हरियाणा/अनीशा चौहान/- हरियाणा इस बार भारी बारिश और बाढ़ की मार झेल रहा है। इस आपदा को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार हालात की निगरानी कर रही है और प्रभावित लोगों तक हर संभव मदद पहुँचाई जा रही है। इसके लिए ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल खोला गया है, जिस पर अब तक प्रदेश के 2897 गांवों के 1,69,738 किसानों ने 9,96,701 एकड़ क्षेत्र का पंजीकरण कराया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बाढ़ और जलभराव वाले क्षेत्रों में तुरंत राहत कार्य जारी है। इसके लिए जिलों को आरक्षित निधि के रूप में कुल 3 करोड़ 6 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। दुख जताते हुए उन्होंने कहा कि बारिश और मकान ढहने से अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें फतेहाबाद और भिवानी में 3-3, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर में 2-2, जबकि हिसार और फरीदाबाद में 1-1 व्यक्ति की मौत हुई है।
सीएम सैनी ने कहा कि जिन परिवारों को बाढ़ के कारण अपना घर छोड़ना पड़ा है, उनके लिए राहत शिविर लगाए जाएंगे। वहीं, जलभराव से प्रभावित फसलों के लिए किसानों को प्रति एकड़ 15 हजार रुपये तक का मुआवजा मिलेगा। चारे की कमी को पूरा करने के लिए अन्य जिलों से सूखा चारा भेजा जाएगा। मकानों के आंशिक या पूर्ण नुकसान का सर्वे करवाकर उचित मुआवजा दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अब तक 135 चिकित्सा शिविर लगाए जा चुके हैं और 376 शिविर सक्रिय रूप से चल रहे हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में डॉक्टरों की टीमें भेजकर स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही, सरकार ने हिमाचल प्रदेश को 5 करोड़ रुपये की सहायता राशि दी है।
सीएम ने घोषणा की कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा चलाया जाएगा। इस दौरान सभी विधायक एक महीने का वेतन बाढ़ राहत कोष में देंगे और अधिकारियों-कर्मचारियों से भी स्वेच्छा से मदद की अपील की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई मकान मालिक 20 साल से एक ही स्थान पर रह रहा है और उसकी छत को नुकसान हुआ है तो सरकार उसकी भी मदद करेगी।


More Stories
शेयर बाजार में जोरदार तेजी, सेंसेक्स 609 अंक उछला
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026: दूसरे चरण में भारी मतदान, 3 बजे तक 79% वोटिंग
पूर्व विधायक दुर्गेश पाठक ने न्यायमूर्ति स्वर्ण कांता शर्मा को लिखा पत्र
गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में भीषण आग, कई मंजिलों तक फैली लपटें; इलाके में मचा हड़कंप
गुरुग्राम में नवाचार और उद्यमशीलता का संगम, 200 प्रतिभागियों ने सीखे स्टार्टअप के गुर
उमड़ा आस्था का सैलाब, पहले ही सप्ताह में रिकॉर्ड श्रद्धालु पहुंचे