नजफगढ़ मैट्रो न्यूज/नई दिल्ली/शिव कुमार यादव/भावना शर्मा/- दिल्ली में कोरोना मरीजों के लिए अचानक हुई ऑक्सीजन की कमी को हालांकि केंद्र सरकार पूरी करने में जुटी हुई है लेकिन अब आक्सीजन के बाद दिल्ली में वैक्सीन की कमी की खबरों के साथ ही आक्सीजन व वैक्सीन की मारामारी शुरू हो गई है। इसको लेकर दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने भी एक बयान जारी कर बताया है कि दिल्ली में कोवैक्सिन का केवल एक दिन का स्टॉक बचा है तथा कोवीशील्ड का स्टॉक केवल 3-4 दिन तक चलेगा। जैन ने केंद्र से जल्द से जल्द वैक्सीन उपलब्ध कराने की अपील की है। वहीं भाजपा ने इसे आम आदमी पार्टी की नौटंकी बताते हुए कहा कि दिल्ली सरकार के मुखिया समेत सभी मंत्री जनता को गुमराह कर रहे हैं। जबकि दिल्ली में न आक्सीजन की और न ही वैक्सीन की कहीं कोई कमी है।
इससे पहले रविवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी वैक्सीन की कमी की बात कही थी। उन्होंने 17 मई तक लॉकडाउन बढ़ाने का ऐलान किया था और कहा था कि वैक्सिनेशन भी बहुत तेजी से चल रहा है। वैक्सीन के स्टॉक की कमी है। उन्होंने कहा था कि हमने केंद्र से सहयोग मांगा है और उम्मीद है कि सहयोग मिलेगा। वहीं केजरीवाल ने दिल्ली की जनता के लिए वैक्सीन खरीदने का भी आर्डर देने की बात कही लेकिन भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि केजरीवाल जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं जो ठीक नही है।
वहीं इससे पहले केजरीवाल ने कहा था कि अगर हमें 3 महीने में पूरी दिल्ली को वैक्सीनेट करना है, तो दिल्ली को तीन करोड़ वैक्सीन की जरूरत होगी। यानी हमें रोजाना करीब 3 लाख डोज की आवश्यकता होगी। उन्होंने कहा था कि अभी दिल्ली में वैक्सीन की कमी है। इस समय दिल्ली में हर दिन एक लाख लोगों को हर दिन वैक्सीन का डोज दिया जा रहा है। हमें अब तक 40 लाख वैक्सीन मिले हैं।
हालांकि राजनीतिक दावों-प्रतिदावों के बीच अच्छी खबर यह है कि देश में कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 17 करोड़ के पार पहुंच गया है। यहां अब तक वैक्सीन के 17 करोड़ 01 लाख 76 हजार 603 डोज दिए जा चुके हैं। इस आंकड़े को छूने के मामले में भारत दुनिया का पहला देश हैं। भारत को 17 करोड़ डोज लगाने में 114 दिन लगे। वहीं, यहां तक पहुंचने में अमेरिका को 115 और चीन को 119 दिन लगे थे।


More Stories
द्वारका हाफ मैराथन में BRG का दबदबा
माउंट आबू मैराथन में बीआरजी का शानदार प्रदर्शन
दिल्ली देहात के किसानों की 18 सूत्रीय मांगों को लेकर पंचायत संघ ने उठाई आवाज!
छात्रों की 26 मांगों को लेकर NSUI ने सौंपा ज्ञापन
दिल्ली में कृषि भूमि का सर्कल रेट बढ़ाने की मांग तेज
एसपी ऋषिकेश ने कांवड़ यात्रा मार्ग का किया निरीक्षण