
नई दिल्ली/सिमरन मोरया/- देश के कई इलाकों में मानसून की बारिश ने कहर बरपाया है। एक तरफ यूपी और असम के कई इलाके बाढ़ की चपेट में हैं तो वहीं दूसरी तरफ मुंबई का भी बारिश से बुरा हाल है। इस बीच दिल्ली से खबर आ रही है कि मुनक नहर का बैराज टूटने से जेजे कॉलोनी जलमग्न हो गई है। आपको बता दें कि दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है और यमुना का जलस्तर बढ़ गया है। सामने आए वीडियो में दिख रहा है कि एक बड़े इलाके में पानी भरा हुआ है।
मुनक नहर का बैराज टूटने से मची तबाही
वीडियो में दिख रहा है कि उत्तरी दिल्ली में मुनक नहर का बैराज टूटने से बवाना की जेजे कॉलोनी जलमग्न हो गई और रिहायशी इलाकों में पानी घुस गया। लोग घुटनों तक या उससे भी ज्यादा पानी में आते-जाते नजर आ रहे हैं। आपको बता दें कि मौसम विभाग ने दिन में शहर में हल्की बारिश का पूर्वानुमान जारी किया था। दिल्ली में सुबह 08:30 बजे आर्द्रता का स्तर 91 प्रतिशत था। शहर में बुधवार सुबह 08:30 बजे से गुरुवार सुबह 08:30 बजे तक 24 घंटे में 15 मिमी बारिश दर्ज की गई। गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
मुनक नहर में दरार, मरम्मत कार्य शुरू
दिल्ली की जीवनदायिनी मुनक नहर गुरुवार सुबह अचानक टूट गई, जिसके बाद पानी का प्रवाह उपनहर की ओर मोड़ दिया गया और मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। दिल्ली की जल मंत्री आतिशी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर से मुनक नहर से दोबारा पानी आना शुरू हो जाएगा और तब तक मरम्मत का काम भी पूरा हो जाएगा। बता दें कि,मुनक नहर वह नहर है जिसके माध्यम से पानी हरियाणा से दिल्ली आता है और यहां विभिन्न जल उपचार संयंत्रों तक पहुंचने के बाद इसे शुद्ध करके लोगों के घरों में भेजा जाता है।
बरसात के मौसम में अक्सर पड़ जाती हैं दरारें
मुनक नहर के रखरखाव की जिम्मेदारी हरियाणा तक हरियाणा सरकार के सिंचाई विभाग की है और उसके बाद इसकी देखरेख दिल्ली जल बोर्ड करता है। दरार आने के बाद दोनों विभाग मिलकर इसकी मरम्मत का काम कर रहे हैं। अक्सर बरसात के मौसम में जब पानी का बहाव बहुत तेज होता है तो मुनक नहर में कुछ जगहों पर दरारें आ जाती हैं। ऐसे में इसकी तुरंत मरम्मत कर पानी के बहाव की प्रक्रिया को फिर से सामान्य रूप से शुरू किया जा सकता है। इस नहर के माध्यम से पानी वज़ीराबाद पहुंचता है और वहां से इसे विभिन्न जल उपचार संयंत्रों में भेजा जाता है।





More Stories
महापंचायत का ऐलान, नजफगढ़ देहात में नहीं बनने देंगे कूड़े के पहाड़
मुख्यमंत्री धामी ने की २ महत्वपूर्ण घोषणाएं : तहसील, जिला एवं प्रदेश स्तर पर मान्यता प्राप्त पत्रकारों की संख्या बढ़ाई जाएगी, पत्रकार पेंशन की राशि में भी होगी वृद्धि
ऋषिकेश में वाहन चोरी, 3 गिरफ्तार, पहले भी जा चुके हैं जेल
फर्जी नीली बत्ती, अस्सिटेन्ट कमाडेंट बनकर ठगी करने की फिराक में था बिजनौरी स्मित कुमार, दबोचा
दिवाली पर नोएडा में फायर विभाग अलर्ट, 30 संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात होंगी फायर बाइक और गाड़ियां
दिल्ली NCR में ठंड ने दी दस्तक, कई इलाकों में ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंचा प्रदूषण