नूंह/हरियाणा/- हरियाणा के नूंह में सोमवार को ब्रजमंडल 84 कोस की शोभायात्रा पर हुए पथराव और फायरिंग के बाद पिछले 24 घंटे से हालात तनावपूर्ण बने हुए है। हालांकि पत्थरबाजी, गोलीबारी व आगजनी में 2 होमगार्डस की मौत हो गई है। नूंह हिंसा में डीएसपी समेत 12 पुलिस कर्मचारी घायल हैं। इसके अलावा 20 से अधिक आम लोग घायल हैं। इंटरनेट सेवा को बुधवार तक बंद कर दिया गया है। इसके साथ ही जिले की सीमाएं भी सील कर धारा 144 लगा दी गई हैं। वहीं नूंह दंगे के बाद अब शांति बहाली के भी प्रयास शुरू हो गये है। प्रशासन व नेता सभी समुहों से बैठकें कर शांति बनाये रखने की अपील कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि स्थिति अब पूरी तरह से नियंत्रण में है लेकिन नूंह दंगे की आग अब हरियाणा के दूसरे जिलों में भी पंहुच गई है। जिससे पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट हो गया है।
नूंह में सोमवार को हुए उपद्रव की जमीन एक दिन पहले ही तैयार हो गई थी। जुनैद-नासिर हत्याकांड में आरोपी रहे मोनू मानेसर ने सोशल मीडिया पर बयान जारी किया था। यही बयान शहर की शांति के लिए बवाल बन गया। यही कारण रहा कि उपद्रवियों की भीड़ के सामने चंद पुलिस कर्मी बेबस नजर आए। शाम को जब आसपास के जिलों से पुलिस बल नूंह पहुंचा, तब जाकर स्थिति नियंत्रण में आ सकी।
बता दें कि एक दिन पहले रविवार को दोहरे हत्याकांड के आरोपी मोनू मानेसर ने सोशल मीडिया पर बयान जारी करते हुए कहा था कि वह इस यात्रा में शामिल होगा। साथ ही इस यात्रा में ज्यादा से ज्यादा लोगों के पहुंचने की अपील की थी। इस बयान की प्रतिक्रिया में दूसरे समुदाय के लोगों ने इसका विरोध जताया और मोनू मानेसर को परिणाम भुगतने की चेतावनी दी थी। इससे पहले फिरोजपुर झिरका के विधायक मामन खां इंजीनियर भी विधानसभा में मोनू मानेसर को प्याज की तरह फोड़ने का बयान दे चुके थे।

तीन दशक तक शांत रहा नूंह, 31 साल पहले हुआ था दंगा
1991 में अयोध्या राम मंदिर आंदोलन के समय नूंह में सांप्रदायिक हिंसा हुई थी। उसके बाद तीन दशक तक नूंह में पूरी तरह से शांति रही। पिछले वर्ष कुछ संगठनों ने शोभायात्रा के दौरान एक धार्मिक स्थान को क्षतिग्रस्त किया था लेकिन उस वक्त अमन कमेटी की अपील पर कोई अवांछनीय घटना नहीं हुई और शांति बनी रही। क्षतिग्रस्त निर्माण की मरम्मत करा दी गई थी। सोमवार को हुए बवाल ने तीन दशक की शांति को पलीता लगाया है।
शोभायात्रा में आए लोग घंटों फंसे रहे, पुलिस ने सुरक्षित निकाला
ब्रजमंडल शोभायात्रा में शामिल होने के लिए बजरंग दल के नेताओं सहित 500 से अधिक लोग आसपास के जिलों से बसों और अन्य गाड़ियों में नूंह आए थे। इनमें भिवानी, नरवासन, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल आदि से आए लोग शामिल थे। दोपहर बाद जैसे ही उपद्रव शुरू हुआ तो शोभायात्रा में आए यह लोग जहां थे, वहीं घंटों फंसे रहे। कुछ लोगों ने थाना सदर में पहुंचकर खुद को सुरक्षित करने का प्रयास किया।
