नई दिल्ली, 7 सितंबर। द्वारका साउथ थाना क्षेत्र में गंदे नाले से बरामद हुए अज्ञात व्यक्ति के सड़ी-गली हालत में मिले शव के मामले को द्वारका जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने सुलझा लिया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी भूपेंद्र पाल उर्फ नन्हे (24) को उत्तर प्रदेश के कासगंज से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल लोडिंग टेंपो और आरोपी के वारदात के समय पहने कपड़ों के अलावा बाजार से खरीदे गए कपड़े भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को सेक्टर-8 द्वारका स्थित शुक्र बाजार रोड, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पास गंदे नाले में प्लास्टिक के कट्टों में रस्सी से बंधा एक अज्ञात पुरुष का शव बरामद हुआ था। शव काफी सड़-गल चुका था। इस संबंध में थाना द्वारका साउथ में FIR नंबर 250/26, धारा 103 BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज से खुली जांच की कड़ी
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी द्वारका कुशल पाल सिंह, आईपीएस के निर्देश पर स्पेशल स्टाफ की टीम गठित की गई। इंस्पेक्टर कमलेश कुमार के नेतृत्व और एसीपी ऑपरेशंस सेल द्वारका सुभाष मलिक की निगरानी में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए।
जांच के दौरान मृतक के कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान पवन कुमार यादव (45), मूल निवासी पूर्णिया, बिहार के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक पवन पिछले करीब दस वर्षों से बगडोला गांव में रह रहा था और सेक्टर-8 स्थित बीएसईएस कार्यालय में हेल्पर का काम करता था। शाम के समय वह मोमोज की दुकान पर भी काम करता था तथा एक इमारत की देखरेख भी करता था।
संदिग्ध टेंपो ने पहुंचाया आरोपी तक
पुलिस ने मृतक के आखिरी बार देखे जाने से लेकर 27 अगस्त तक के सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। जांच में 26 और 27 अगस्त की दरम्यानी रात एक लोडिंग टेंपो संदिग्ध रूप से प्लास्टिक के कट्टों के साथ इलाके से निकलता दिखाई दिया। पुलिस ने टेंपो का पीछा करते हुए उसके रूट की जांच की तो उसका संबंध शव मिलने वाले स्थान से सामने आया।
स्थानीय जांच के बाद टेंपो के मालिक की पहचान भूपेंद्र पाल उर्फ नन्हे, निवासी अशोक नगर, कासगंज, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। आरोपी की मोबाइल लोकेशन और सीडीआर भी घटना से जुड़े महत्वपूर्ण सुरागों से मेल खाती मिली। वारदात के बाद आरोपी कासगंज चला गया था।
जांच के दौरान मृतक के बैंक खाते से 26 अगस्त की शाम मंगलापुरी स्थित बाजार में कपड़े खरीदने के लिए किए गए छोटे लेनदेन का भी पता चला। बाजार के सीसीटीवी फुटेज में आरोपी की मौजूदगी सामने आने के बाद पुलिस का शक और पुख्ता हो गया।
कासगंज में दबिश देकर गिरफ्तारी
पुख्ता सुराग मिलने के बाद पुलिस टीम ने 5 सितंबर को कासगंज, उत्तर प्रदेश में छापेमारी कर भूपेंद्र पाल उर्फ नन्हे को गिरफ्तार कर लिया। उसके कमरे की तलाशी के दौरान वारदात के समय पहने गए कपड़े और बाजार से खरीदे गए नए कपड़े बरामद किए गए।
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि कुछ दिन पहले वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ किराए के कमरे में मौजूद था। इसी दौरान पवन ने कमरे को बाहर से बंद कर दिया और लोगों को वहां इकट्ठा कर लिया। आरोपी के अनुसार, इसके बाद पवन और अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की। इसी घटना का बदला लेने के लिए उसने पवन की हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी ने मृतक के खाते से कपड़े खरीदे और 27 अगस्त की तड़के शव को प्लास्टिक के कट्टों में डालकर सेक्टर-8 द्वारका के गंदे नाले में फेंक दिया। इसके बाद वह शक से बचने के लिए कासगंज चला गया।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
गिरफ्तार आरोपी भूपेंद्र पाल उर्फ नन्हे फल बेचने का काम करता है और पिछले करीब आठ वर्षों से सेक्टर-8 द्वारका में रेहड़ी लगाता था। पुलिस जांच में उसके उत्तर प्रदेश के एक अपहरण-सह-हत्या मामले में पूर्व संलिप्तता की बात भी सामने आई है। मामले में आरोपी से आगे की पूछताछ कर पुलिस अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।


More Stories
ओवरस्टे मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, 2024 में घोषित हुआ था PO
ऑपरेशन VISTA 1.0 में तीन विदेशी नागरिक पकड़े
DTC बस की टक्कर से 12 वर्षीय बच्ची की मौत, गुस्साई भीड़ ने बस में की तोड़फोड़
15 अगस्त से पहले दिल्ली में बम धमकी से हड़कंप, 6 अहम ठिकानों पर अलर्ट!
1350 क्वार्टर अवैध शराब के साथ सप्लायर गिरफ्तार!
दो चोरी की बाइक के साथ ऑटो लिफ्टर गिरफ्तार