बिना परमिशन के निकाली गई थी शोभा यात्रा, पुलिस ने बजरंग दल व वीएचपी के खिलाफ किया केस दर्ज

स्वामी,मुद्रक एवं प्रमुख संपादक

शिव कुमार यादव

वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी

संपादक

भावना शर्मा

पत्रकार एवं समाजसेवी

प्रबन्धक

Birendra Kumar

बिरेन्द्र कुमार

सामाजिक कार्यकर्ता एवं आईटी प्रबंधक

Categories

April 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930  
April 19, 2026

हर ख़बर पर हमारी पकड़

बिना परमिशन के निकाली गई थी शोभा यात्रा, पुलिस ने बजरंग दल व वीएचपी के खिलाफ किया केस दर्ज

-जिला सेवा प्रमुख गिरफ्तार; अंसार व असलम की दो दिन पुलिस रिमांड बढ़ी
– पुलिस ड्रोन से रख रही क्षेत्र पर नजर, स्थिति नियंत्रण में
नजफगढ़ मैट्रो न्यूज/नई दिल्ली/शिव कुमार यादव/- दिल्ली के जहांगीरपुरी हिंसा मामले में पुलिस ने विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के सदस्यों पर भी केस दर्ज किया है। उन पर बिना परमिशन के शोभायात्रा निकालने का आरोप है। पुलिस ने वीएचपी के जिला सेवा प्रमुख प्रेम शर्मा को भी गिरफ्तार किया है। वहीं दूसरी तरफ हनुमान जयंती दंगों के मुख्य आरोपी अंसार और असलम सहित 14 लोगों को दिल्ली के रोहिणी कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने असलम और अंसार की दो दिन की पुलिस रिमांड बढ़ा दी है। बाकी 12 आरोपियों को जुडिशियल कस्टडी में भेजा है।
                दिल्ली के जहांगीरपुरी में सोमवार को एक बार फिर पथराव की घटना हुई है। दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम वीडियो फुटेज के आधार पर सोनू चिकना की पत्नी को हिरासत में लेने के लिए जहांगीरपुरी के सी- ब्लॉक स्थित मकान में गई थी। उसी दौरान कुछ लोगों ने घरों से पुलिस पर पत्थरबाजी कर दी। बता दें कि सोनू चिकना वही शख्स है जिसने 16 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव के दिन हिंसा के दौरान फायरिंग की थी। पुलिस ने बताया कि आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना स्थल पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है।
              वहीं दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस कमिश्नर राकेश अस्थाना ने कहा कि सोशल मीडिया पर हमारी नजर हैं। कुछ लोग ऐसे हैं जो चाहते हैं कि माहौल न सुधरे। सोशल मीडिया पर ऐसी गलत जानकारी और माहौल बिगाड़ने वाली पोस्ट करने वालों पर एक्शन लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि शनिवार को दिल्ली के जहांगीरपुरी में हुई हिंसा मामले में अब तक 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। 2 नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है। हमारी अपील है कि अफवाहों पर ध्यान न दें। अगर कोई फैक्ट वैरिफाई करना है, तो आप सीधे पुलिस से बात करिए।
                 हिंसा में 8 पुलिसकर्मियों और एक नागरिक सहित 9 लोग घायल हुए हैं। अब तक इस हिंसा से जुड़े करीब 100 वीडियो सामने आ चुके हैं। इनके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान कर रही है। दिल्ली पुलिस के सब इंस्पेक्टर मेदालाल मीणा हिंसा के दौरान वहां सुरक्षा में तैनात थे। उनके हाथ में गोली लगी है। उन्होंने बताया कि पुलिस दोनों पक्षों को अलग कर रही थी, लेकिन देखते ही देखते वहां पथराव शुरू हो गया।
                दिल्ली पुलिस के कमिश्नर राकेश अस्थाना ने रविवार रात जहांगीरपुरी पुलिस स्टेशन के सब-इंस्पेक्टर मेदालाल मीणा से उनके घर जाकर मुलाकात की। उन्होंने मेदालाल को विभाग की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। मेवालाल ने बताया कि किसी ने भीड़ में 7-8 राउंड गोलियां भी चलाईं। मेदालाल मीणा कहते हैं कि मैं देख नहीं सका कि गोलियां किसने चलाईं और भीड़ की वजह से यह भी नहीं देख सका कि लड़ाई किसने शुरू की। रविवार दोपहर पुलिस ने हिंसा के 14 आरोपियों को रोहिणी कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने 2 मुख्य आरोपियों अंसार और असलम को पुलिस रिमांड में और 12 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
                 हिंसा की जांच अब दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच के हवाले कर दी गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ साजिश रचने और हत्या के प्रयास करने जैसे आरोपों में मुकदमा दर्ज किया है। जांच के दौरान फायरिंग वाली जगह से गोली का खोखा बरामद हुआ है। पुलिस की 10 टीमें हिंसा की जांच कर रही हैं। पुलिस के मुताबिक, सब इंस्पेक्टर मेदालाल मीणा पर गोली असलम ने चलाई थी। उससे पिस्टल बरामद कर ली गई है। दूसरे आरोपी असलम ने शोभायात्रा में शामिल लोगों से बहस और हाथापाई की थी। इसके बाद ही हिंसा भड़की।
               दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि फायरिंग करने वाले अंसार और असलम समेत 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। 2 नाबालिग आरोपियों को भी पकड़ा गया है। इनके कब्जे से 3 देशी रिवॉल्वर और 5 तलवारें बरामद की गई हैं।
               जहांगीरपुरी में हनुमान जन्मोत्सव के जुलूस में हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। जामा मस्जिद के पास हुई मामूली बहस ने हिंसा का रूप ले लिया था। देखते ही देखते पथराव शुरू हो गया और शोभायात्रा में भगदड़ मच गई।
               दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने हिंसा के लिए आम आदमी पार्टी को जिम्मेदार बताया है। उन्होंने कहा कि शोभायात्रा पर फायरिंग करने वाला अंसार आम आदमी पार्टी का कार्यकर्ता है। कांग्रेस ने देश भर में हो रहे सांप्रदायिक दंगे के बीच इंडिया अगेंस्ट हेट मुहिम शुरू की है। पार्टी ने ट्विटर प्रोफाइल चेंज करते हुए एक नंबर भी जारी किया है।
                राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने दिल्ली पुलिस से रविवार को कहा कि उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के जहांगीरपुरी में एक दिन पहले हुई हिंसा के दौरान कथित रूप से बच्चों का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए।
               डीसीपी नॉर्थ वेस्ट ऊषा रंगनानी ने बताया- हिंसा में आठ पुलिसकर्मी और एक नागरिक घायल हुए हैं। एक सब इंस्पेक्टर को गोली लगी है। वे अस्पताल में भर्ती हैं, लेकिन उनकी हालत में सुधार है। हिंसा के बाद अमन कमेटी की बैठक हुई, जिसमें लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई।
               शनिवार रात नाइट विजन ड्रोन से निगरानी की गई। स्पेशल पुलिस कमिश्नर दीपेंद्र पाठक ने कहा- स्थिति पूरी तरह कंट्रोल में है। माहौल अब शांतिपूर्ण है। हम लोगों के साथ लगातार संपर्क में हैं और शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील कर रहे हैं।
              बीते सिर्फ 15 दिनों में राजस्थान के करौली, मध्य प्रदेश के खरगोन और दिल्ली के जहांगीरपुरी में हिंसा के मामले सामने आए हैं। इन घटनाओं ने पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े किए हैं। सवाल उठ रहे हैं कि आखिर कौन है जो सुनियोजित तरीके से देश की फिजा बिगाड़ने की स्क्रिप्ट लिख रहा है और इस तरह की घटनाओं की स्क्रिप्ट कहां लिखी जा रही है।

About Post Author

आपने शायद इसे नहीं पढ़ा

Subscribe to get news in your inbox