नजफगढ़/- दिल्ली निगम चुनाव में नामिनेशन के अंतिम दिन आज नजफगढ़ एसडीएम कार्यालय में प्रत्याशियों की काफी गहमागहमी देखी गई। अपने-अपने वार्डों से भाजपा व आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों के साथ-साथ कांग्रेस, बसपा, जेडीयू, एलएनजेपी व निर्दलिय उम्मीदवारों ने भी अपनी दावेदारी के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी की। नामांकन प्रक्रिया के दौरान कई वार्डों के उम्मीदवारों में बागी तेवर भी दिखाई दिये। नजफगढ़ निगम वार्ड जोन के तहत नजफगढ़ विधानसभा में भाजपा में बगावत दिखाई दी। हालांकि आम आदमी पार्टी में भी एक वार्ड में बगावत दिखाई दी है।
नजफगढ़ विधानसभा के चारों वार्डों में वैसे तो सीधे-सीधे भाजपा व आम आदमी पार्टी में मुकाबला दिखाई दे रहा है लेकिन कुछ वार्डों में निर्दलिय भी अपनी उपस्थिति दिखाने को आतुर हैं। नजफगढ़ वार्ड में वैसे तो भाजपा ने अपना प्रत्याशी अमित खड़खड़ी को बनाया है। अमित खड़खड़ी पूर्व विधायक अजीत खड़खड़ी के सुपुत्र है लेकिन पूर्व पार्षद अंतिम गहलोत को यह बात नागवार गुजरी है और उन्होने यह कहते हुए पर्चा दाखिल किया है कि उन्हे जनता ने पंचायती उम्मीदवार के रूप में पर्चा दाखिल करने के लिए निर्देश दिया है। भाजपा की बागी उम्मीदवार का यह भी कहना है कि भाजपा ने उनके साथ नाइंसाफी की है और उनके काम को दरकिनार किया गया है। उन्होने कहा कि अमित खड़खड़ी जनअपेक्षाओं पर खरे नही उतरते हैं, जनता उन्हे पसन्द करती है और जनता ने ही उन्हे पंचायती उम्मीदवार घोषित किया है। वहीं इसी वार्ड में अब तक सबसे ज्यादा उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किये है। आम आदमी पार्टी ने इस वार्ड से राजबीर डबास को अपना उम्मीदवार बनाया है जो पहले कांग्रेस में थे और कांग्रेस से नंगली सकरावती वार्ड से पार्षद भी रह चुके हैं। श्री डबास ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने दिखाया है कि वही आम जनता के लिए काम कर सकती है। और लोगों के घर तक सुविधाऐं पंहुचा रही है। अब देखना यह है कि जनता उन्हे कितना समर्थन देती है। इसके अलावा इस वार्ड से पवन सहरावत ने निर्दलिय व सतबीर शर्मा ने कांग्रेस से पर्चा दाखिल किया है। सतबीर शर्मा ने दावा किया है कि नजफगढ़ बाजार व झाड़ौदा गांव ने उन्हे अपना पूरा समर्थन दिया है।







अब बात करते हैं। रोशनपुरा वार्ड की तो यहां से भाजपा ने बांके पहलवान उर्फ देवेन्द्र डबास ने भाजपा प्रत्याशी के रूप में अपना पर्चा भरा है। बांके पहलवान ने पार्टी की नीतियों में अपना विश्वास जताया है और उन्होंने कहा कि जहां मोदी जी है वहां संशय कैसा।

जनता भाजपा के कार्यों से अनभिज्ञ नही है। आम आदमी पार्टी सिर्फ दिखावे की राजनीति करती है जबकि भाजपा विकास में विश्वास करती है। रोशनपुरा वार्ड से आप ने डा. संजय पाराशर को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। डा. पाराशर ने पर्चा भरते हुए कहा कि उनकी पार्टी ने भाजपा का घोटाला उजागर किया है। और पार्टी का हर नेता केजरीवाल जी के 10 मंत्रों पर का करेगा। हम निगम में जनता को सुशासन देंगे। इसके अलावा कांग्रेस, बसपा, जेडीयू व कई निर्दलियों ने भी अपना पर्चा भरा है। जिसमें निर्दलिय प्रत्याशी के रूप में डा नीरज वत्स पर लोगों की नजरे टिकी हुई है। डा. नीरज वत्स काफी समय से क्षेत्र में समाज कार्य से जुड़े रहे हैं।
दिचाऊं कलां वार्ड से भाजपा प्रत्याशी के रूप में नीलम कृष्ण पहलवान ने अपना पर्चा दाखिल किया है। वहीं आप ने अपने कार्यकर्ता संजय पांडे की पत्नी अनिता पांडे को टिकट दिया है।

