रेड किया है। सिस्टम को कुशल और मजबूत बनाया गया है, ताकि गर्मी में लोगों को पानी की कमी के चलते परेशानी न झेलनी पड़े। लोगों के घरों तक साफ पानी पहुंचाने के साथ- साथ कम से कम समय में शिकायतों को हल करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। दिल्लीवालों के लिए सर्वोत्तम गुणवत्ता वाले पानी आपूर्ति को सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली जल बोर्ड ने पर्याप्त व्यवस्था की है।
पिछले साल की गर्मियों में दिल्ली में 935 एमजीडी पानी सप्लाई की जाती थी। वहीं, इस साल बढ़ती गर्मी के मद्देनजर केजरीवाल सरकार ने पानी का उत्पादन बढ़ाकर 1000 एमजीडी तक करने का लक्ष्य रखा है। यानि की इस बार गर्मी में राजधानी में 65 एमजीडी अधिक पानी की आपूर्ति होगी।
हरियाणा से आने वाले पानी में कई बार अमोनिया का स्तर बढ़ जाता है। इससे दिल्ली के प्लांट की क्षमता कम हो जाती है और कई इलाकों में पानी का संकट गहरा जाता है। ऐसे में केजरीवाल सरकार इस समस्या से निपटने के लिए एडवांस में तैयार है। इसके लिए नई निगरानी प्रक्रिया तैयार की है, ताकि लोगों को भविष्य में पानी की किल्लत से न जूझना पड़े। पानी में अमोनिया के उच्च स्तर के कारण वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को बंद होने से रोकने के लिए जल मंत्री सत्येंद्र जैन व्यक्तिगत रूप से हरियाणा सरकार के साथ कोआर्डिनेट कर स्थिति की निगरानी करेंगे।
दिल्ली की जेजे कॉलोनियों में पाइपलाइन के जरिए वाटर सप्लाई की जाएगी। दिसंबर 2021 तक 1642 कॉलोनियों में पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है। 65 कॉलोनियों में पाइपलाइन के जरिए जल्द ही पानी की आपूर्ति चालू कर ली जाएगी। वहीं, 38 कॉलोनियों में पाइपलाइन बिछाने का कार्य जारी है। बता दें सभी जेजे क्लस्टरों में पब्लिक वॉटर हाइड्रेंट व टैंकरों के माध्यम से पानी की सुविधा है।
दिल्ली जल बोर्ड की ओर से राजधानी में जीपीएस आधारित टैंकरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे टैंकरों की पर्याप्त निगरानी हो रही है। टैंकर किस रूट पर चल रहा है। इसका रियल टाइम पर पता चल जाता है। वह अपने निर्धारित गंतव्य तक पहुंचा या नहीं, कब पहुंचा, इसका भी रिकॉर्ड रखा जा रहा है। ज्यादा पारदर्शिता लाने और सेवा की गुणवत्ता सुधारने के मकसद से केजरीवाल सरकार ने सभी टैंकरों में जीपीएस लगवाए है।
पीने योग्य पानी के वितरण के लिए भूमिगत जलाशयों और विभिन्न उपकरणों का मेंटेनेंस जल्द ही पूरा किया जाएगा। यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि बूस्टर पंपिंग स्टेशनों के सभी पंप काम करने की स्थिति में हैं। पुरानी पानी की पाइप लाइनों को बदल दिया गया है।
दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) पोर्टल पर ऑनलाइन पानी के बिल की जांच कर सकते हैं और डीजेबी वेबसाइट पर भुगतान गेट-वे के माध्यम से तुरंत भुगतान कर सकते हैं। मीटर रीडर्स द्वारा ऑनलाइन स्पॉट-रीडिंग, वॉटर मीटर की इमेज कैप्चरिंग और बिल जनरेशन के लिए एंड्रॉइड आधारित मोबाइल टैबलेट भी लॉन्च किया गया है। ऑनलाइन राजस्व प्रबंधन प्रणाली के अलावा, डीजेबी ने एक मोबाइल एप (एम-सेवा) लॉन्च किया था। इस एप के माध्यम से उपभोक्ता अपना पानी का बिल खुद तैयार कर सकेंगे। इसके अलावा बिल तैयार करने के बाद मोबाइल एप के जरिए उसे जमा भी करा सकेंगे।
दिल्ली के विभिन्न स्थानों पर वाटर इमरजेंसी कंट्रोल रूम रोजाना शिकायतों के निवारण के लिए काम कर रहे हैं। इन इमरजेंसी कंट्रोल रूम में शिकायतों के समाधान और निगरानी के लिए पर्याप्त स्टॉफ, संचार सुविधाओं और बेहतर उपकरणों से लगातार मजबूत किया गया है। वरिष्ठ अधिकारी जल आपात स्थितियों का समय-समय पर औचक निरीक्षण भी करेंगे।
दिल्ली जल बोर्ड के हेडक्वॉर्टर के सेंट्रल कंट्रोल रूम से पानी के टैंकरों की आवाजाही की ऑनलाइन निगरानी की जा रही है। आप किसी भी समय कस्टमर केयर सेंटर के टोल फ्री नंबर 1916 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।


More Stories
बीपीएमएस के 36 वें निःशुल्क कैंप में 125 मरीजों की ओपीडी, 35 का होगा नेत्र आपरेशन
बठिंडा में तनावपूर्ण हालात, प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस छोड़कर भीड़ तितर-बितर
Rojgar Mela 2026: युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी, 98K+ पदों पर भर्ती
भारत बनाएगा ‘एवरेस्ट रेंज’ हेलिकॉप्टर, पीएम मोदी ने की ऐतिहासिक घोषणा
आज का मौसम: दिल्ली में यू-टर्न, बूंदाबांदी और ठंडी हवा से बदला मिजाज
दिल्ली स्कॉर्पियो केस में आरोपी के पिता की सफाई, कहा- ‘शर्मिंदा हूं’