
नजफगढ़ मेट्रो न्यूज/नई दिल्ली/ ब्यूरो,:दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है. दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने आम आदमी पार्टी और पंजाब की भगवंत मान सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. सिरसा ने दावा किया कि पंजाब में जानबूझकर पराली जलाई जा रही है और इस काम में पंजाब पुलिस के अधिकारी और जवान भी शामिल हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों ने पराली में आग नहीं लगाई, बल्कि पंजाब पुलिस के लोगों ने खुद आग लगवाई.
पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने अपने दावे के समर्थन में सिरसा ने पंजाब में पराली जलाने का एक वीडियो भी दिखाया. वीडियो में कुछ अधिकारी और कर्मचारी खड़े दिखाई दे रहे हैं, जिन्हें सिरसा ने पंजाब पुलिस के अफसर और जवान बताया. पर्यावरण मंत्री ने कहा कि पंजाब में पराली जलाने की 900 से ज्यादा घटनाएं हुई हैं, जबकि हरियाणा में कुल 18 और उत्तर प्रदेश में 59 घटनाएं सामने आई हैं. दिल्ली में केवल एक आगजनी की जानकारी मिली है.
पंजाब में पराली जलाने को लेकर AAP पर निशाना
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार दिल्ली के प्रदूषण को लेकर राजनीति कर रही है. उन्होंने कहा कि पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के बजाय जानबूझकर ऐसा होने दिया जा रहा है. सिरसा ने दावा किया कि पंजाब पुलिस के अधिकारी मौके पर खड़े होकर पराली जलवाने का काम कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने इस समस्या से निपटने के लिए 5,000 करोड़ रुपये दिए हैं, लेकिन इसके बावजूद पंजाब में पराली जलाने की घटनाएं सामने आ रही हैं. सिरसा ने पंजाब सरकार से जुड़े अपने आरोपों के समर्थन में FIR की प्रतियां भी दिखाने की बात कही.
रीना गुप्ता को लेकर भी लगाए आरोप
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने आम आदमी पार्टी की नेता रीना गुप्ता को लेकर भी सवाल उठाए. सिरसा ने दावा किया कि रीना गुप्ता पहले दिल्ली में आम आदमी पार्टी की प्रवक्ता थीं और बाद में उन्हें पंजाब ले जाकर पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का चेयरपर्सन बनाया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि इस नियुक्ति के जरिए प्रदूषण से जुड़े आंकड़ों में फर्जीवाड़ा कराया जा रहा है.
सिरसा ने यह भी आरोप लगाया कि 20 से 25 करोड़ रुपये विज्ञापन पर खर्च किए गए. उन्होंने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण को लेकर सरकार के कामकाज और आंकड़ों पर सवाल उठाने के बजाय आम आदमी पार्टी को अपनी सरकार के दौरान पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं का जवाब देना चाहिए.
2026 में दिल्ली को मिले 220 साफ दिन: सिरसा
मनजिंदर सिंह सिरसा ने दावा किया कि इस साल दिल्ली को 220 साफ दिन मिले हैं. उनके मुताबिक, 2026 में दिल्ली का औसत AQI इस दशक में सबसे बेहतर रहा है. उन्होंने कहा कि दिल्ली में सबसे कम AQI 180 दर्ज किया गया.
सिरसा ने सवाल उठाया कि दिल्ली में प्रदूषण के बावजूद साफ दिनों की संख्या बढ़ने को आम आदमी पार्टी स्वीकार क्यों नहीं कर पा रही है. उन्होंने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण के लिए सरकार इलेक्ट्रिक वाहन नीति के तहत सब्सिडी दे रही है और इलेक्ट्रिक बसों का सबसे बड़ा बेड़ा भी मौजूद है.
केजरीवाल से बोले- दिल्ली वालों पर अत्याचार मत कीजिए
मनजिंदर सिंह सिरसा ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा, ‘केजरीवाल जी, दिल्ली पर इतना अत्याचार मत कीजिए. 10 साल आपने बर्बाद किया, अब मत कीजिए.’ उन्होंने दावा किया कि दिल्ली सरकार प्रदूषण कम करने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा दे रही है, सब्सिडी दे रही है और सार्वजनिक परिवहन में इलेक्ट्रिक बसों का इस्तेमाल बढ़ा रही है.
-परिवारवाद की राजनीति पर सीएम योगी का निशाना पूर्ववर्ती सरकार में गरीब परिवारों की पीड़ा शासन की नीतियों से रही ओझल
अनुराग ढांडा का पलटवार- बदनाम करने की बजाय प्रदूषण पर काम करे बीजेपी
मंजिंदर सिंह सिरसा के आरोपों पर आम आदमी पार्टी के नेता अनुराग ढांडा ने पलटवार किया. उन्होंने कहा, दिल्ली में बैठकर मनजिंदर सिंह सिरसा सारा दिन पंजाब को गाली देते हैं, जबकि पंजाब में आसमान साफ है और दिल्ली में प्रदूषण के बादल छाए हुए हैं. शर्म करो बीजेपी. पंजाब को बदनाम करने की बजाय प्रदूषण पर काम करे.
इस तरह दिल्ली के प्रदूषण को लेकर बीजेपी और आम आदमी पार्टी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है. जहां बीजेपी पंजाब में पराली जलाने को दिल्ली के प्रदूषण की वजह बता रही है, वहीं AAP दिल्ली सरकार की प्रदूषण नियंत्रण नीति पर सवाल उठाते हुए बीजेपी पर पंजाब को बदनाम करने का आरोप लगा रही है.





More Stories
1984 सिख विरोधी दंगों के 42 साल बाद भी इंसाफ का इंतजार, तिलक विहार में आज भी जिंदा हैं जख्म
जौहार की संस्कृति उत्तराखण्ड की आत्मा है : दीपक रावत, कुमाऊं कमिश्नर
दीपावली के अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने राज्य के कार्मिकों को दी बड़ी सौगात, 30 दिन के तदर्थ बोनस को मंजूरी
दिल्ली में गढ़वाल के विकास को लेकर अनिल बलूनी की बड़ी पहल, केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव से की मुलाकात; लंबित परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति देने का आग्रह
कपासहेड़ा के मोहित यादव ने अंतरराष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में जीता कांस्य पदक
NI एक्ट के मामले में सुनवाई से बच रहा घोषित भगोड़ा आरोपी गिरफ्तार