
नई दिल्ली/उमा सक्सेना/- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 126वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित करते हुए दो महान विभूतियों, शहीद भगत सिंह और संगीत की देवी लता मंगेशकर को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। पीएम ने कहा कि भगत सिंह आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उनका साहस, देशभक्ति और संवेदनशीलता हर भारतीय के लिए मिसाल है। उन्होंने बताया कि भगत सिंह ने अपने साथी स्वतंत्रता सेनानियों के साथ अंग्रेजों से यह आग्रह किया था कि उन्हें फांसी के बजाय गोली से मार दिया जाए, यह उनके अदम्य साहस और विचारशीलता का प्रमाण है।

साथ ही प्रधानमंत्री ने लता मंगेशकर को भी याद करते हुए कहा कि उनके गीत और संगीत लोगों की भावनाओं को झकझोरते हैं। लता दीदी की भारतीय संस्कृति और देशभक्ति के प्रति गहरी रुचि रही। उन्होंने वीर सावरकर से प्रेरणा ली और उनके कई गीतों को अपने सुरों में पिरोया। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका व्यक्तिगत संबंध लता जी से हमेशा स्नेहपूर्ण रहा।
नारी शक्ति का उत्सव
प्रधानमंत्री ने महिलाओं की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया और कहा कि देश की बेटियां हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही हैं। उन्होंने भारतीय नौसेना की दो महिला अधिकारियों लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना और लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा की समुद्री यात्रा का जिक्र किया। पीएम ने बताया कि इन अधिकारियों ने कठिन समुद्री परिस्थितियों में साहस और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया।
छठ पर्व को यूनेस्को की सांस्कृतिक धरोहर में शामिल कराने का प्रयास
प्रधानमंत्री ने छठ पर्व की वैश्विक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत सरकार इस पावन पर्व को यूनेस्को की सांस्कृतिक धरोहर सूची में शामिल कराने का प्रयास कर रही है। यह कदम न केवल भारत में बल्कि विदेशों में भी छठ पूजा की भव्यता और संस्कृति को पहचान दिलाएगा। पीएम ने यह भी उदाहरण दिया कि कोलकाता की दुर्गा पूजा को पहले ही यूनेस्को की सूची में शामिल किया जा चुका है।
स्वदेशी अपनाने और ‘वोकल फॉर लोकल’ पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने गांधी जयंती के अवसर पर सभी नागरिकों से स्वदेशी अपनाने और खादी का प्रयोग बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि खादी और हथकरघा उत्पादों में नवाचार के साथ परंपरा को जोड़कर अद्भुत परिणाम सामने आ रहे हैं। पीएम ने श्रोताओं से अपील की कि दो अक्टूबर को कोई न कोई खादी उत्पाद जरूर खरीदें और इसे गर्व से साझा करें।
उन्होंने कहा कि ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान देश की युवा पीढ़ी में स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का एक अहम प्रयास है।
संस्कृति, प्रेरणा और प्रगति का संदेश
126वें एपिसोड में पीएम मोदी ने यह संदेश दिया कि भारत की संस्कृति, युवाओं की ऊर्जा, महिलाओं की प्रतिभा और स्वदेशी उत्पादों को अपनाने की भावना मिलकर ही देश की प्रगति सुनिश्चित कर सकती है। उन्होंने श्रोताओं से देशभक्ति, साहस और नवाचार को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया।





More Stories
भूटान में ग्लेशियर झील फटी, असम-बंगाल में अचानक बाढ़ का खतरा; 15 हजार लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेजा
इजरायल में बहुमत से दूर नेतन्याहू, अरब पार्टियां बनीं ‘किंगमेकर’; 19 सीटों से कैसे तय होगा बेंजामिन का भविष्य?
जम्मू-कश्मीर: शोपियां में आतंकी फंडिंग मॉड्यूल का भंडाफोड़, लश्कर और TRF के लिए फंड जुटाने वाले 10 आरोपी गिरफ्तार
अल्लाह से तौबा करें सारा अली खान… कर दिया सबसे बड़ा गुनाह,
इंद्रप्रस्थ कॉलेज में दिल्ली के उपराज्यपाल ने किया 14वें पिंक बूथ का उद्घाटन
डॉ. रूद्र नारायण सोनी को उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों,