
गुरुग्राम/उमा सक्सेना/- गुरुग्राम से बहादुरगढ़ लौट रही एक बारात मंगलवार देर रात बड़े हादसे का शिकार होते–होते बच गई। बालोर के निकट नशे में धुत एक फॉर्च्यूनर चालक ने दूल्हा–दुल्हन की फोर्ड मस्टैंग कार को बार-बार टक्कर मारकर गंभीर खतरा पैदा कर दिया। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद लोगों की सूझबूझ और कार की मजबूती के कारण कोई जनहानि नहीं हुई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
ओवरटेक के बाद लगातार तीन से चार बार मारी टक्कर
शिकायतकर्ता नवदीप, जो हिसार के मिर्जापुर गांव का रहने वाला है, ने बताया कि 29 नवंबर को उसके भांजे की बारात बादशाहपुर स्थित एक फार्म में गई थी। रात करीब ढाई बजे सभी लोग फोर्ड मस्टैंग से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान जब वे द्वारका एक्सप्रेस-वे के नीचे बालोर के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने उन्हें ओवरटेक कर अचानक आगे जाकर यू-टर्न लिया।
नवदीप के अनुसार, फॉर्च्यूनर चालक ने जान से मारने की नीयत से उनकी कार में सीधी टक्कर मार दी। एक बार नहीं—लगातार तीन से चार बार कार को जोरदार टक्कर मारी गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मस्टैंग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, किसी को चोट नहीं लगी।
आरोपी की पहचान, पुलिस ने दर्ज किया केस
जांच के दौरान आरोपी की पहचान प्रिंस, निवासी बालोर, के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि घटना के समय वह कथित तौर पर नशे में था।
नवदीप की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब वाहन और आरोपी दोनों की तकनीकी व लोकेशन जांच कर रही है, ताकि घटना की सच्चाई सामने लाई जा सके।
गंभीर हादसे से बाल-बाल बचे दूल्हा–दुल्हन
घटना में दूल्हा सुमित और गाड़ी में मौजूद अन्य लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। परिवार वालों ने कहा कि अगर कार तेज रफ्तार में होती, तो यह वारदात जानलेवा साबित हो सकती थी।





More Stories
दिल्ली सिख गुरुद्वारा कमेटी की शिकायत पर FIR, केजरीवाल सहित AAP के कई नेताओं के नाम शामिल
द्वारका नॉर्थ में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 570 किलो अवैध पटाखे बरामद; 79 वर्षीय बुजुर्ग के खिलाफ मामला दर्ज
दून मेडिकल कॉलेज/अस्पताल में चापड़ लेकर घुसे अभियुक्त को पुलिस ने किया गिरफ्तार
BRG एनुअल रन 2026 में 1500 से अधिक धावकों ने लिया भाग
अलीपुर पुलिस का मोबाइल स्नैचिंग गिरोह पर बड़ा प्रहार, दो आरोपी गिरफ्तार; 15 मोबाइल फोन बरामद
केविन परेरा ने बीआरजी एनुअल रन एक्सपो में पहुंचकर बढ़ाया बहादुरगढ़ का मान