नजफगढ़ मेट्रो न्यूज/नई दिल्ली/ब्यूरो, : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के लिए जंतर-मंतर जा रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत विपक्ष के कई सांसदों को बुधवार शाम दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया. INDIA ब्लॉक के सांसदों ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर से बुलाई गई बैठक के बाद जंतर-मंतर की ओर मार्च शुरू किया था. प्रदर्शन के दौरान पुलिस और विपक्षी नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई. पूरे इलाके में BNS की धारा 163 लागू होने के चलते पुलिस ने पहले ही साफ कर दिया था कि निर्धारित प्रदर्शन स्थल की ओर बढ़ने पर कार्रवाई की जाएगी.
दोपहर में जनपथ स्थित सागर रत्ना रेस्टोरेंट में लंच के साथ विपक्षी सांसदों की रणनीति तैयार हुई. फिर शाम करीब 4 बजे एक बस में खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य विपक्षी सांसद जंतर-मंतर के लिए रवाना हुए. रास्ते में पुलिस ने बसों को रोक दिया. .

शाम करीब 5 बजे राहुल गांधी जंतर-मंतर की ओर पैदल बढ़े. उनके साथ INDIA ब्लॉक के बड़ी संख्या में सांसद और समर्थक मौजूद थे. जंतर-मंतर के पास पहले से भारी पुलिस बल तैनात था. पुलिस ने नारेबाजी कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एक-एक कर हिरासत में लेना शुरू किया. इसके बाद राहुल गांधी और पुलिस अधिकारियों के बीच भी बहस हुई. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने प्रियंका गांधी के साथ धक्का-मुक्की की.
करीब 6 बजे राहुल गांधी को पुलिस ने हिरासत में लेकर बस में बैठाया. उन्हें छत्रसाल स्टेडियम ले जाने की तैयारी की गई, लेकिन रास्ते में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बस को कथित तौर पर पंचर कर दिया. इसके बाद राहुल गांधी को दूसरी बस से ले जाने की बात सामने आई. शाम करीब 7:15 बजे उन्हें बाराखंभा थाने ले जाया गया.
वहीं, प्रियंका गांधी ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें कई जगह खरोंचा और जमीन पर पटककर वहां से हटाने की कोशिश की. प्रियंका ने कहा कि विपक्षी सांसद केवल चुनाव आयुक्तों से मुलाकात कर अपनी बात रखना चाहते हैं, लेकिन सरकार उन्हें प्रदर्शन तक नहीं करने दे रही.
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस और विपक्ष जितनी बार सड़क पर उतरना पड़े, गिरफ्तार होना पड़े या मुकदमों का सामना करना पड़े, वह इसके लिए तैयार हैं. उन्होंने सरकार और चुनाव आयोग के बीच कथित गठजोड़ का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और कार्रवाई की मांग दोहराई.

राहुल गांधी ने दावा किया कि विपक्षी सांसदों ने तीनों चुनाव आयुक्तों से मुलाकात की कोशिश की थी, लेकिन उन्हें मिलने से इनकार कर दिया गया. उन्होंने कहा कि उनके लिए ज्ञानेश कुमार वैध चुनाव आयुक्त नहीं हैं और उन्हें इस्तीफा देना होगा. राहुल ने अपने खिलाफ दर्ज FIR का जिक्र करते हुए कहा कि अब तक उनके खिलाफ 45 FIR दर्ज की जा चुकी हैं और वह 100 FIR के लिए भी तैयार हैं.
उधर, बीजेपी ने विपक्ष के प्रदर्शन को अराजकता फैलाने की कोशिश बताया. बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी राहुल गांधी पर असामाजिक तत्वों के साथ काम करने और अराजकता फैलाने का आरोप लगाया. बीजेपी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान नहीं करने का आरोप लगाया.
रात करीब 7:00 बजे राहुल गांधी को बाराखंभा थाने के दूसरे गेट से बाहर निकाला गया. इस दौरान उनके साथ दिल्ली पुलिस के जवानों के बजाय निजी सुरक्षा कर्मी नजर आए. वहीं, प्रियंका गांधी भी छत्रसाल स्टेडियम से बाहर आ गईं. दिनभर चले इस घटनाक्रम के बाद विपक्ष ने साफ किया कि CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ उसका विरोध आगे भी जारी रहेगा.
S





More Stories
सेवा संकल्प अभियान के तहत गांव गुभाना में लोकहित समिति द्वारा रक्तदान शिविरका आयोजन किया गया।
सीमापुरी हादसे ने बेनकाब किया अवैध कमर्शियल गतिविधियों का मकड़जाल, कागजों पर FAR का गणित व जमीन पर जानलेवा निर्माण
एक्टर नाना पाटेकर का 75 साल की उम्र में निधन, गोवा में ली अंतिम सांस
5 किलो से ज्यादा गांजा के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार,
11 अक्टूबर को बहादुरगढ़ बनेगा हरियाणा सफाई महाकुंभ में भागीदार, गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की तैयारी: डीसी
द्वारका में वाहन चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; चोरी का टाटा ऐस बरामद