पर्चा दाखिल करने के बाद नीलम कृष्ण पहलवान ने कहा कि भरत सिंह परिवार हमेशा जनता की आवाज बना है और दिचाऊं वार्ड में ही नही पूरी विधानसभा में अपने जनहितैषी फैसलों व बिना भेदभाव के विकास कार्य करवाने की नीति पर चलता आया है। हमने जनता की सेवा की है और आगे भी इसी तरह करते रहेंगे। इस वार्ड से जेडीयू व बसपा प्रत्याशियों ने भी अपने पर्चे भरें हैं।
अब बात करते हैं ईस्सापुर वार्ड की जहां से भाजपा प्रत्याशी के रूप में पूर्व पार्षद सुमन डागर ने पर्चा भरा है। उन्होने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास दिखाया है वह उस पर पूरी तरह से खरा उतरने की कोशिश करेंगी और भाजपा की नीतियों को जन-जन तक पंहुचायेंगी।
इस वार्ड से टिकट की प्रमुख दावेदार मानी जा रही मीना तरूण यादव ने भाजपा से बगावत कर निर्दलिय के रूप में अपना पर्चा दाखिल किया। इस अवसर पर उन्होने कहा कि उन्होने पार्षद के रूप में वार्ड में बिना भेदभाव के विकास कार्य किये हैं और क्षेत्र की पूरी जनता उनके साथ है। लेकिन भाजपा आलाकमान ने उनके काम का बदला उनकी टिकट काट कर दिया है जो बात क्षेत्र की जनता को नागवार गुजरी है और जनता ने उन्हे पंचायती उम्मीदवार बनाया है। हम आगे भी इसी तरह जनता की अपेक्षा पर खरा उतरते रहेंगे। इसके अलावा ऋतु दहिया कुंडू ने निर्दलीय, गोपाल डागर की पत्नी सीमा सोलंकी डागर ने भी अपना पर्चा भरा है।
इसके अलावा कांग्रेस, बसपा व जेडीयू के प्रत्याशियों ने भी अपना पर्चा भरा है।
नजफगढ़ विधान सभा में भाजपा व आप के बीच होगा सीधा मुकाबला
नजफगढ़ विधानसभा में आज नामांकन भरने के अंतिम दिन प्रत्याशियों में काफी उत्साह दिखाई दिया। हालांकि अधिकतर उम्मीदवारों ने ही अंतिम दिन ही अपने पर्चे दाखिल किये। लेकिन अगर मुकाबले की बात की जाये तो क्षेत्र में आम आदमी पार्टी व भारतीय जनता पार्टी के बीच सीधा मुकाबला देखा जा रहा है। हालांकि दोनो ही पार्टियों ने अपने प्रत्याशियों के चयन को लेकर सभी को चौंका दिया है। कुछ लोग इसे भाजपा के पक्ष में तो कुछ आप के हक में बता रहे हैं। हालांकि कांग्रेस व बसपा, जेडीयू व एलएनजेपी ने भी लगभग चारों वार्डों से अपने प्रत्याशी मैदान में उतारे है। वहीे बागी व निर्दलिय भी अपनी ताकत दिखाने को तैयार हैं।
स्टिंग से डरे प्रशासन ने पत्रकारों को किया परिसर में जाने से बैन
नजफगढ़ में अवैध कालोनियों को लेकर हुए स्टिंग से डरे नजफगढ़ एसडीएम ने एसडीएम कार्यालय परिसर में पत्रकारों को चुनावी कवरिंग करने से रोक दिया और उन्हे परिसर में प्रवेश भी नही करने दिया जिसकारण अधिकतर पत्रकारों में काफी रोष दिखाई दिया। और पत्रकारों ने एसडीएम पर मनमानी का आरोप लगाया। पत्रकारों ने डीएम जिला दक्षिण-पश्चिम से इस संबंध में उचित कदम उठाने की मांग की है।
नामांकन में नही दिखा प्रत्याशियो का तामझाम
चुनाव आयोग की नई गाईड लाइन के अनुसार इस बार प्रत्याशियों ने पूरी सादगी व बिना किसी तामझाम के अपने नामांकन किये। इंतजामों की समीक्षा के लिए एसडीएम अमित काले व एसडीएम अंजली सहरावत समय-समय पर निरिक्षण करते दिखाई दिये। पुलिस व सिविल डिफेंस के कर्मचारी भी कानून व्यवस्था बनाये रखने के पूरी तत्परता से जुटे रहे।


More Stories
दुष्यंत चौटाला बोले- “सीआईए ने घरों में घुसकर की अभद्रता
राहुल गांधी, बोले- “यह महिलाओं को अधिकार देने का नहीं
नासिक की आईटी कंपनी में गंभीर आरोपों की जांच तेज
20 लाख की हेरोइन के साथ महिला तस्कर और सप्लायर गिरफ्तार
फूड सर्विस और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में बदलाव की नई पहल
AKSHAYA TRITIYA 2026: अक्षय तृतीया पर आत्म विश्वास और सकारात्मक ऊर्जा के लिए ये 5 वस्तु खरीदना है शुभ!