
नई दिल्ली/शिव कुमार यादव/- हेलिकॉप्टर क्रैश में ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी की मौत पुष्टि हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर शोक जताया है। पीएम ने कहा कि दुख की इस घड़ी में भारत ईरान के साथ खड़ा हुआ है। वहीं, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी गहरा दुख जताया है। बता दें ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी अगले महीने भारत का दौरा करने वाले थे, जिसको लेकर तैयारियां चल रही थीं। पिछले महीने भारत में ईरान के राजदूत ने राष्ट्रपति रईसी के भारत दौरे की जानकारी दी थी।

पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए कहा, ‘ईरान के राष्ट्रपति डॉ. सैयद इब्राहिम रईसी के दुखद निधन से गहरा दुख और सदमा लगा है। भारत-ईरान द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उनके परिवार और ईरान के लोगों के प्रति मेरी संवेदना हैं। दुख की इस घड़ी में भारत ईरान के साथ खड़ा है।’

भारतीय विदेश मंत्री ने कहा कि हेलिकॉप्टर दुर्घटना में ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी और विदेश मंत्री एच. अमीर-अब्दुल्लाहियन के निधन की खबर सुनकर गहरा सदमा लगा। उनके साथ मेरी कई बैठकें हुई हैं। हाल ही में जनवरी 2024 में हुई थी। उनके परिवारों के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं। इस त्रासदी के समय हम ईरान के लोगों के साथ खड़े हैं।


हेलिकॉप्टर को खोजने के लिए 17 घंटे चला ऑपरेशन
हेलिकॉप्टर क्रैश में राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी के साथ-साथ विदेश मंत्री हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियन, पूर्वी अजरबैजान के गवर्नर मालेक रहमती, पूर्वी अजरबैजान के इमाम मोहम्मद अली आले-हाशेम सहित नौ लोगों के मौत होने की पुष्टि हुई है। रईसी ईरान-अजरबैजान सीमा क्षेत्र से लौटने के बाद ईरान के उत्तर-पश्चिम में तबरीज शहर की ओर जा रहे थे। इस बीच खराब मौसम के चलते हेलिकॉप्टर से संपर्क टूट गया और वह एक पहाड़ी पर जाकर क्रैश हो गया।
राष्ट्रपति रईसी के हेलिकॉप्टर के क्रैश होने की सूचना मिलने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन तेज किया गया और बचाव दल तुरंत निर्दिष्ट स्थान पर गए, लेकिन हेलिकॉप्टर का कोई सुराग नहीं मिला। हेलिकॉप्टर को खोजने के लिए करीब 17 घंटे सर्च ऑपरेशन चलाया गया। खोयलर से केलेम मार्ग पर सर्च ऑपरेशन जारी रहा। इसी बीच रेस्क्यू टीम को पहाड़ी पर हेलिकॉप्टर के ब्लेड दिखाई दिए, जिसके बाद रेस्क्यू टीम रवाना हुई। ईरानी रेड क्रिसेंट प्रमुख ने बताया था कि रेस्क्यू टीमों की ओर से लिए गए वीडियो देखने के बाद साइट पर जीवित बचे लोगों का कोई संकेत नहीं मिला। हेलिकॉप्टर का पूरा केबिन क्षतिग्रस्त हो गया था और जल गया था।
ईरान का अगला राष्ट्रपति कौन होगा?
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए ने बताया, ‘राष्ट्रपति और विदेश मंत्री की शहादत पर सरकारी कैबिनेट ने तत्काल बैठक बुलाई है।’ ईरानी संविधान कहता है कि राष्ट्रपति की मौत की स्थिति में सर्वोच्च नेता की मंजूरी के साथ उपराष्ट्रपति को राष्ट्रपति की शक्तियां दी जाएंगी। उपराष्ट्रपति मोहम्मद मोखबर अगले राष्ट्रपति हो सकते हैं।





More Stories
गोयला डेयरी में MCD का अतिक्रमण हटाओ अभियान, सार्वजनिक जगहों से हटाए अवैध कब्जे
श्री रामलीला हल्द्वानी में एक ओर करुणा, विलाप और भक्ति का समंदर दिखा तो दूसरी ओर पराक्रम, गर्जना और भस्म होती लंका का दृश्य दिखा
दिल्ली-NCR में वाहन चोरों पर AATS का शिकंजा, दो आरोपी गिरफ्तार; 8 चोरी की बाइक-स्कूटी बरामद
नरेला औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्री चोरी का 24 घंटे में खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; शिव-पार्वती की मूर्ति और नकदी बरामद।
दिल्ली में ई-रिक्शा की संख्या पर लगेगी लगाम, सरकार ने 2.5 लाख की सीमा का प्रस्ताव रखा
हरियाणा से 1400 किलोमीटर दूर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग कर बॉलीवुड को हिला डाला, आखिर कौन है सोनीपत का रेहान ?