धनतेरस पर सोने-चांदी की चमक, हल्के वजन में भारी डिजाइन का क्रेज; ज्वेलर्स ने की खास तैयारी

स्वामी,मुद्रक एवं प्रमुख संपादक

शिव कुमार यादव

वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी

संपादक

भावना शर्मा

पत्रकार एवं समाजसेवी

प्रबन्धक

Birendra Kumar

बिरेन्द्र कुमार

सामाजिक कार्यकर्ता एवं आईटी प्रबंधक

Categories

November 2026
MTWTFSS
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30 
November 6, 2026

हर ख़बर पर हमारी पकड़

धनतेरस पर सोने-चांदी की चमक, हल्के वजन में भारी डिजाइन का क्रेज; ज्वेलर्स ने की खास तैयारी

-इस बार बाजार का ट्रेंड क्या है और धनतेरस पर प्री-बुकिंग का क्या हाल है,

नजफगढ़ मेट्रो न्यूज/नई दिल्ली/ ब्यूरो,: धनतेरस और दीपावली से पहले दिल्ली के बाजारों में सोने-चांदी की खरीदारी को लेकर रौनक बढ़ने लगी है. सोने और चांदी की कीमतों में हालिया उतार-चढ़ाव के बीच जहां ग्राहक खरीदारी को लेकर सतर्क नजर आ रहे हैं, वहीं ज्वेलर्स ने भी त्योहार के लिए खास तैयारियां की हैं. इस बार बाजार में कम वजन में भव्य दिखने वाली ज्वेलरी, एंटीक फिनिशिंग, टर्की और दुबई कलेक्शन के साथ इंग्लिश डिजाइन के आभूषणों का क्रेज देखने को मिल रहा है. वहीं, चांदी के सिक्कों, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों और गिफ्ट आइटम्स की मांग बढ़ने की उम्मीद है. धनतेरस पर ग्राहकों की पसंद, बाजार के ट्रेंड और लेकर भारत ने दिल्ली के तिलक नगर स्थित ज्वेलर्स और विशेषज्ञों से खास बातचीत की.

सोने की कीमतों में नरमी से खरीदारों को राहत

धनतेरस पर सोना-चांदी खरीदना शुभ माना जाता है. ऐसे में कीमतों में उतार-चढ़ाव का सीधा असर बाजार पर देखने को मिल रहा है. पिछले कुछ समय में रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचे सोने के भाव में हालिया गिरावट से ग्राहकों को कुछ राहत मिली है. हालांकि, ज्वेलर्स का कहना है कि सोना अब भी पिछली धनतेरस के मुकाबले करीब 10 फीसदी महंगा है. कस्तूरी ज्वेलर्स के मालिक सुरेंद्र धवन के मुताबिक, कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद सोना आज भी निवेश के लिहाज से सुरक्षित विकल्प माना जाता है. हर साल धनतेरस पर खरीदारी करने वाले ग्राहकों के लिए यह अच्छा अवसर है. उनका कहना है कि सोने की कीमतों में आई नरमी के बावजूद इसकी दीर्घकालिक मांग बनी हुई है.

कम वजन में भारी लुक वाली ज्वेलरी की मांग

सोने की बढ़ती कीमतों के बीच ज्वेलरी डिजाइनरों ने ग्राहकों के बजट को ध्यान में रखते हुए हल्के वजन में भव्य डिजाइन तैयार किए हैं. अब ग्राहक ऐसी ज्वेलरी पसंद कर रहे हैं, जो वजन में हल्की हो, लेकिन देखने में भारी और आकर्षक लगे. IGI से ज्वेलरी डिजाइनिंग का कोर्स करने वाले आदित्य धवन ने बताया कि वह पिछले पांच वर्षों से इस क्षेत्र में काम कर रहे हैं. इस बार उनकी टीम का फोकस कम वजन में ज्यादा फैलावट और शानदार लुक वाली ज्वेलरी पर है. उन्होंने बताया कि पहले 150 से 200 ग्राम तक के बनने वाले ब्राइडल सेट अब आधुनिक तकनीकों की मदद से काफी कम वजन में तैयार किए जा रहे हैं. इलेक्ट्रोफॉर्मिंग तकनीक के जरिए ज्वेलरी का वजन कम रखते हुए उसकी भव्यता बरकरार रखी जा रही है. इससे ग्राहकों को कम बजट में भी आकर्षक और भारी लुक वाले आभूषण मिल रहे हैं.

जड़ाऊ में एंटीक फिनिशिंग और दुबई कलेक्शन का क्रेज

इस बार ज्वेलरी बाजार में पारंपरिक और आधुनिक डिजाइन का फ्यूजन ग्राहकों को आकर्षित कर रहा है. आदित्य धवन के मुताबिक, जड़ाऊ ज्वेलरी में एंटीक फिनिशिंग का चलन बढ़ा है. इसके अलावा टर्की और दुबई कलेक्शन भी महिलाओं और युवाओं के बीच पसंद किए जा रहे हैं. इन डिजाइनों की खासियत कम वजन में ज्यादा फैलावट और आकर्षक लुक है. वहीं, पारंपरिक कारीगरी पसंद करने वाले ग्राहकों के लिए बारीक नक्काशी वाले एंटीक कलेक्शन भी उपलब्ध हैं. इसके साथ ही इंग्लिश डिजाइन ज्वेलरी का क्रेज भी तेजी से बढ़ रहा है. इसमें बैंगल्स, रिंग्स, पेंडेंट और टॉप्स जैसे हल्के और एलिगेंट आभूषण शामिल हैं.

