अनीशा चौहान/- भारत और पाकिस्तान के बीच अघोषित युद्ध की स्थिति बन चुकी है। बीते दो रातों से पाकिस्तान की सेना ने भारत के सैन्य और नागरिक ठिकानों को निशाना बनाने की नाकाम कोशिश की है। हालांकि, भारतीय सेना ने हर बार उनके हमलों को मुंहतोड़ जवाब देते हुए सभी प्रयास विफल कर दिए।
इस पूरे घटनाक्रम पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा, “अब बहुत नुकसान हो चुका है। पाकिस्तान को अब समझदारी दिखानी चाहिए और अपने हथियार डाल देने चाहिए। वरना उन्हें ही भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।”
मुख्यमंत्री उमर ने पाकिस्तान पर आम नागरिकों को निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए कहा, “उन्होंने ड्रोन का इस्तेमाल कर नागरिक इलाकों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। लेकिन हमारे सुरक्षाबलों ने सभी ड्रोन को मार गिराया। अनंतनाग के गोला-बारूद डिपो को भी निशाना बनाया गया, लेकिन उनके मंसूबे नाकाम रहे। हमने यह स्थिति शुरू नहीं की, हमें जवाब देना पड़ा क्योंकि पहलगाम में निर्दोष लोग मारे गए।”
उन्होंने आगे कहा, “पाकिस्तान इस स्थिति को और भड़काने की कोशिश कर रहा है, लेकिन इसका उन्हें कोई लाभ नहीं होगा। उन्हें तनाव बढ़ाने के बजाय डी-एस्केलेशन की दिशा में सोचना चाहिए।”
जम्मू को पहली बार बनाया गया निशाना
उमर अब्दुल्ला ने कहा, “पहलगाम में निर्दोष लोगों पर हमला हुआ। हमें इसका जवाब देना ही था। अब पाकिस्तान इसे और बढ़ा रहा है। ये उनके लिए ही नुकसानदेह होगा। उन्हें समझदारी से काम लेना चाहिए और हिंसा को तुरंत रोक देना चाहिए।”
पीड़ितों से मिले उमर, राहत शिविरों का लिया जायजा
शुक्रवार को मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला जम्मू दौरे पर थे। उन्होंने पाकिस्तान की गोलाबारी से घायल लोगों का अस्पताल जाकर हाल जाना। साथ ही वे उन राहत शिविरों में भी पहुंचे जहां गोलाबारी के बाद लोग शरण लिए हुए हैं। इस दौरान उन्होंने शिविर में मौजूद बच्चों के साथ क्रिकेट खेलते हुए भी कुछ समय बिताया।
गौरतलब है कि 7 मई की रात को पाकिस्तान की ओर से पुंछ, सांबा सहित कई इलाकों में जबरदस्त गोलाबारी की गई थी, जिसमें 13 निर्दोष नागरिकों की जान चली गई। पाकिस्तान की इस नापाक हरकत के बाद भारत की ओर से जवाबी कार्रवाई की गई है, जिससे सीमा पर तनाव बढ़ा हुआ है।


More Stories
रेवंत रेड्डी की अमेरिका यात्रा रद्द, केंद्र से नहीं मिली मंजूरी!
ओवरस्टे मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, 2024 में घोषित हुआ था PO
छात्रों की 26 मांगों को लेकर NSUI ने सौंपा ज्ञापन
एसपी ऋषिकेश ने कांवड़ यात्रा मार्ग का किया निरीक्षण
UGC रोल बैक पर सरकार झुकी, करणी सेना की दो मांगें मंजूर
भूमि बेचने के नाम पर 65 लाख की ठगी, एक आरोपी गिरफ्तार