
उत्तर प्रदेश/उमा सक्सेना/- उत्तर प्रदेश के सीतापुर ज़िले से मंगलवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। महमूदाबाद ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय नदवा के प्रधानाध्यापक ने बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) अखिलेश प्रताप सिंह पर उनके ही दफ्तर में बेल्ट से हमला कर दिया। आरोपी शिक्षक को पुलिस ने मौके से पकड़कर जेल भेज दिया है।
22 सेकेंड में तीन प्रहार, फोन भी तोड़ा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी प्रिंसिपल बृजेंद्र कुमार वर्मा बीएसए के दफ्तर में पहुंचे थे। जब अधिकारी ने उनकी लापरवाही पर फटकार लगाई तो वह बुरी तरह भड़क उठे। देखते ही देखते उन्होंने कमर से बेल्ट निकालकर बीएसए पर लगातार तीन बार वार किया। इस दौरान जब अधिकारी ने पुलिस को फोन मिलाने की कोशिश की तो आरोपी ने मोबाइल छीनकर तोड़ डाला। इतना ही नहीं, बीएसए की मेज़ पर रखे सरकारी कागजात भी फाड़ दिए।
लिपिक से भी हाथापाई
घटना के समय दफ्तर में मौजूद लिपिक प्रेम शंकर मौर्य ने बीचबचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपी प्रधानाध्यापक ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की की। चीख-पुकार सुनकर अन्य कर्मचारी दौड़कर अंदर आए और किसी तरह आरोपी को काबू में किया। तुरंत पुलिस को बुलाया गया और आरोपी कोतवाली ले जाया गया।
मामला दर्ज, जांच शुरू
बीएसए की शिकायत पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ जान से मारने की धमकी, सरकारी अभिलेख नष्ट करने और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इंस्पेक्टर अनूप शुक्ला ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लिया गया है और मामले की गहन जांच चल रही है। वहीं, देर शाम बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया।
विवाद की जड़: शिक्षिका पर नोटिस
घटना की वजह एक पुराने विवाद से जुड़ी बताई जा रही है। दरअसल, बीएसए ने प्रधानाध्यापक के विद्यालय की एक सहायक अध्यापिका को लापरवाही के लिए नोटिस जारी किया था। आरोप है कि प्रधानाध्यापक ने वह नोटिस राजनीतिक समूहों में साझा कर दिया। इस पर संबंधित शिक्षिका ने शिकायत दर्ज कराई। उसी शिकायत पर स्पष्टीकरण देने के लिए प्रधानाध्यापक को दफ्तर बुलाया गया था। इसी दौरान यह बवाल हुआ।
अधिकारी ने बताई आपबीती
बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह ने कहा कि उन्होंने प्रधानाध्यापक को दोबारा ऐसी गलती न करने की चेतावनी दी थी। इसी दौरान शिक्षक ने आपा खो दिया और मारपीट पर उतर आया। इस घटना ने पूरे शिक्षा विभाग को सकते में डाल दिया है।





More Stories
दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने हांगकांग से वियतनाम के रास्ते भारत लाए जा रहे सैन्य व रक्षा श्रेणी के 10 ड्रोन बरामद
क्या समाजवादी पार्टी को फिर चोट देगी बीजेपी?
चोरी की कार बेचने गुरुग्राम जा रहा आरोपी दबोचा, पुलिस ने वाहन किया बरामद
दिल्ली थप्पड़ कांड: MCD सदन में AAP पार्षदों का हंगामा, बैठक अनिश्चितकाल के लिए स्थगित
4 महीने रोक दो लकड़ी से अंतिम संस्कार’, गाड़ियाें के धुएं से घुटती दिल्ली पर BJP पार्षद का गजब प्लान
ढाई माह की बच्ची अपहरण के कुछ घंटों में बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार