
.

नजफगढ़ मेट्रो न्यूज/द्वारका/शिवकुमार यादव : राजधानी दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में बेटे के साथ हुए विवाद की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे माता-पिता पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया. हमले में गंभीर रूप से घायल 51 वर्षीय मां सीमा ने दो दिन तक जिंदगी के लिए संघर्ष करने के बाद दम तोड़ दिया है. वहीं, उनके पति कमल भी हमले में घायल हुए हैं. वारदात के बाद परिवार में मातम पसरा है. पीड़ित परिजनों ने पुलिस से मामले में शामिल सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
परिजनों के मुताबिक, ये वारदात 15 अक्टूबर की देर रात की है. सीमा का बेटा ध्रुव एक कुआं पूजन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने कुछ दोस्तों के साथ घर लौट रहा था. घर के पास ही गली में किसी बात को लेकर उसका कुछ लोगों से विवाद हो गया. शुरुआत में मामूली कहासुनी हुई थी, लेकिन देखते ही देखते मामला हाथापाई व चाकूबाजी तक पहुंच गया. ध्रुव के साथ मौजूद उसके दोस्त घटना के बाद उसके घर पहुंचे व परिवार को विवाद तथा मारपीट की जानकारी दी.
बेटे के साथ मारपीट की जानकारी मिलने पर सीमा व उनके पति कमल उसे देखने के लिए मौके पर पहुंचे. बताया जा रहा है कि जब दोनों वहां पहुंचे तो ध्रुव मौके पर मौजूद नहीं था. इसके बावजूद विवाद में शामिल लोगों ने कथित तौर पर दंपति को निशाना बना लिया.
आरोप है कि हमलावरों ने दोनों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. इस हमले में सीमा को गंभीर चोटें आ गईं. उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उनकी जान नहीं बच सकी. दो दिन बाद इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. दूसरी ओर, कमल को भी हमले में कई चोटें आई हैं. परिवार के मुताबिक उनके शरीर पर करीब 10 जगह चोट लगी है.

बेटे को बचाने निकले माता-पिता खुद बने हमले का शिकार
इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. जिस बेटे के साथ हुए विवाद की जानकारी मिलने पर माता-पिता उसे देखने और स्थिति संभालने पहुंचे थे, उसी दौरान दोनों पर हमला कर दिया गया. घटना के बाद परिवार के लोग आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस से लगातार कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है. पुलिस जांच में ये भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से दो आपराधिक मामले दर्ज हैं. परिवार का आरोप है कि वारदात में एक से अधिक लोग शामिल थे और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी भी जरूरी है.

ध्रुव पर भी दर्ज हुआ मामला
मामले में पुलिस ने ध्रुव के खिलाफ भी केस दर्ज किया है. ऐसे में पुलिस अब पूरी घटना की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है. जांच का अहम बिंदु ये है कि शुरुआती विवाद किस बात को लेकर हुआ, उसमें कौन-कौन लोग शामिल थे और बाद में माता-पिता पर हमला किन परिस्थितियों में किया गया. परिजनों का कहना है कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के साथ-साथ वारदात में शामिल अन्य लोगों को भी जल्द पकड़ा जाना चाहिए. परिवार को आशंका है कि यदि सभी आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो मामले की पूरी सच्चाई सामने नहीं आ पाएगी. पुलिस घटनाक्रम से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.





More Stories
दिल्ली में नकली ENO और FeviKwik बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़, 2 आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली में रामलीलाओं की धूम: कुंभकर्ण-मेघनाद वध से भावुक हुए दर्शक, रावण के पुतले देंगे प्रदूषण और ट्रैफिक से बचने का संदेश
IGI एयरपोर्ट पर 4.03 करोड़ का सोना जब्त: फ्लोर स्प्रिंग के अंदर छड़ बनाकर छिपाया गया था 3.20 किलो सोना
गोयला डेयरी में MCD का अतिक्रमण हटाओ अभियान, सार्वजनिक जगहों से हटाए अवैध कब्जे
श्री रामलीला हल्द्वानी में एक ओर करुणा, विलाप और भक्ति का समंदर दिखा तो दूसरी ओर पराक्रम, गर्जना और भस्म होती लंका का दृश्य दिखा
दिल्ली-NCR में वाहन चोरों पर AATS का शिकंजा, दो आरोपी गिरफ्तार; 8 चोरी की बाइक-स्कूटी बरामद