हरियाणा/झज्जर/उमा सक्सेना/- सुरहा गांव में शादी के महज चार दिन बाद ही एक दुल्हन द्वारा ससुराल पक्ष को बेहोश कर घर का कीमती सामान लेकर फरार होने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आरोप है कि नवविवाहिता ने पहले से रची योजना के तहत परिवार के लोगों को खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर अचेत कर दिया और फिर जेवरात व नकदी समेटकर भागने की कोशिश की। हालांकि गांव के लोगों की सतर्कता और सूझबूझ से उसकी साजिश सफल नहीं हो पाई और उसे उसके परिजनों सहित दबोच लिया गया।

जानकारी के मुताबिक, सुरहा निवासी हरकेश की शादी पंजाब के अमृतसर की रहने वाली पलविंद्र कौर से एक बिचौलिये के जरिए कराई गई थी, जिसके बदले करीब डेढ़ लाख रुपये का लेन-देन हुआ था। शादी के कुछ ही दिनों बाद मंगलवार रात दुल्हन ने घर में बने खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया, जिससे पति, सास और अन्य सदस्य बेहोश हो गए। परिवार के अचेत होते ही वह घर में रखे आभूषण और नकदी लेकर पहले से तैयार खड़ी एक गाड़ी में सवार होकर निकलने लगी।
इसी दौरान उसकी गतिविधियों पर पड़ोसियों को शक हुआ। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और कुछ दूरी पर दुल्हन, उसकी मां और भाई को पकड़ लिया, जबकि उसका मामा मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि भागने के लिए वाहन की व्यवस्था पहले से की गई थी, जिससे पूरे घटनाक्रम को सुनियोजित साजिश माना जा रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां दुल्हन की मां को एक दिन के रिमांड पर भेजा गया, जबकि दुल्हन और उसके भाई को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कहीं इस गिरोह ने पहले भी इस तरह की ठगी की वारदातों को अंजाम तो नहीं दिया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी महिला पहले से विवाहित थी और पति की मृत्यु के बाद उसने अपने परिजनों के साथ मिलकर धोखाधड़ी की योजना बनाई थी।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।


More Stories
NDPC मामले में फरार घोषित अपराधी हुआ गिरफ्तार
वृद्धावस्था की गति को धीमा करने में नाड़ीशोधन प्राणायाम प्रभावी- डॉ. रमेश कुमार
“International Yoga Day” पर डॉ. किरण छिल्लर ने बढ़ाया बहादुरगढ़ का मान!
मोहन गार्डन पुलिस ने शातिर चोर को दबोचा, किया कई मामलों का खुलासा
द्वारका पुलिस की एंटी-बर्गलरी सेल ने हथियार मामले का घोषित अपराधी को किया गिरफ्तार
बिंदापुर पुलिस ने सक्रिय बदमाश को धर दबोचा