यहां पर पुलिस ने इनके गमछे आदि उतरवा दिए। शोभायात्रा में आए कुछ अन्य लोग बस में बैठकर शहर की ओर चले गए। यहां पर वह उपद्रवियों के बीच घिर गए लेकिन संयोग से एक घर में पहुंचकर उन्होंने स्वयं को सुरक्षित किया। इसके अलावा शोभायात्रा में ही आए कुछ लोगों ने नल्हड़ मंदिर में पहुंचकर खुद को सुरक्षित किया। इस दौरान यह लोग घंटों तक जहां थे वहीं फंसे रहे। पुलिस फोर्स के आने के बाद भी इन्हें सुरक्षित रूप से निकाला गया।

अर्धसैनिक बलों की 20 कंपनियां तैनात
नूंह घटना पर डीसी प्रशांत पवार ने कहा कि जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है, कर्फ्यू लगा हुआ है, अर्धसैनिक बलों की 20 कंपनियां आज जिले में तैनात हैं। राज्य के वरिष्ठ अधिकारी भी यहां मौजूद हैं। हमने जिले को सब-सेक्टर में विभाजित किया है। पुलिस और मजिस्ट्रेट की संयुक्त टीमें बनाई हैं ताकि हम जल्द से जल्द सामान्य स्थिति कायम कर सकें।
थोड़ी देर में खुल जाएंगे सोहना के बाजार
सोहना में पीस कमेटी की बैठक हुई। बैछक में दोनों पक्षों ने शांति और सद्भाव बनाने का आश्वासन दिया। डीसी निशांत कुमार यादव ने पीस कमेटी में पहुंचे लोगों से क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द बनाने की अपील की। डीसी ने कहा कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें, सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। सोहना के विधायक संजय सिंह, पूर्व विधायक तेजपाल तंवर सहित बैठक में समाज के मौजिज लोग शामिल हुए। बैठक के बाद सोहना में फ्लैग मार्च निकाला जा रहा है। सोहना में हालात सामान्य है। थोड़ी देर में बाजार खुल जाएंगे।
शांति समिति की बैठक
हरियाणा के नूंह में कल दो गुटों के बीच हुई झड़प को लेकर नूंह उपायुक्त कैंप कार्यालय में शांति समिति की बैठक हुई। नूंह एसपी नरेंद्र बिजारणिया ने कहा कि हिंदू और मुस्लिम दोनों कमेटियों को बुलाया है। पहले दोनों की अलग-अलग बैठकें की हैं और एक बार कॉमन ग्राउंड तैयार होते ही आज शाम कॉमन बैठक होगी।

सांसद राव इंद्रजीत सिंह ने की शांति बनाए रखने की अपील
सांसद राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि मेवात के लोगों ने हमेशा से भाईचारे की मिसाल कायम की है, इसको किसी भी सूरत में टूटने नहीं देना है। जिन भी लोगों ने नफरत की आग लगा कर भाईचारे के माहौल को बिगाड़ा है, उन्हें किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। मैं सभी वर्ग के लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील करता हूं।
मौलवी ने की शांति की अपील, बोले-देश एक, दोनों समुदाय बनाएं शांति
प्रदेश के नूंह जिले में हुई हिंसा के बाद अब कैथल शहर के सिरटा रोड स्थित मदनी मदरसे के मौलवी सईदर उर रहमान ने शांति की अपील की है। इस पर मौलवी का कहना है कि हमारा देश एक है। इस देश में कई समुदाय के लोग एक साथ रहते हैं। इस स्थिति में हमें आपस में सौहार्द की भावना बनाएं रखनी चाहिए। मौलवी ने कहा कि दोनों समुदाय आपस में शांति बनाएं रखें। उनकी वहां के जिला प्रशासन व सरकार से अपील है कि शांति बहाल करने के लिए लगातार कार्य करें।

