
नई दिल्ली/उमा सक्सेना/- महिला वनडे विश्व कप 2025 का आगाज़ भारतीय टीम के लिए शानदार रहा। गुवाहाटी के एसीए बरसापारा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को डकवर्थ-लुईस नियम (DLS) से 59 रनों से मात दी। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए दीप्ति शर्मा और अमनजोत कौर के अर्धशतकों की मदद से 47 ओवर में 269 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की टीम 211 रन पर सिमट गई।

दीप्ति शर्मा का ऑलराउंड शो
भारत की जीत की नायिका रहीं दीप्ति शर्मा। उन्होंने पहले बल्ले से 53 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली और फिर गेंदबाजी में तीन विकेट लेकर श्रीलंका की बल्लेबाजी की रीढ़ तोड़ दी। उनके अलावा अमनजोत कौर ने 57 रनों की पारी खेली और दोनों के बीच सातवें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी हुई, जिसने भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
बारिश ने डाला खलल, ओवरों में कटौती
मैच में बारिश ने दो बार खलल डाला, जिसके चलते मुकाबले को 47-47 ओवर का कर दिया गया। डीएलएस पद्धति से श्रीलंका को 271 रनों का संशोधित लक्ष्य मिला। हालांकि, भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को लक्ष्य तक पहुंचने का कोई मौका नहीं दिया।
श्रीलंका की कमजोर बल्लेबाजी
श्रीलंका की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गंवाने से टीम दबाव में आ गई। कप्तान चामरी अट्टापट्टू ने सर्वाधिक 43 रन बनाए, जबकि निलाक्षी डि सिल्वा (35) और हर्षिता समरविक्रमा (29) ने कुछ पलों तक संघर्ष किया। भारत की ओर से स्नेह राणा और श्री चरनी ने दो-दो विकेट चटकाए, वहीं क्रांति गौड़, अमनजोत कौर और प्रतिका रावल को एक-एक सफलता मिली।
भारतीय बल्लेबाजी की झलक
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। स्मृति मंधाना सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद प्रतिका रावल और हरलीन देओल ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन इनोका रानावीरा के घातक स्पेल ने भारत को बैकफुट पर ला दिया। रानावीरा ने एक ही ओवर में हरलीन, जेमिमा और कप्तान हरमनप्रीत कौर को पवेलियन भेजा। हालांकि, इसके बाद दीप्ति और अमनजोत की साझेदारी ने मैच का रुख बदल दिया। अंत में स्नेह राणा ने 28 रन की तेज़ पारी खेलते हुए भारत को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
उद्घाटन समारोह में श्रेया घोषाल ने जीता दिल
भारत-श्रीलंका मैच से पहले महिला विश्व कप का भव्य उद्घाटन हुआ। बॉलीवुड गायिका श्रेया घोषाल ने असम के दिवंगत गायक जुबीन गर्ग को समर्पित 13 मिनट का शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने जुबीन के लोकप्रिय गीतों को विश्व कप के थीम सॉन्ग ‘ब्रिंग इट होम’ के साथ प्रस्तुत किया। स्टेडियम में मौजूद 25,000 दर्शक ‘जय जुबीन दा’ के नारों से गूंज उठे। गौरतलब है कि जुबीन गर्ग का हाल ही में 19 सितंबर को सिंगापुर में निधन हुआ था।





More Stories
भूटान में ग्लेशियर झील फटी, असम-बंगाल में अचानक बाढ़ का खतरा; 15 हजार लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेजा
इजरायल में बहुमत से दूर नेतन्याहू, अरब पार्टियां बनीं ‘किंगमेकर’; 19 सीटों से कैसे तय होगा बेंजामिन का भविष्य?
जम्मू-कश्मीर: शोपियां में आतंकी फंडिंग मॉड्यूल का भंडाफोड़, लश्कर और TRF के लिए फंड जुटाने वाले 10 आरोपी गिरफ्तार
अल्लाह से तौबा करें सारा अली खान… कर दिया सबसे बड़ा गुनाह,
इंद्रप्रस्थ कॉलेज में दिल्ली के उपराज्यपाल ने किया 14वें पिंक बूथ का उद्घाटन
डॉ. रूद्र नारायण सोनी को उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों,