नई दिल्ली/सिमरन मोरया/- उत्तर जिला की कश्मीरी गेट थाना पुलिस की सतर्क पेट्रोलिंग और त्वरित प्रतिक्रिया के चलते एक शातिर लुटेरा व ऑटो-लिफ्टर को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से लूटा गया आईफोन-11 और वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की स्कूटी भी मौके से बरामद कर ली गई। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है।
दिनदहाड़े लूट की वारदात, पीड़ित ने मचाया शोर
पुलिस के अनुसार, 30 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 1:15 बजे न्यू उस्मानपुर निवासी 26 वर्षीय सरवन कुमार, जो कश्मीरी गेट इलाके में मोबाइल एक्सेसरीज़ का काम करता है, युधिष्ठिर सेतु के पास खड़ा था। इसी दौरान पीछे से स्कूटी सवार युवक ने अचानक उसका मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने पीड़ित को धक्का दिया और आईफोन-11 लूटकर तिस हजारी की ओर फरार हो गया। पीड़ित ने तुरंत “चोर-चोर” चिल्लाकर मदद मांगी।
पेट्रोलिंग टीम ने किया पीछा, कुछ ही मिनटों में आरोपी काबू
घटना के समय पुलिस पोस्ट आईएसबीटी की पेट्रोलिंग टीम—एसआई नीरज के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल शीशराम, हेड कांस्टेबल मुकेश और कांस्टेबल बाबलेश—मौके के पास मौजूद थी। शोर सुनते ही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी का पीछा किया और मोहल्ला क्लिनिक, लाला हरदेव सहाय मार्ग के पास उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से लूटा गया आईफोन-11 बरामद हुआ।
चोरी की स्कूटी भी बरामद, दूसरा मामला भी सुलझा
जांच में सामने आया कि आरोपी जिस होंडा एक्टिवा स्कूटी से वारदात कर रहा था, वह भी चोरी की थी। यह स्कूटी 28 दिसंबर की रात गांधी नगर थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी, जिसके संबंध में पहले से ई-एफआईआर दर्ज थी। स्कूटी को जब्त कर लिया गया है।
आरोपी की पहचान और आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नवीन उर्फ विकास (24 वर्ष), निवासी ओल्ड गीता कॉलोनी, दिल्ली के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने लूट और स्कूटी चोरी की वारदात कबूल कर ली। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पहले भी दिल्ली के विभिन्न थानों में स्नैचिंग, चोरी और आर्म्स एक्ट के कुल 11 मामलों में शामिल रह चुका है। सितंबर 2025 में जेल से रिहा होने के बाद उसने दोबारा अपराध की राह पकड़ ली।
नशे की लत बनी अपराध की वजह
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरतें पूरी करने के लिए लूट व चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। वह छीने गए मोबाइल और अन्य सामान को सस्ते दामों पर बेचकर तुरंत पैसा जुटाता था।
दो बड़े मामलों का खुलासा, पुलिस की मुस्तैदी रंग लाई
इस गिरफ्तारी के साथ कश्मीरी गेट और गांधी नगर थाना क्षेत्र में दर्ज लूट और वाहन चोरी के दो मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा हो गया है। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि लगातार पेट्रोलिंग और ‘रोको-टोको’ नीति के चलते सड़क अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा रहा है।


More Stories
‘हनुमान अंश’ के बाद प्रेमानंद जी महाराज पर बनेगी ‘राधा अंश’! विराट कोहली-अनुष्का शर्मा होंगे फिल्म का हिस्सा
दिल्ली में MCD का ताबड़तोड़ एक्शन, इस फेमस इलाके में 54 ज्वेलरी शॉप सील, जूलर्स में मचा हड़कंप
फरीदाबाद से दबोचा गया दहेज मामले में घोषित भगोड़ा आरोपी
बेटी संबंध बनाते वक्त रिकॉर्ड करती थी प्राइवेट वीडियो, फिर पिता करता था ब्लैकमेल! SO की मौत के बाद बस्ती में खुला हनीट्रैप का बड़ा खेल!
द्वारका में 888 क्वार्टर अवैध शराब बरामद, सप्लाई में इस्तेमाल वैगनआर जब्त
ऑपरेशन मिलाप के तहत लापता बच्चे को पुलिस ने सकुशल परिजनों से मिलाया