
नजफगढ़ मेट्रो न्यूज/बहादुरगढ़, शिवकुमार यादव। उत्तराखंड के हिमालयी क्षेत्र में 25 अक्टूबर को आयोजित आदि कैलाश परिक्रमा रन-2.0 में बहादुरगढ़ रनर्स ग्रुप (बीआरजी) के धावकों ने शानदार प्रदर्शन कर शहर का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में कर्नल कृष्ण बधवार ने 70 किलोमीटर की अल्ट्रा परिक्रमा दौड़ में अपने आयु वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया और एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार जीता। वहीं, महेश चंद ने 42 किलोमीटर की मैराथन में अपने आयु वर्ग में दूसरा स्थान प्राप्त कर 25 हजार रुपये का पुरस्कार अपने नाम किया।
बीआरजी के संस्थापक एवं फिट इंडिया एंबेसडर दीपक छिल्लर ने बताया कि समुद्र तल से करीब 14 हजार फीट की ऊंचाई पर आयोजित इस दौड़ में कम ऑक्सीजन, दुर्गम पहाड़ी रास्तों और कठिन मौसम जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। ऐसी परिस्थितियों में दोनों धावकों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से बेहतरीन प्रदर्शन किया। उनकी उपलब्धि से पूरे बीआरजी परिवार में खुशी का माहौल है।
70 किलोमीटर अल्ट्रा दौड़ में कर्नल बधवार ने मारी बाजी
कर्नल कृष्ण बधवार ने 70 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण अल्ट्रा परिक्रमा दौड़ पूरी कर अपने आयु वर्ग में पहला स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि के लिए उन्हें एक लाख रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
कर्नल बधवार ने आदि कैलाश की पावन भूमि और हिमालय की वादियों के बीच दौड़ने के अनुभव को अविस्मरणीय बताया। उन्होंने ईश्वर का आभार जताते हुए आयोजन से जुड़े लोगों और साथी धावकों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि विश्वास, दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से उम्र किसी के हौसले के आड़े नहीं आती।
महेश चंद ने 5 घंटे 17 मिनट में पूरी की मैराथन
बीआरजी के धावक महेश चंद ने 42 किलोमीटर की मैराथन को 5 घंटे 17 मिनट 16 सेकंड में पूरा किया। उन्होंने अपने आयु वर्ग में दूसरा स्थान प्राप्त किया और 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार जीता।
महेश चंद ने कहा कि आदि कैलाश की पावन और चुनौतीपूर्ण धरती पर मिली यह उपलब्धि उनके लिए हमेशा यादगार रहेगी। कठिन परिस्थितियों में दौड़ पूरी करना उनके लिए गर्व का अनुभव है।
बीआरजी परिवार ने दी बधाई
दीपक छिल्लर और बहादुरगढ़ रनर्स ग्रुप के सदस्यों ने दोनों धावकों को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी और उनके जज्बे की सराहना की। छिल्लर ने कहा कि हिमालय की कठिन परिस्थितियों में हासिल की गई यह सफलता अन्य धावकों को भी बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, नियमित अभ्यास करने और निरंतर मेहनत के लिए प्रेरित करेगी।





More Stories
दिल्ली में वकील-पुलिस विवाद के बीच दो अधिकारियों का तबादला, ACP मनस्वी वशिष्ठ SPUWAC भेजीं गईं
दिल्ली: दिवाली से पहले मिलावटखोरों पर पुलिस का शिकंजा, करावल नगर में 221 किलो संदिग्ध घी बरामद, एक गिरफ्तार
तीस हजारी कोर्ट के पास 24.90 लाख रुपये की लूट का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार
ऑपरेशन मिलाप: 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद लापता 13 वर्षीय बच्ची सकुशल मिली
नॉर्थ जिला पुलिस की तीन कार्रवाइयों में पांच आरोपी गिरफ्तार, आठ मामले सुलझाने का दावा
मुख्यमंत्री धामी ने कीर्तिनगर के मलेथा में भाजपा कार्यालय पहुंचकर पार्टी प्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों से की मुलाकात