नजफगढ़ मेट्रो न्यूज/बहादुरगढ़ /शिवकुमार यादव : देश की राजधानी दिल्ली से सटे औद्योगिक शहर बहादुरगढ़ आगामी 11 अक्टूबर को सुबह 6 बजे से 9 बजे तक हरियाणा सफाई महाकुंभ में भागीदार बनने जा रहा है। इस महाकुंभ के माध्यम से झज्जर जिला गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की मुहिम में अपनी अग्रणी भूमिका निभाएगा। महाकुंभ की तैयारियों को लेकर मंगलवार को लघु सचिवालय में डीसी वर्षा खांगवाल की अध्यक्षता में अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में डीसी ने संबंधित विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही आयोजन स्थल का भी डीसी ने सम्बन्धित अधिकारियों के साथ मौका मुआयना भी किया।
एडीसी एवं डीएमसी जगनिवास ने डीसी का स्वागत करते हुए हरियाणा सफाई महाकुंभ की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि सफाई महाकुंभ बहादुरगढ़ के वेस्ट जुआ ड्रेन रोड पर आयोजित किया जाएगा। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, सामाजिक संगठन तथा अन्य संस्थाएं सक्रिय रूप से भाग लेंगी।

डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि इतने बड़े स्तर पर आयोजित होने वाले सफाई महाकुंभ को सफल बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महाकुंभ से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं और अधिकारी स्वयं फील्ड में रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करें। उन्होंने कहा कि अभियान केवल एक स्थान की सफाई तक सीमित न रहकर स्वच्छता के प्रति नागरिकों में सकारात्मक संदेश देने वाला जनभागीदारी का कार्यक्रम बने। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सफाई उपकरण, कर्मचारियों की तैनाती, कचरा उठान, परिवहन, पेयजल सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वच्छता कार्य के साथ-साथ सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर भी फोकस

डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हरियाणा सफाई महाकुंभ के दौरान स्वच्छता कार्य के साथ-साथ सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें और किसी भी स्तर पर आपसी तालमेल में कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 11 अक्टूबर को बहादुरगढ़ में होने वाला यह सफाई महाकुंभ स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी का संदेश देगा। उन्होंने अधिकारियों से आह्वान किया कि इस महाकुंभ को सफल बनाने के लिए पूरी गंभीरता और सक्रियता के साथ कार्य करें।
इस अवसर पर एसडीएम बहादुरगढ़ अभिनव सिवाच, ईओ नगरपरिषद बहादुरगढ़ संजय रोहिल्ला सहित सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।





More Stories
दिल्ली में वकील-पुलिस विवाद के बीच दो अधिकारियों का तबादला, ACP मनस्वी वशिष्ठ SPUWAC भेजीं गईं
दिल्ली: दिवाली से पहले मिलावटखोरों पर पुलिस का शिकंजा, करावल नगर में 221 किलो संदिग्ध घी बरामद, एक गिरफ्तार
आदि कैलाश की चुनौतीपूर्ण दौड़ में चमके बीआरजी के धावक, कर्नल कृष्ण बधवार प्रथम और महेश चंद द्वितीय
तीस हजारी कोर्ट के पास 24.90 लाख रुपये की लूट का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार
ऑपरेशन मिलाप: 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद लापता 13 वर्षीय बच्ची सकुशल मिली
नॉर्थ जिला पुलिस की तीन कार्रवाइयों में पांच आरोपी गिरफ्तार, आठ मामले सुलझाने का दावा