
नजफगढ़ मैट्रो न्यूज/नई दिल्ली/शिव कुमार यादव/- भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने 105 घंटे में 75 किलोमीटर लंबी सीमेंट की सड़क बनाकर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया है। केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने एलान किया कि एनएचएआई ने एनएच-53 पर 105 घंटे और 33 मिनट में 75 किमी लंबी सिंगल लेन में बिटुमिनस कंक्रीट बिछाने का एक नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है।
गडकरी ने ट्विटर पर साझा किए गए एक वीडियो संदेश में कहा, ’भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने पर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत एनएचएआई ने एक विश्व रिकॉर्ड बनाया है जिसे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने प्रमाणित किया गया है।’ गडकरी ने एनएचएआई की परियोजना के कुशल क्रियान्वयन के लिए प्राधिकरण और राज पथ इंफ्राकॉन प्राइवेट लिमिटेड के सभी इंजीनियरों, ठेकेदारों, सलाहकारों और श्रमिकों को बधाई दी।
75 किलोमीटर लंबी एकल लेन बिटुमिनस कंक्रीट रोड को अगर दो लेन की पक्की रोड के हिसाब से देखें तो इसकी कुल लंबाई 37.5 किमी होती है। इसे बनाने का काम 3 जून 2022 को सुबह 7ः27 बजे शुरू हुआ था और यह 7 जून को शाम 5 बजे पूरा हुआ।
इसके निर्माण में 2,070 मीट्रिक टन बिटुमेन से युक्त 36,634 मीट्रिक टन के मिश्रण का उपयोग किया गया। इसे स्वतंत्र सलाहकारों की एक टीम सहित 720 श्रमिकों ने पूरा किया। इस रिकॉर्ड को बनाने के लिए इन सभी ने दिन-रात काम किया था।
गडकरी ने बताया कि इससे पहले बिटुमिनस सड़क निर्माण का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड फरवरी 2019 में दोहा, कतर में बना था। वहां 25.275 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई गई थी। इसे पूरा करने में 10 दिन लगे थे।
गडकरी ने बताया कि अमरावती को एनएच 53 के हिस्से के रूप में अकोला खंड में जोड़ा गया है। यह एक महत्वपूर्ण पूर्व-पूर्व गलियारा है जो कोलकाता, रायपुर, नागपुर और सूरत जैसे प्रमुख शहरों को जोड़ता है। पूरा हो जाने के बाद यह इस मार्ग पर यातायात और माल की आवाजाही को आसान बनाने में प्रमुख भूमिका निभाएगा।





More Stories
सतपाल जी महाराज आध्यात्मिक गुरु के साथ साथ लोककल्याण की भावना के प्रतीक हैं – पुष्कर सिंह धामी
UP : सुल्तानपुर में अंकुरण रसोई के माध्यम से 300 जरूरतमंदों को मिला भोजन
कालकाजी गैंगरेप: जन्मदिन की खुशी चीखों में बदली, केक काटकर मंदिर गई थी किशोरी; पुलिसवाले बनकर आए थे दरिंदे
”नजफगढ़ को ₹25 करोड़ की सौगात, सीएम रेखा गुप्ता ने किया शुभारंभ”
दिल्ली में MCD का ताबड़तोड़ एक्शन, इस फेमस इलाके में 54 ज्वेलरी शॉप सील, जूलर्स में मचा हड़कंप
फरीदाबाद से दबोचा गया दहेज मामले में घोषित भगोड़ा आरोपी