-24 घंटे से अधिक समय तक चली मुठभेड़, 4 आंतकियों का किया सफाया
नजफगढ़ मैट्रो न्यूज/द्वारका/नई दिल्ली/शिव कुमार यादव/भावना शर्मा/- जम्मू-कश्मीर में पिछले 22 साल से आतंक पर्याय बने हुए लश्कर के आतंकी को सुरक्षा बलों ने एक मुठभेड़ में बारामूला जिले में शुक्रवार को मार गिराया। पुलिस ने बताया कि 24 घंटे से अधिक समय से चल रही मुठभेड़ में अब तक चार आतंकवादी मारे गये हैं। जिनमें लश्कर-ए-तैयबा का शीर्ष कमांडर युसूफ कांतरू भी शामिल है। कांतरू की मौत सुरक्षा बलों के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है।
लश्कर- ए- तैयबा का शीर्ष कमांडर युसूफ कांतरू बृहस्पतिवार को मुठभेड़ में मारा गया था। वह घाटी में सबसे लंबे समय तक जीवित रहने वाला आतंकवादी था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘मुठभेड़ फिर से शुरू होने के बाद शुक्रवार सुबह एक आतंकवादी मारा गया।’ उन्होंने बताया कि अभियान में अभी तक मारे गए आतंकवादियों की संख्या चार हो गयी है। यह मुठभेड़ बृहस्पतिवार तड़के शुरू हुई थी।
उन्होंने बताया कि उत्तर कश्मीर में बारामूला के मालवाह इलाके में मुठभेड़ में बृहस्पतिवार को तीन आतंकवादी मारे गए थे। बृहस्पतिवार को शुरुआती मुठभेड़ में चार जवान और एक पुलिसकर्मी घायल हो गया था। पुलिस ने बताया कि कांतरू सुरक्षा बल के कई र्किमयों और असैन्य नागरिकों की हत्या में लिप्त रहा है और वह कश्मीर घाटी के शीर्ष 10 वांछित आतंकवादियों में शामिल था।
पुलिस ने बताया कि कांतरू पहले हिज्बुल मुजाहिदीन में सक्रिय सदस्य के रूप में शामिल हुआ और उसे 2005 में गिरफ्तार किया गया। उसे 2008 में छोड़ा गया लेकिन वह फिर से 2017 में आतंकवादियों से जुड़ गया और निर्दोष असैन्य नागरिकों, पुलिसर्किमयों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं की हत्या करने लगा। बाद में वह हिज्बुल से लश्कर में शामिल हो गया।
कांतरू मार्च में विशेष पुलिस अधिकारी मोहम्मद इशफाक डार और उसके भाई उमर अहमद डार, सितंबर 2020 में बडगाम जिले के खाग इलाके में बीडीसी अध्यक्ष सरदार भूपिंदर सिंह और दिसंबर 2017 में सीआरपीएफ कर्मी रियाज अहमद राठेर की हत्या में भी शामिल था।
वह कई राजनीतिक कार्यकर्ताओं की हत्याओं, ग्रेनेड फेंकने की घटनाओं और पुलिस तथा सैन्य कर्मियों के अपहरण तथा हत्या में भी शामिल रहा। कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने आतंकवाद रोधी सफल अभियान चलाने और घाटी के सबसे वांछित आतंकवादी के खात्मे के लिए सुरक्षाबलों को बधाई दी। उन्होंने कांतरू को मार गिराए जाने को बड़ी सफलता बताया। अधिकारी ने बताया कि बाकी के तीन मृतक आतंकवादियों की पहचान की जा रही है।


More Stories
मजलिस पार्क में आग पर काबू पाने के दौरान सिलेंडर फटा
टैरिफ तनातनी का असर: भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता नई तारीख तक स्थगित
सोमवार का राशिफल: 23 फरवरी को इन राशियों को मिलेगा लाभ, जानें पूरी भविष्यवाणी
दिल्ली में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम, तमिलनाडु-बंगाल से 8 संदिग्ध गिरफ्तार
कोच्चि में सजा सितारों का महाकुंभ: 70वें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स साउथ की भव्य शाम
द्वारका साउथ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नाबालिग गैंग लीडर सहित 03 लुटेरे गिरफ्तार