चांदी के सिक्कों और लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों की मांग

सोने के साथ चांदी के बाजार में भी इस बार ग्राहकों की दिलचस्पी बढ़ने की उम्मीद है. ज्वेलर्स के मुताबिक, चांदी की कीमतों में हालिया गिरावट से खरीदारी को प्रोत्साहन मिल सकता है. धनतेरस पर चांदी खरीदने की परंपरा को देखते हुए दुकानदारों ने सिक्कों, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों और गिफ्ट आइटम्स का विशेष स्टॉक तैयार किया है. सुरेंद्र धवन ने बताया कि इस बार चांदी के सिक्कों और धार्मिक वस्तुओं पर खास ध्यान दिया गया है. कम कीमतों के चलते ग्राहकों की ओर से इनकी मांग बढ़ने की उम्मीद है.

महीनों पहले शुरू हो जाती है प्री-बुकिंग

त्योहारों के दौरान शोरूम में भीड़ और लंबी कतारों से बचने के लिए ज्वेलर्स प्री-बुकिंग की सुविधा दे रहे हैं. सुरेंद्र धवन के अनुसार, कई ग्राहक शादी और आगामी त्योहारों के लिए दो से चार महीने पहले ही अपनी पसंद के गहने बुक करा लेते हैं. ग्राहक मामूली एडवांस देकर पसंदीदा डिजाइन और बुकिंग के समय के भाव पर खरीदारी सुनिश्चित कर सकते हैं. इसके अलावा, निवेश के उद्देश्य से सोना खरीदने वालों के लिए MMTC-PAMP के प्रमाणित गोल्ड कॉइन बिना मेकिंग चार्ज के उपलब्ध कराए जा रहे हैं. वहीं, 24 कैरेट शुद्ध सोने की शीट से तैयार प्राइम आर्ट के गॉड फ्रेम, स्टैच्यू और गिफ्ट आइटम भी ग्राहकों के आकर्षण का केंद्र हैं. इन पर बायबैक गारंटी की सुविधा भी दी जा रही है.

डिजिटल गोल्ड और ऑनलाइन खरीदारी का बढ़ता चलन

बदलते समय के साथ सोने की खरीदारी का तरीका भी बदल रहा है. अब ग्राहक शोरूम जाने से पहले सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर डिजाइन देखते हैं. वहीं, डिजिटल गोल्ड में भी लोगों की दिलचस्पी बढ़ रही है. आदित्य धवन के मुताबिक, कस्तूरी ज्वेलर्स ऐप जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए ग्राहक घर बैठे डिजिटल रूप में सोना खरीदने और बेचने की सुविधा का लाभ उठा सकते हैं. यह विकल्प खासतौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी है, जो आभूषण खरीदने के बजाय सोने में निवेश करना चाहते हैं.

कीमतों में उतार-चढ़ाव से बाजार में सतर्कता

तिलक नगर स्थित बीके ज्वेलरी शॉप के मालिक अमन नागी का कहना है कि इस बार बाजार में पिछले साल के मुकाबले थोड़ा सतर्क रुख देखने को मिल रहा है. उनके मुताबिक, जब सोने की कीमतें तेजी से बढ़ती हैं तो ग्राहकों में FOMO यानी महंगा होने से पहले खरीदारी करने की जल्दबाजी रहती है. वहीं, कीमतों में गिरावट आने पर कुछ ग्राहक और भाव कम होने का इंतजार करते हैं. अंतरराष्ट्रीय बाजार के हालात और सोने की कीमतों को लेकर चल रही चर्चाओं का असर भी ग्राहकों के फैसलों पर पड़ रहा है. हालांकि, धनतेरस को लेकर लोगों के उत्साह में कमी नहीं है. पारंपरिक मान्यताओं के चलते सोने-चांदी की खरीदारी के लिए ग्राहक बाजार पहुंच रहे हैं.

सुबह 10 से रात 12 बजे तक खुलेंगे ज्वेलरी शोरूम

धनतेरस पर ग्राहकों की सुविधा को देखते हुए तिलक नगर के ज्वेलर्स ने देर रात तक शोरूम खोलने की तैयारी की है. जानकारी के मुताबिक, ज्यादातर दुकानें सुबह करीब 10 बजे से खुलेंगी और ग्राहकों की आवाजाही के अनुसार रात 12 बजे तक कारोबार जारी रहेगा. कुल मिलाकर इस बार धनतेरस पर बाजार में परंपरा के साथ आधुनिकता का मेल देखने को मिल रहा है. एक तरफ ग्राहक कीमतों पर नजर रखकर खरीदारी की योजना बना रहे हैं, तो दूसरी तरफ हल्के वजन में आकर्षक ज्वेलरी, डिजिटल गोल्ड और चांदी के पारंपरिक उपहार बाजार की रौनक बढ़ा रहे हैं.

About Post Author

आपने शायद इसे नहीं पढ़ा

Subscribe to get news in your inbox