
नई दिल्ली/उमा सक्सेना/- राजधानी दिल्ली के सबसे संवेदनशील क्षेत्रों में शामिल विधानसभा परिसर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक कार ने सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए गेट नंबर-2 का बैरियर तोड़ दिया और अंदर प्रवेश कर गई। इस दौरान लोहे का मुख्य गेट भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। घटना ऐसे समय हुई जब वीआईपी एंट्री पॉइंट पर सुरक्षा बल तैनात थे, जिससे इस चूक को बेहद गंभीर माना जा रहा है।

त्वरित कार्रवाई में तीन आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर कार चालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि वाहन चला रहा व्यक्ति सरबजीत सिंह था। पुलिस ने संबंधित कार को भी जब्त कर लिया है, जबकि अन्य दो आरोपियों की भूमिका की गहन जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कार उत्तर प्रदेश नंबर की थी, जिसे बाद में रूप नगर इलाके से बरामद किया गया।
स्पीकर कार्यालय तक पहुंचा आरोपी
चौंकाने वाली बात यह रही कि कार चालक सुरक्षा घेरा तोड़ने के बाद विधानसभा परिसर के अंदर स्पीकर कार्यालय की दिशा में बढ़ गया और वहां पोर्च के पास फूलों का गुलदस्ता रख दिया। इस अजीब हरकत ने सुरक्षा एजेंसियों को और सतर्क कर दिया है। फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम के पीछे की मंशा को लेकर जांच जारी है।

फोरेंसिक जांच और सुरक्षा समीक्षा शुरू
घटना के तुरंत बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने भी विधानसभा पहुंचकर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। इस घटना के बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल की समीक्षा शुरू कर दी गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की चूक न हो।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
इस घटना ने राजधानी के हाई-सिक्योरिटी जोन में सुरक्षा व्यवस्था की मजबूती पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की घटनाएं संभावित खतरे का संकेत हो सकती हैं, इसलिए सभी सुरक्षा एजेंसियों को और अधिक सतर्क रहने की जरूरत है।





More Stories
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने देखा छात्राओं का आत्मरक्षा प्रदर्शन, दिल्ली पुलिस के ‘मिशन शक्ति’ अभियान की सराहना की
फरीदाबाद: भाखरी कचरा विवाद में नया मोड़, विपुल गोयल के सामने आई कृष्णपाल गुर्जर की योजना, कौन होगी कामयाब?
दिल्ली मेट्रो महा विस्तार: 279 KM में 16 नए रूट बनेंगे, नजफगढ़, मीठापुर-करावल से नरेला-बवाना, रोहिणी तक बढ़ेगी कनेक्टिविटी, DDA मीटिंग में मुहर
वाहन चोर गिरफ्तार, चोरी की बाइक, स्कूटी और मोबाइल बरामद; तीन मामले सुलझे
ऋषिकेश निवासी डॉ. राजे नेगी को उत्तराखंड ऑप्टोमेट्रिस्ट एसोसिएशन का मुख्य सलाहकार बनाया गया, पेशेवर नैतिकता और मरीजों की सुरक्षा पर जोर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अभद्र टिप्पणी के विरोध में भाजयुमो बिलासपुर ग्रामीण का जोरदार प्रदर्शन