रुद्रप्रयाग/अनीशा चौहान/- घोलतीर बस दुर्घटना में लापता लोगों की तलाश के तीसरे दिन श्रीनगर/कीर्ति नगर डैम क्षेत्र में एक युवती का शव बरामद किया गया है। यह युवती 19 वर्षीय मौली सोनी थी, जो गुजरात के पुना कुंभारिया रोड स्थित सिलिकॉन पैलेस बॉम्बे मार्केट की निवासी थीं।

बीते 26 जून को बद्रीनाथ हाईवे पर घोलतीर के पास एक मिनी बस अलकनंदा नदी में गिर गई थी, जिसमें कई यात्री लापता हो गए थे। तब से लगातार जिला पुलिस, फायर सर्विस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और जल पुलिस की टीमें संयुक्त रूप से सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।
शनिवार को रेस्क्यू अभियान के दौरान श्रीनगर/कीर्ति नगर डैम क्षेत्र में अलकनंदा नदी में एक शव दिखाई दिया, जिसे जनपद पौड़ी गढ़वाल पुलिस द्वारा नदी से बाहर निकाला गया। इसके बाद पहचान की कार्रवाई की गई, जिसमें शव की पुष्टि मौली सोनी के रूप में हुई। कीर्ति नगर पुलिस और श्रीकोट अस्पताल के सहयोग से शव का पंचायतनामा व पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
एसपी रुद्रप्रयाग अक्षय प्रल्हाद कोंडे ने जानकारी दी कि शेष लापता लोगों की खोजबीन के लिए सर्च अभियान लगातार जारी है। दुर्घटनास्थल से लेकर श्रीनगर तक अलकनंदा नदी के किनारे-किनारे विभिन्न बिंदुओं पर वॉचर्स की नियुक्ति की गई है, ताकि किसी भी सुराग को तुरंत पकड़ा जा सके।
घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और प्रशासन की ओर से लगातार राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाई जा रही है। अब तक कुल तीन शव बरामद हो चुके हैं, जबकि अन्य लापता यात्रियों की तलाश जारी है।


More Stories
AKSHAYA TRITIYA 2026: अक्षय तृतीया पर आत्म विश्वास और सकारात्मक ऊर्जा के लिए ये 5 वस्तु खरीदना है शुभ!
मोबाइल छीनकर भागने वाला बदमाश गिरफ्तार, बिंदापुर पुलिस ने बरामद किए 6 मोबाइल
हाइरॉक्स बेंगलुरु में बहादुरगढ़ का जलवा, राजेश रघुवंशी ने हासिल किया चौथा स्थान
बीपीएमएस के 39वें शिविर में 215 मरीजों की जांच, 30 को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए दिल्ली भेजा
चोरी के मोबाइल बेचने जा रहा युवक को द्वारका पुलिस ने धर दबोचा
नजफगढ़ वार्ड में धूमधाम से मनाई गई बाबा साहब अंबेडकर जयंती