
नजफगढ़ मेट्रो न्यूज/नई दिल्ली/शिवकुमार यादव । दिल्ली देहात में कृषि भूमि के सर्किल रेट बढ़ाने की मांग को लेकर किसान संघर्ष समिति कंझावला का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। धरने के 77वें दिन 1 नवंबर को किसानों ने गांव-देहात में ट्रैक्टर-बाइक रैली निकालकर अपनी एकजुटता और ताकत का प्रदर्शन किया। रैली में विभिन्न गांवों के किसानों, ग्रामीणों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
रैली को बॉलीवुड अभिनेता एवं दिल्ली देहात के बेटे परवीन डबास ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने किसानों की जमीन, सम्मान और अधिकारों की लड़ाई के प्रति अपना समर्थन जताया। वहीं, निगम पार्षद संदीप डबास भी पूरी रैली के दौरान किसानों के साथ मौजूद रहे और आंदोलन को अपना सहयोग दिया।

गांव-गांव में हुआ रैली का स्वागत
ट्रैक्टरों और बाइकों के काफिले के साथ निकली इस रैली के दौरान गांवों में ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया। किसानों ने कहा कि दिल्ली देहात के लोग अपनी जमीन, सम्मान और अधिकारों की लड़ाई के लिए एकजुट हैं। कृषि भूमि के सर्किल रेट में उचित बढ़ोतरी की मांग को लेकर उनका संघर्ष जारी रहेगा। समिति के अनुसार, गांवों में मिले व्यापक समर्थन से आंदोलन को और मजबूती मिली है।
15 नवंबर को एसडीएम कोर्ट के सामने महापंचायत

रैली के बाद किसान संघर्ष समिति ने आंदोलन को अगले चरण में ले जाने का ऐलान किया है। आगामी 15 नवंबर 2026 को कंझावला एसडीएम कोर्ट के सामने महापंचायत आयोजित की जाएगी। समिति ने दिल्ली देहात के सभी गांवों के किसानों, नौजवानों, बुजुर्गों और महिलाओं से महापंचायत में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है।
किसान संघर्ष समिति कंझावला ने कहा कि यह लड़ाई केवल सर्किल रेट बढ़ाने की नहीं, बल्कि किसानों की जमीन, सम्मान और उचित मुआवजे के अधिकार की लड़ाई है। समिति ने अपना नारा दोहराते हुए कहा— “हमारी जमीन, हमारा सम्मान, उचित मुआवजा हमारा अधिकार है।”






More Stories
कपासहेड़ा के मोहित यादव ने अंतरराष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में जीता कांस्य पदक
NI एक्ट के मामले में सुनवाई से बच रहा घोषित भगोड़ा आरोपी गिरफ्तार
नजफगढ़ के खैरा में कथित गोहत्या के आरोप से मचा हड़कंप, इलाके में तनाव
एक दिन, पांच आयोजन—हर ओर दिखी बीआरजी की मौजूदगी, धावकों ने बढ़ाया बहादुरगढ़ का मान
महेंद्रगढ़ स्थापना दिवस रैली को लेकर जेजेपी गुरुग्राम ने कसी कमर, पी.एस. गार्डन में हुई महत्वपूर्ण बैठक
नजफगढ़ में अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी, ई-रिक्शा से सप्लाई कर रही महिला गिरफ्तार