
नजफगढ़ मेट्रो न्यूज/द्वारका/शिवकुमार यादव। द्वारका जिला पुलिस की ओर से वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘चक्र’ के तहत मोहन गार्डन थाना पुलिस ने एक कथित वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 26 वर्षीय साबिर के रूप में हुई है, जो दिल्ली के ककरौला स्थित भारत विहार की जेजे कॉलोनी का निवासी है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की दो हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल और एक यामाहा फैसिनो स्कूटी बरामद की है। इस कार्रवाई से वाहन चोरी के तीन मामलों का खुलासा हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह के निर्देश पर ऑपरेशन ‘चक्र’ के तहत अपराधियों की धरपकड़ और चोरी के वाहनों की बरामदगी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मोहन गार्डन थाने के एसएचओ इंस्पेक्टर मुकेश अंतिल के नेतृत्व और नजफगढ़ सब-डिवीजन के एसीपी राज कुमार की निगरानी में एक विशेष टीम गठित की गई थी।
मोटरसाइकिल चोरी के मामले में पकड़ा गया आरोपी
पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल राकेश, मुकेश, धर्मेंद्र और संजीव शामिल थे। कार्रवाई के दौरान टीम ने मोहन गार्डन थाना क्षेत्र से साबिर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर 19 अक्टूबर 2026 को यूपी-45AJ-XXXX नंबर की हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी करने की बात बताई। उसकी निशानदेही पर मोटरसाइकिल बरामद की गई। जांच में यह वाहन मोहन गार्डन थाने में दर्ज ई-एफआईआर से संबंधित पाया गया।
निहाल विहार और उत्तम नगर की वारदातें भी खुलीं
पुलिस के अनुसार, आगे की पूछताछ और आरोपी की निशानदेही पर एक अन्य चोरी की हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल और एक यामाहा फैसिनो स्कूटी भी बरामद की गई। ये वाहन क्रमशः निहाल विहार और उत्तम नगर थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए थे। इस तरह पुलिस ने वाहन चोरी के तीन मामलों को सुलझाने का दावा किया है।
बरामद वाहनों में यूपी-45AJ-XXXX नंबर की हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, डीएल-4SEB-XXXX नंबर की हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल और डीएल-10SS-XXXX नंबर की यामाहा फैसिनो स्कूटी शामिल हैं।
पहले भी दर्ज हैं आपराधिक मामले
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, साबिर पहले भी दो आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। इनमें एक मामला द्वारका नॉर्थ थाने और दूसरा मोहन गार्डन थाने में दर्ज है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और आरोपी से जुड़े अन्य संभावित मामलों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।





More Stories
गाजियाबाद: पुलिस और बावरिया गिरोह की मुठभेड़, एक लाख का इनामी बदमाश धर्मेंद्र ढेर; तीन पुलिसकर्मी भी घायल
दिवाली और छठ के लिए रेलवे ने चलाई स्पेशल ट्रेनें, ये रहेगा रूट, यहां देखें ट्रेनों की लिस्ट
हल्द्वानी में भव्य समारोह के साथ सम्पन्न हुआ पांच दिवसीय कुमाऊं द्वार महोत्सव, आयुक्त कुमाऊं दीपक रावत रहे मुख्य अतिथि
नजफगढ़ ड्रेन में मिला युवक का शव, हत्या के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
डीएम नैनीताल ने कृषकों से की फॉर्मर आईडी बनवाने की अपील
द्वारका में अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार