

नजफगढ़ मेट्रो न्यूज/नई दिल्ली/ ब्यूरो, : दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदलने लगा है. सुबह और शाम के समय ठंड महसूस हो रही है, वहीं तेज धूप के कारण लोगों को दिन में गर्मी का एहसास हो रहा है. वहीं हवा भी लगातार जहरीली होती जा रही है. राजधानी में प्रदूषण का स्तर गंभीर श्रेणी में पहुंचने से लोगों की चिंता बढ़ गई है.
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार (6 नवंबर) को दिल्ली में आसमान साफ रहने और दिनभर तेज धूप निकलने की संभावना है. अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. इस दौरान उत्तर-पश्चिम दिशा से 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. दिन में नमी का स्तर घटकर 30 से 40 प्रतिशत के आसपास रहने की संभावना है. हालांकि, हल्के कोहरे और धुंध के कारण दृश्यता प्रभावित हो सकती है.
इससे पहले गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 0.2 डिग्री की गिरावट के साथ 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री सेल्सियस कम रहा. वहीं, न्यूनतम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक रहा. इस दौरान नमी का स्तर 64 से 100 प्रतिशत के बीच रहा.
दिल्ली की हवा गंभीर श्रेणी में, कई इलाकों में AQI 470 के पार
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार सुबह 7 बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 के पार दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है. बीते 9 महीने में गुरुवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स सबसे अधिक दर्ज किया गया है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स 389 पहुंच गया है. स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दिल्ली के 24 इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स 400 के पार चल रहा है. इन इलाकों में हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में पहुंच गई है. वही, एनसीआर के शहरों में भी प्रदूषण का असर साफ दिखाई दे रहा है. वहीं गाजियाबाद में एयर क्वालिटी इंडेक्स 256, नोएडा में 316 और ग्रेटर नोएडा में 287 दर्ज किया गया है. प्रदूषण के कारण सुबह और शाम के वक्त वातावरण में धुंध नजर आ रही है.
नोएडा में भी प्रदूषण का स्तर काफी अधिक
दिल्ली के बाद नोएडा में भी प्रदूषण का स्तर काफी अधिक दर्ज किया गया है. यहां एयर क्वालिटी इंडेक्स 316 पहुंच गया है. वहीं, ग्रेटर नोएडा में एक्यूआई 287 दर्ज किया गया है. बढ़ते प्रदूषण के कारण लोगों को खुले में निकलते समय सावधानी बरतने की जरूरत है. खासतौर पर सुबह की सैर करने वाले, साइकिल चलाने वालों और खुले में व्यायाम करने वालों को सतर्क रहना चाहिए.
गाजियाबाद में भी सांसों पर प्रदूषण का पहरा
गाजियाबाद में भी सांसों पर प्रदूषण का पहरा लगा हुआ है. गुरुवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स 256 दर्ज किया गया. हालांकि, दिल्ली और नोएडा की तुलना में गाजियाबाद की स्थिति कुछ बेहतर रही है, लेकिन यहां की हवा भी स्वास्थ्य के इतिहास से सुरक्षित नहीं है.
शहर AQI
गाजियाबाद 310
फरीदाबाद 285
गुरुग्राम 392
ग्रेटर नोएडा 312
नोएडा 323
इसके अलावा दिल्ली के इलाकों की बात करें तो डीटीयू में 454, आरके पुरम में 438, विवेक विहार में 437, नरेला में 436 और सोनिया विहार में एक्यूआई 435 दर्ज किया गया. अलीपुर, बवाना, ओखला फेज-2, सीरीफोर्ट, नॉर्थ कैंपस (डीयू), आईटीओ, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, पटपड़गंज, पूसा, द्वारका सेक्टर-8, नजफगढ़, मंदिर मार्ग, बुराड़ी क्रॉसिंग, जेएनयू, मथुरा रोड और अन्य निगरानी केंद्रों पर भी AQI 400 के पार बना हुआ है. ऐसे में बदलते मौसम के बीच प्रदूषण का बढ़ता स्तर दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए दोहरी चुनौती बन गया है.





More Stories
दिवाली पर नोएडा में फायर विभाग अलर्ट, 30 संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात होंगी फायर बाइक और गाड़ियां
दिल्ली: चावड़ी बाजार में निर्माणाधीन इमारत ढहने से दो की मौत, प्रत्यक्षदर्शी ने कहा- ऐसा लगा अपना ही मकान..
धनतेरस पर सोने-चांदी की चमक, हल्के वजन में भारी डिजाइन का क्रेज; ज्वेलर्स ने की खास तैयारी
दीवाली पर अतिक्रमण की चपेट नजफगढ़ बाजार, एमसीडी और दिल्ली पुलिस की व्यवस्था पर उठे सवाल
दिल्ली के मंगोलपुरी में रेहड़ी लगाने वाले युवक की चाकू से गोदकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस
दिल्ली में हर महीने क्यों ढह रहीं इमारतें? चावड़ी बाजार हादसे के बाद कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरा