
बहादुरगढ़/उमा सक्सेना/- बहादुरगढ़ के आसौदा स्थित बालाजी इंडस्ट्रियल एरिया में उस समय हड़कंप मच गया जब करीब दर्जनभर लोग एक फैक्ट्री में जबरन घुस आए और वहां मौजूद संचालक पर पिस्तौल तान दी। आरोपियों ने न सिर्फ डराया-धमकाया बल्कि यह भी कहा कि यदि फैक्ट्री दो दिन के भीतर खाली नहीं की गई तो उसकी लाश तक का पता नहीं चलेगा। इस घटना से उद्योग क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
कोर्ट केस के बीच फैक्ट्री पर दबाव
पीड़ित दीपक कुमार, जो एचएल सिटी का निवासी है, आसौदा स्थित माइन कैमिकल्स नामक फैक्ट्री का संचालन करता है। उसने बताया कि इस जमीन को लेकर उसका विवाद पवन फिलिप लांबा और अश्विन कालडा के साथ कोर्ट में चल रहा है। फिलहाल फैक्ट्री पर उसका कब्जा है और अदालत से स्टे भी मिला हुआ है। बावजूद इसके, विपक्षी पक्ष ने दबाव बनाने के लिए धमकी भरा रास्ता अपनाया।
हथियारबंद होकर फैक्ट्री में घुसे आरोपी
शिकायत के अनुसार, 16 सितंबर को दीपक अपनी फैक्ट्री में मौजूद था, तभी पवन फिलिप लांबा अपने साथ 8 से 10 लोगों को लेकर दो गाड़ियों में वहां पहुंचा। इसी दौरान जतिन थापर और उसके साथी भी दूसरी गाड़ी से मौके पर आ धमके। देखते ही देखते सभी आरोपी फैक्ट्री में घुस आए और पिस्तौल सहित अन्य हथियार लहराकर दीपक को डराने लगे। उन्होंने कहा कि स्टे ऑर्डर के बावजूद फैक्ट्री खाली करनी होगी, वरना अंजाम बेहद खौफनाक होगा।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की जानकारी दीपक ने डीसीपी को दी, जिसके बाद थाना आसौदा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान हो चुकी है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। इस वारदात के बाद इलाके के उद्योगपतियों और व्यापारियों में भी असुरक्षा का माहौल देखने को मिल रहा है।





More Stories
अवैध शराब की तस्करी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, स्कूटी जब्त
ढाई माह की बच्ची अपहरण के कुछ घंटों में बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
द्वारका पुलिस ने लौटाए 560 खोए और चोरी हुए मोबाइल
अवैध घुसपैठ पर समाज को जागरूक होकर आगे आने की जरूरत : सूर्यकान्त केलकर
शहीद भगत सिंह की जयंती पर निकाली गई प्रभातफेरी व रक्तदान शिविर का हुआ आयोजन
उत्तरकाशी में 40 ट्रैकर्स का सफल रेस्क्यू, शेष के लिए सुबह 6 बजे से फिर शुरू होगा अभियान, CM ने खुद संभाली कमान