सभी से अपील है कि नूंह क्षेत्र में अमन क़ायम करें। सदियों से चले आ रहे आपसी भाईचारे को न टूटने दें और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल सारे हालात पर नज़र बनाए हुए हैं। किसी तरह की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए पुलिसबल के पुख्ता इंतजाम मेवात क्षेत्र में किए जा रहे हैं।
– चौधरी जाकिर हुसैन, पूर्व विधायक, नूंह

नूंह क्षेत्र के लोगों को किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। दोनों पक्षों के लोगों को आपसी भाईचारे को कायम रखने का प्रयास करना चाहिए। प्रदेश सरकार व प्रशासन को भी मामले की गंभीरता को देखते हुए उचित कदम उठाने चाहिए।
– आफताब अहमद, कांग्रेसी विधायक, नूंह
सोनीपत पुलिस-प्रशासन अलर्ट पर
नूंह हिंसा के बाद सोनीपत पुलिस-प्रशासन अलर्ट पर है। जिले में धारा-144 लागू कर दी गई है। सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों के एकत्रित होने पर रोक लगा दी गई है। चार से अधिक लोग एक साथ एकत्रित नहीं हो सकेंगे। डीसीपी हेडक्वार्टर वीरेंद्र सिंह ने आदेश जारी किए हैं।
लगभग 60 लोगों के घायल होने की सूचना-एसपी
नूंह के जिला उपायुक्त प्रशांत पवार और एसपी नरेंद्र सिंह बिजारणिया की अध्यक्षता में शांति वार्ता की बैठक संपन्न हुई। शहर के मौजिज लोगों ने आश्वस्त किया कि हिंसा को नहीं बढ़ने देंगे, शांति व्यवस्था बनाए रखने में पूरा सहयोग करेंगे। एसपी ने आरोपियों की पहचान करने में मदद करने की शांति कमेटी के सदस्यों से अपील की है। एसपी नूंह ने बताया कि अब तक इस मामले में 16 एफआईआर दर्ज हुई हैं। लगभग 60 लोगों के घायल होने की सूचना है। इनमें से तीन गंभीर रूप से घायल हैं। जिले में अर्धसैनिक बलों की 20 कंपनियां और हरियाणा पुलिस बल की भी 20 कंपनियां तैनात हैं। उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि जारी आदेशों का पालन करें और कोई भी व्यक्ति कानून हाथ में ना लें।
राज्यसभा में भी उठा नूंह हिंसा का मुद्दा
आप सांसद सुशील गुप्ता और संजीव अरोड़ा ने राज्यसभा अध्यक्ष को नोटिस दिया है। वे राज्यसभा में नूंह हिंसा को लेकर चर्चा करना चाहते हैं।
नूंह में गोली लगने से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत
नूंह में हिंसा के दौरान गोली लगने से घायल हुए पानीपत के युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। वहीं नूंह में फंसे पानीपत के 99 लोग सुरक्षित पानीपत पहुंच गए है। वह डरे सहमे हुए है। फिलहाल वह इतना बता रहे है कि बहुत खरतनाक मंजर था, जिसको वह शब्दों में बयान नहीं कर सकते। वहीं इस उपद्रव के बाद पानीपत पुलिस भी अलर्ट हो गई। एसपी अजीत सिंह शेखावत ने सभी थाना प्रभारियों में क्षेत्र गश्त करने और संदिग्ध व्यक्ति दिखने पर उससे पूछताछ करने के आदेश दिए है।

तिकोना पार्क के पास किया था प्रदर्शन
