
नई दिल्ली/- दिल्ली में शराब नीति को लेकर बीजेपी ने लगातार आम आदमी पार्टी (आप) के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ है। बीजेपी की दिल्ली इकाई ने कथित शराब घोटाले को लेकर उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को बर्खास्त करने की मांग को लेकर शुक्रवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके मंत्रियों के आवासों के पास झुग्गी-झोपड़ी वालों, ऑटो चालकों और वरिष्ठ नागरिकों के साथ विरोध-प्रदर्शन किया।
दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि लोग पार्टी के साथ हैं क्योंकि जनता के पैसे की कीमत पर शराब माफियाओं को फायदा पहुंचाने वाले आबकारी घोटाले का पर्दाफाश हो गया है। गुप्ता ने सिसोदिया के मथुरा रोड स्थित आवास के पास विरोध का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार जवाबों से बचने की कोशिश कर रही है, लेकिन सिसोदिया को हटाए जाने तक भाजपा चैन से नहीं बैठेगी।
विपक्ष के नेता रामवीर सिंह बिधूड़ी और दिल्ली बीजेपी के महासचिव दिनेश प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और दक्षिणी राज्यों के पार्टी कार्यकर्ताओं के अलावा झुग्गी-झोपड़ी वालों, ऑटो रिक्शा चालकों, वरिष्ठ नागरिकों सहित भाजपा की दिल्ली इकाई के विभिन्न प्रकोष्ठों ने आप मंत्रियों के आवासों के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।
दिल्ली सरकार की आबकारी नीति 2021-22 के क्रियान्वयन में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने अपनी प्राथमिकी में सिसोदिया को आरोपी बनाया है। केजरीवाल और सिसोदिया सहित आप नेताओं ने आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि 2024 के आम चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए चुनौती के रूप में केजरीवाल के उदय से बीजेपी झुंझला गई है और दिल्ली सरकार को गिराने की कोशिश कर रही है।





More Stories
”नजफगढ़ को ₹25 करोड़ की सौगात, सीएम रेखा गुप्ता ने किया शुभारंभ”
दिल्ली में MCD का ताबड़तोड़ एक्शन, इस फेमस इलाके में 54 ज्वेलरी शॉप सील, जूलर्स में मचा हड़कंप
दिल्ली में बिल्डिंग ढहने की सजा एमसीडी अधिकारियों को ही क्यूं!
मधु विहार की बदहाली पर फूटा जनता का गुस्सा, सातों ब्लॉक एकजुट; समाधान नहीं तो बड़े जनआंदोलन की चेतावनी
”यूरोप की अंतरराष्ट्रीय वुशू चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली गोल्डन गर्ल केशवी डागर का झाड़ौदा गांव में भव्य सम्मान”
रेवंत रेड्डी की अमेरिका यात्रा रद्द, केंद्र से नहीं मिली मंजूरी!