
नई दिल्ली/उमा सक्सेना/- दिल्ली विश्वविद्यालय के रामजस कॉलेज और देशबंधु कॉलेज को बुधवार को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। दोनों कॉलेजों को तुरंत खाली करवा दिया गया और दिल्ली पुलिस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर सघन तलाशी अभियान शुरू किया। दिल्ली पुलिस के अनुसार, अब तक तलाशी में किसी भी प्रकार का संदिग्ध उपकरण या वस्तु नहीं मिली है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर कॉलेजों और आसपास के क्षेत्रों में सतर्कता बरती जा रही है।
इससे पहले 20 नवंबर को दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित संस्कृति स्कूल सहित कई स्कूलों को भी बम धमकी वाले ईमेल मिले थे। इन धमकियों के बाद स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचित किया था, जिसके बाद बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड और स्थानीय थाना पुलिस ने परिसर, भवनों और कक्षाओं में व्यापक तलाशी अभियान चलाया था।
सुरक्षा मामलों में जानकारी रखने वाले अधिकारियों के अनुसार, इससे पहले 18 नवंबर को दिल्ली के चार कोर्ट और दो स्कूलों को बम धमकी मिली थी। इस घटना के बाद अदालतों और स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। साकेत, द्वारका, पटियाला हाउस और रोहिणी स्थित अदालतों को तत्काल खाली कर गहन तलाशी अभियान चलाया गया था, लेकिन किसी भी संदिग्ध वस्तु का पता नहीं चला।
दिल्ली पुलिस ने चेतावनी दी है कि ऐसे मामलों में तुरंत प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों को सूचित किया जाए, ताकि किसी भी तरह की आपदा से समय रहते निपटा जा सके। फिलहाल, रामजस और देशबंधु कॉलेज के परिसर को पूरी तरह सुरक्षित कर पुनः छात्रों और स्टाफ के प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।





More Stories
तूफान ने किसानों की मेहनत पर फेरा पानी, अब नुकसान का आकलन.. राहत दिलाने में जुटा प्रशासन
राष्ट्रीय एकता दिवस पर ऋषिकेश पुलिस ने किया “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन, त्रिवेणी घाट पर चलाया स्वच्छता अभियान
ऋषिकेश में अमेरिकन पर्यटक का खोया हुआ बैग ढूंढकर पुलिस ने किया सकुशल सुपुर्द
चक्रवाती तूफान का असर दिल्ली तक, बारिश के बाद आई तापमान में गिरावट, हवा भी हुई साफ
दिल्ली में सरदार पटेल जयंती पर रन फॉर यूनिटी का आयोजन,केंद्रीय मंत्री ने पटेल को बताया देश की एकता का सूत्रधार
मंगोलपुरी की जूता फैक्ट्री में लगी भीषण आग, चार लोगों की मौत