सोमवार को नूंह में दो गुटों के बीच हुए टकराव व हिंसक झड़प के बाद बजरंग दल के सदस्यों ने तिकोना पार्क के पास प्रदर्शन किया। विधायक विनोद भयाना ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों की बात गृहमंत्री अनिल विज से करवाई थी। हालात को देखते हुए ऐतिहासिक चार कुतुब दरगाह के बाहर भारी संख्या में फोर्स तैनात की गई थी। बाद में पुलिस बल को हटा लिया गया विरोध प्रदर्शन में विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष राजेश भड़ाना, बजरंग दल के जिला संयोजक मोनू मालवाल, सतबीर वर्मा, शमशेर रामपुरा, अमन, जोनी, गुरजीत, ढोलू गुर्जर, सुनील टूटी, अश्वनी भाटिया, राजेश सैनी, विनोद खत्री, रजत शर्मा, शंकर सैनी, विक्रम वर्मा, सोनू वर्मा, सोनू सैनी सहित अन्य उपस्थित थे।
सुबह तीन बजे हिसार पहुंचे 70 श्रद्धालु
नूंह में हुई हिंसा-आगजनी में फंसे श्रद्धालु हिसार लौट आए हैं। मंगलवार तड़के 3 बजे रोडवेज की दो बसों में यह श्रद्धालु वापस हिसार पहुंचे। इन सभी को पारिजात चौक स्थित संघ कार्यालय के बाहर उतारा गया। यहां से सभी श्रद्धालु अपने अपने घरों के लिए रवाना हुए। पुलिस बल को अलर्ट रखा गया है। धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। हिसार जिले से तीन बस ब्रजमंडल की यात्रा के लिए सोमवार को रवाना हुई थी।

नूंह दंगों के बाद झज्जर पुलिस व प्रशासन अलर्ट
नूंह दगों के बाद पुलिस प्रशासन झज्जर में भी पूरी तरह से अलर्ट नजर आया। शहर में कानून व शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की तरफ से फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च में झज्जर के पुलिस स्टेशनों के कर्मचारी, महिला पुरुष कर्मचारी और पुलिस से संबंधित अन्य यूनिट के कर्मचारी शामिल हैं।
नूंह में फंसे बजरंग दल के 12 सदस्य लौटे वापस, एक के लगी चोट
नूंह में शोभायात्रा पर पथराव और फायरिंग के बाद यात्रा में फंसे सिरसा के बजरंग दल के 12 सदस्य सुबह वापस लौट आए। नूंह में दूसरे समुदाय के लोगों की ओर से उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की गई है। जबकि एक युवक के सिर पर पत्थर भी लगा है। वहीं उन्होंने हरियाणा सरकार व पुलिस प्रशासन पर भी संगीन आरोप लगाए हैं और हमलावरों से मिले होने की बात कही है। सिरसा में पहुंचे बजरंग दल के प्रांत मिलन केंद्र प्रमुख हरियाणा सुरेंद्र पूनिया ने बताया कि वह सोमवार सुबह चार बजे सिरसा से यात्रा में शामिल होने के लिए गए थे। सोमवार दोपहर करीब दो बजे नूंह में एक समुदाय की ओर से उन के काफिले पर हमला और गोलीबारी की गई। किसी तरफ से पत्थर चलाए गए तो किसी क्षेत्र से पेट्रोल बम बरसाए गए। हमलावरों ने पहले ही वहां पर पराली और अन्य बंदोबस्त किए थे। काफिले के पहुंचते ही उन्होंने अवैध हथियारों से गोलियां चला दीं। उनकी गाड़ी के आगे बस चल रही थी। जिसको हमलावरों ने आग के हवाले कर दिया। वह गाड़ी से निकलकर बाहर भाग गए और अपनी जान बचाई। उनके आसपास के लोगों को गोलियां भी लगी है। जिसके कारण कई लोगों की मौत भी हो गई। रात करीब साढ़े सात बजे सीआरपीएफ की टुकड़ी ने उन्हें वहां से निकालना शुरू किया। इसके बाद ही वह वहां से सुरक्षित निकल पाए हैं। वहीं, उन्होंने आरोप लगाए कि पुलिस भी उक्त हमलावरों के साथ मिली हुई थी। पुलिस की ओर से उन्हें रोकने के लिए कोई भी प्रयास नहीं किए गए।
नूंह हिंसा में तीन की मौत-एडीजी लॉ एंड ऑर्डर
