
नजफगढ़ मैट्रो न्यूज/नई दिल्ली/शिव कुमार यादव/- वित्तीय संकट से जूझ रही एयरलाइन कंपनी गो फर्स्ट के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। गो फर्स्ट जल्द उड़ान भरती नजर आएगी। दरअसल, एविएशन रेगुलेटर डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन ने कुछ शर्तों के साथ गो फर्स्ट को विमान परिचालन फिर शुरू करने की शुक्रवार को अनुमति दे दी। डीजीसीए ने शुक्रवार को कहा कि उसने कुछ शर्तों के साथ 15 विमानों और रोजाना 114 उड़ानें के साथ परिचालन फिर से शुरू करने की गो फर्स्ट की योजना को मंजूरी दे दी। बता दें कि गो फर्स्ट के खिलाफ दिवाला समाधान प्रक्रिया चल रही है. कंपनी ने 3 मई से अपनी विमान सेवाएं बंद कर दी थीं।
15 विमानों और 114 डेली फ्लाइट के संचालन की अनुमति
डीजीसीए ने एक बयान में कहा कि 15 विमानों और 114 डेली फ्लाइट के संचालन के लिए एयरलाइन की परिचालन योजना फिर से शुरू करने की समीक्षा की गई है और इसे स्वीकार कर लिया गया है। डीजीसीए ने कहा, ‘‘यह मंजूरी दिल्ली हाईकोर्ट और एनसीएलटी की दिल्ली पीठ के समक्ष पेंडिंग रिट याचिकाओं/आवेदनों के नतीजों पर निर्भर है।’’
बयान के मुताबिक, गो फर्स्ट अंतरिम वित्त पोषण और डीजीसीए से निर्धारित उड़ानों की अनुमति मिलने के बाद सेवाओं का परिचालन शुरू कर सकती है। डीजीसीए ने गो फर्स्ट को सभी लागू नियामकीय जरूरतों को पूरा करने और विमानों के उड़ान भरने योग्य होने की भी नियमित जांच करने का निर्देश दिया। एयरलाइन के समाधान पेशेवर ने सेवाएं फिर बहाल करने की योजना 28 जून को डीजीसीए को सौंपी थी। उसके बाद डीजीसीए ने कंपनी की मुंबई और दिल्ली में उड़ानों से संबंधित विभिन्न सुविधाओं का विशेष ऑडिट किया था।

35 डेस्टिनेशन के लिए फ्लाइट ऑपरेट करता है गो फर्स्ट
बता दें कि गो फर्स्ट वाडिया समूह की बजट एयरलाइन है। गो फर्स्ट ने नवंबर 2005 में मुंबई से अहमदाबाद के लिए पहली फ्लाइट ऑपरेट की। कंपनी के बेड़े में 59 विमान शामिल हैं। एयरलाइन 27 डोमेस्टिक और 8 इंटरनेशनल डेस्टिनेशन यानी कुल 35 डेस्टिनेशन के लिए अपनी फ्लाइट ऑपरेट करता है।





More Stories
उजवा कृषि विज्ञान केंद्र में किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी होने पर कार्यक्रम
मशरूम उत्पादन से किसानों की आय और रोजगार बढ़ाने की अपार संभावनाएं : हरी कल्लीकट
गुभाना के लोकहित पुस्तकालय में मनाई सरदार पटेल की जयंती
डाबड़ी हत्याकांड का वांछित आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
ऑपरेशन मिलाप: भिवाड़ी से लापता महिला को तलाशकर पति और साढ़े तीन साल की बेटी से मिलाया
बेमौसम बारिश से फसल बर्बाद, दिल्ली के किसानों को फिर आई केजरीवाल की याद