नई दिल्ली/अनिशा चौहान/- शनिवार को राजधानी भीषण गर्मी की चपेट में रही। इससे अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मौसम विभाग ने रविवार से मंगलवार तक तीन दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान दिल्ली के ज्यादातर इलाके लू की चपेट में रहेंगे। बुधवार को भी येलो अलर्ट है। इसलिए अगले चार दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को आसमान साफ रहेगा और दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में लू चलेगी। इस दौरान कुछ स्थानों पर भीषण लू भी चल सकती है। दिन में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना है।
जानिए कब से मिलेगी राहत
मौसम विभाग के अनुसार, 20 जून से गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। 20 जून को धूल भरी आंधी व हल्की वर्षा हो सकती है। तब तापमान दो से ढाई डिग्री सेल्सियस कम होगा। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में अधिकतम तापमान 44.6डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक है।
जून में पांचवें दिन चली लू
अधिकतम तापमान सामान्य से साढ़े चार डिग्री सेल्सियस अधिक होने पर लू मानी जाती है। इस बार जून में यह पांचवां दिन है जब लू चली। इससे पहले वर्ष 2014 में जून में सात दिन लू चली थी। लिहाजा, पिछले दस वर्षों में इस माह अब तक लू सबसे ज्यादा चली है।
दिल्ली में कितना रहा तापमान
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है। दिल्ली में अधिकतम तापमान सबसे अधिक पीतमपुरा में 46.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजघाट के पास अधिकतम तापमान सबसे कम 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वैसे दिल्ली में हीट इंडेक्स 48 रहा।


More Stories
डीएवी पब्लिक स्कूल के नन्हे-मुन्नों ने लिया रेन डांस का मजा
डीएवी पब्लिक स्कूल के बच्चों ने मदर्स डे पर की दिल छूने वाली गतिविधि
नजफगढ़ में ड्रग्स माफियाओं के अवैध निर्माण पर चला पीला पंजा
द्वारका में चल रहा सह-योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर
खेती व किसान के हित में दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला सराहनीय थान सिंह यादव
नाइट रनर दिल्ली 2026 में बीआरजी का दबदबा