नूंह हिंसा में अब तक तीन लोगों की मौत हुई है। इनमें दो होम गार्ड के जवान और एक आम नागरिक शामिल हैं। डीएसपी, डीसीपी समेत करीब 10 पुलिसकर्मी घायल हैं। जबकि हिंसा में 60 से अधिक लोग घायल हुए हैं। एक मीडिया संस्थान से एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ममता सिंह ने कहा कि भीड़ ने 80 से ज्यादा गाड़ियों में आग लगाई। हालात कैसे बिगड़े ये जांच का विषय है। शांति बहाल करना पहली प्राथमिता है।
मौके पर पुलिस बल पहुंच गया। स्थिति पर काबू कर लिया गया। इस मामले में जो भी आरोपी है, उनकी पहचान कर कार्रवाई की जा रही है। -आलोक मित्तल, एडीजीपी, सीआईडी
टोहाना के गांव फतेहपुरी के होमगार्ड की मौत
फतेहाबाद के टोहाना इलाके के गांव फतेहपुरी निवासी 32 वर्षीय होमगार्ड गुरसेवक सिंह की नूंह में हुई हिंसा में मौत हो गई है। पिछले महीने उसकी अस्थायी ड्यूटी गुरुग्राम के खेड़की दौला थाने में लगाई गई थी। बताया जा रहा है कि सोमवार को वह पुलिस गाड़ी में गुरुग्राम से मेवात की ओर जा रहे थे तो उपद्रवियों ने गाड़ी पर पथराव व फायरिंग कर दी। इससे दो होमगार्ड की मौत हो गई। इनमें एक गुरसेवक सिंह था। गुरसेवक अपने पिता का इकलौता बेटा था। उसके दो बच्चे हैं, जिनमें छह साल की बेटी और चार साल का बेटा है। गुरसेवक 10 साल पहले होमगार्ड लगा था। उसकी ड्यूटी पहले फतेहाबाद में ही थी। ग्रामीणों के अनुसार, सात जुलाई को उसे गुरुग्राम के खेड़की दौला थाने में भेजा गया था।
सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने पर होगी कार्रवाई : उपायुक्त
नूंह जिले में हुए सांप्रदायिक तनाव को देखते हुए जिला उपायुक्त निशांत कुमार ने लोगों को सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने जैसी पोस्ट करने के लिए मना किया है। उन्होंने कहा कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने जैसी पोस्ट करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखी हुई है।
इसी के साथ ही लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि समाज में आपसी भाईचारा बनाकर रखें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। सोशल मीडिया का प्रयोग सहयोग, आपसी भाईचारे व सौहार्द को बढ़ावा देने के लिए ही करें।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि आपके आसपास कोई भी असामाजिक तत्व संदिग्ध व्यक्ति या वाहन दिखाई दे या किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत संबंधित थाना या डायल 112 पर इसकी सूचना दें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।


More Stories
दुष्यंत चौटाला बोले- “सीआईए ने घरों में घुसकर की अभद्रता
राहुल गांधी, बोले- “यह महिलाओं को अधिकार देने का नहीं
नासिक की आईटी कंपनी में गंभीर आरोपों की जांच तेज
AKSHAYA TRITIYA 2026: अक्षय तृतीया पर आत्म विश्वास और सकारात्मक ऊर्जा के लिए ये 5 वस्तु खरीदना है शुभ!
मोबाइल छीनकर भागने वाला बदमाश गिरफ्तार, बिंदापुर पुलिस ने बरामद किए 6 मोबाइल
हाइरॉक्स बेंगलुरु में बहादुरगढ़ का जलवा, राजेश रघुवंशी ने हासिल किया चौथा स्थान