
नजफगढ़ मेट्रो न्यूज/नई दिल्ली/नॉर्थ जिला ब्यूरो,। दिल्ली पुलिस के नॉर्थ जिले ने सड़क पर होने वाले अपराधों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग अभियानों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सिविल लाइंस और बुराड़ी थाना पुलिस की इन कार्रवाइयों में पुलिस ने आठ आपराधिक मामलों को सुलझाने का दावा किया है। आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर दो छीने गए मोबाइल फोन, तीन चोरी की मोटरसाइकिलें, एक चोरी की होंडा एविएटर स्कूटी और दो अवैध चाकू बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, पांचों आरोपी पहले भी कुल 22 आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं।

पुलिस उपायुक्त निहारिका भट्ट के अनुसार, आरोपियों तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच, तकनीकी निगरानी, स्थानीय सूचना तंत्र और रात में गश्त का सहारा लिया गया। पुलिस ने इन अभियानों के दौरान मोबाइल छीनने, वाहन चोरी और अवैध हथियार रखने से जुड़े मामलों की जांच आगे बढ़ाई।
महिला का आईफोन छीनने के मामले में दो आरोपी पकड़े
पुलिस के मुताबिक, 26 अक्टूबर को अरुणा आसफ अली अस्पताल के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला का आईफोन-16 छीन लिया था। इस संबंध में सिविल लाइंस थाने में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की।
कार्रवाई के दौरान तुषार (22) को मोरी गेट इलाके से पकड़ा गया। उसके पास से वेलकम थाना क्षेत्र से चोरी की गई होंडा लिवो मोटरसाइकिल बरामद हुई। इसके बाद उसके साथी अमित (23) को जगजीत नगर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने अमित की निशानदेही पर छीना गया आईफोन-16 बरामद किया। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों ने पिछले महीने सिविल लाइंस क्षेत्र में हुई दो अन्य मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं में भी अपनी कथित संलिप्तता बताई है।
गश्त के दौरान चाकू के साथ आरोपी गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई में सिविल लाइंस थाना पुलिस की टीम 26 अक्टूबर की रात आउटर रिंग रोड पर गश्त कर रही थी। रात करीब 11:30 बजे सीएनजी पंप के यू-टर्न के पास पुलिस को होंडा एविएटर स्कूटी पर सवार एक व्यक्ति संदिग्ध लगा। पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया।
आरोपी की पहचान अमर (23), निवासी राम पार्क, गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से बटन से खुलने वाला चाकू बरामद हुआ। जांच में स्कूटी मॉडल टाउन थाना क्षेत्र से चोरी की पाई गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में कथित तौर पर स्नैचिंग करने के इरादे से इलाके में आने की बात बताई। इस मामले में सिविल लाइंस थाने में आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

बुराड़ी में दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी की बाइकें बरामद
तीसरी कार्रवाई बुराड़ी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर की। पुलिस टीम ने पुश्ता रोड के पास जाल बिछाकर टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार अजीम उर्फ नन्हे (26) और आदिल (22) को गिरफ्तार किया। दोनों उत्तर-पूर्वी दिल्ली की श्रीराम कॉलोनी, खजूरी खास के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान उनके पास से एक छीना गया मोबाइल फोन और स्प्रिंग से खुलने वाला चाकू बरामद हुआ। जांच में उनके पास मौजूद मोटरसाइकिल बुराड़ी थाना क्षेत्र से चोरी की पाई गई। आगे की जांच में आरोपियों की निशानदेही पर दयालपुर थाना क्षेत्र से चोरी की एक अन्य मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। इस कार्रवाई में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा
पुलिस के अनुसार, तुषार के खिलाफ गांधी नगर, जाफराबाद और कश्मीरी गेट थानों में चार मामले दर्ज हैं, जबकि अमित के खिलाफ न्यू उस्मानपुर और आनंद विहार थानों में तीन मामले दर्ज हैं। अमर के खिलाफ लूट के दो मामले दर्ज बताए गए हैं। अजीम उर्फ नन्हे के खिलाफ लूट, झपटमारी और चोरी समेत 12 मामले दर्ज हैं, जबकि आदिल पहले हत्या के प्रयास के एक मामले में शामिल रहा है।
पुलिस का कहना है कि तीनों कार्रवाइयों में कुल आठ मामलों को सुलझाया गया है। बरामद वाहनों और मोबाइल फोन की चोरी से संबंधित मामलों की जांच जारी है।





More Stories
तीस हजारी कोर्ट के पास 24.90 लाख रुपये की लूट का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार
ऑपरेशन मिलाप: 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद लापता 13 वर्षीय बच्ची सकुशल मिली
मुख्यमंत्री धामी ने कीर्तिनगर के मलेथा में भाजपा कार्यालय पहुंचकर पार्टी प्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों से की मुलाकात
गाजियाबाद: पुलिस और बावरिया गिरोह की मुठभेड़, एक लाख का इनामी बदमाश धर्मेंद्र ढेर; तीन पुलिसकर्मी भी घायल
दिवाली और छठ के लिए रेलवे ने चलाई स्पेशल ट्रेनें, ये रहेगा रूट, यहां देखें ट्रेनों की लिस्ट
हल्द्वानी में भव्य समारोह के साथ सम्पन्न हुआ पांच दिवसीय कुमाऊं द्वार महोत्सव, आयुक्त कुमाऊं दीपक रावत रहे मुख्य अतिथि