नई दिल्ली/उमा सक्सेना/- श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय ने अखिल भारतीय विश्वविद्यालय योगासन प्रतियोगिता 2025–26 में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। तमिलनाडु के चेन्नई स्थित वेल्स विश्वविद्यालय में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के योग विज्ञान विभाग के बी.ए. योग के छात्र ओम केसरवानी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया और रजत पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि से न केवल छात्र बल्कि पूरे विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है।

कुलपति सहित विश्वविद्यालय प्रशासन ने दी बधाई
छात्र की इस महत्वपूर्ण सफलता पर विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. मुरली मनोहर पाठक ने ओम केसरवानी एवं प्रतियोगिता में साथ गए शिक्षकों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय में योग शिक्षा की गुणवत्ता, अनुशासन और समर्पित प्रशिक्षण का प्रमाण है।
प्रशिक्षण और मार्गदर्शन की रही अहम भूमिका
इस सफलता के पीछे खेल अधिकारी प्रो. विनोद शर्मा, प्रतियोगिता संयोजक डॉ. रतनलाल तथा योग विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो. मार्कण्डेय नाथ तिवारी का विशेष योगदान रहा। इन सभी ने विजेता छात्र ओम केसरवानी, टीम कोच डॉ. रमेश कुमार और टीम मैनेजर प्रो. सुदर्शनन एस को भी शुभकामनाएं दीं। उनके कुशल नेतृत्व, सतत प्रशिक्षण और प्रेरणादायी मार्गदर्शन ने छात्र को इस मुकाम तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विश्वविद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल
इस उपलब्धि के बाद विश्वविद्यालय परिसर में उत्साह और गर्व का वातावरण देखने को मिला। विश्वविद्यालय परिवार ने ओम केसरवानी सहित पूरी योग विज्ञान टीम को इस गौरवपूर्ण सफलता के लिए बधाई देते हुए भविष्य में और भी श्रेष्ठ उपलब्धियाँ हासिल करने की कामना की है। यह सफलता आने वाले समय में अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।


More Stories
द्वारका पुलिस की बड़ी कार्रवाई!
बिंदापुर पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर चोर
द्वारका पुलिस की बड़ी कार्रवाई!
आध्यात्मिक राजधानी बनने की ओर उत्तराखंड!
”उत्तराखंड में विकास कार्यों को मिली ₹150 करोड़ की मंजूरी”
खैनूरी सड़क-Chamoli Disaster Update मरम्मत के निर्देश!