
नजफगढ़ मेट्रो न्यूज/सोनीपत/राज्य ब्यूरो, : हरियाणा के सोनीपत की ईदगाह कॉलोनी के रहने वाले रेहान को पुलिस ने कोटा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है. आरोप है कि रेहान ने बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर गोलियां चलाई थीं और वारदात के बाद फरार हो गया था. इस मामले में आरोपी के परिवार से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आईं. रेहान के पिता रिशुद्दीन को बेटे की वारदात के बारे में जानकारी नहीं थी. उन्होंने कहा कि अगर उनका बेटा दोषी पाया जाता है, तो कानून के मुताबिक उसे सख्त सजा मिलनी चाहिए.
रेहान ने 9वीं तक पढ़ाई की :

सोनीपत की ईदगाह कॉलोनी में रहने वाले रेहान के माता-पिता में लंबे समय से विवाद चल रहा था. रेहान की मां एक फैक्ट्री में काम करती है और अपनी बहन के पास रहती है, जबकि पिता मजदूरी का काम करते हैं. रेहान और उसका भाई मां के पास रहते हैं. पिता रिशुद्दीन ने बताया कि बेटा पिछले कई सालों से मेरे साथ नहीं रहता, अपनी मां के पास रहता है. रेहान के पिता रिशुद्दीन के अनुसार, उन्होंने बेटे को नौवीं कक्षा तक पढ़ाई करने के बाद आगे पढ़ने के लिए भी समझाया था, लेकिन रेहान ने पढ़ाई छोड़ दी. पिता चाहते थे कि बेटा उनके पास आकर काम सीखे और अपने पैरों पर खड़ा हो. उन्होंने उसे काम सिखाने की बात भी कही थी, लेकिन रेहान उनके पास आने के लिए तैयार नहीं हुआ.
गोहाना में भी दर्ज हुआ था केस :

पिता रिशुद्दीन के बयान के मुताबिक, करीब चार से पांच महीने पहले उन्हें रेहान के खिलाफ आर्म्स एक्ट से जुड़े एक मामले की जानकारी मिली थी. उन्होंने बताया कि गोहाना में भी उसके खिलाफ मामला दर्ज हुआ था और बाद में उसे जमानत मिल गई थी. पिता के अनुसार, उस समय रेहान की मां उसे छुड़वाकर अपने साथ ले गई थीं.
गुरुग्राम में वेल्डिंग सीखने की कही थी बात :
रेहान के पिता ने बताया कि जमानत पर बाहर आने के बाद रेहान घर से यह कहकर निकला था कि वह गुरुग्राम जाकर वेल्डिंग का काम सीखेगा. इसके बाद वह घर से चला गया. रिशुद्दीन के मुताबिक, उन्हें अंदाजा नहीं था कि आगे चलकर उनका बेटा इस तरह के गंभीर मामले में आरोपी बन जाएगा. रेहान के पिता रिशुद्दीन ने कहा कि अगर उनका बेटा दोषी पाया जाता है, तो कानून के मुताबिक उसे सजा मिलनी चाहिए. उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई ऐसी वारदात करने की हिम्मत ना करें.
रेहान की मौसी ने क्या कहा ? :

रेहान की मौसी अफसाना ने बताया कि “रेहान अपने भाई के साथ ही स्कूल जाता था लेकिन 9वीं के बाद उसने पढ़ाई छोड़ दी. जब घर वालों ने समझाया तो कहा कि पढ़ाई में मन नहीं लगता. रेहान को पुलिस ने पहले भी गिरफ्तार किया था, जिसकी सूचना उन्हें उसके दोस्त से मिली थी. जब वह जमानत पर आया तो काम सीखने की बात बोलने लगा और उन्होंने उसे समझाया कि गलत रास्ते पर मत जाना. रेहान की मौसी ने बताया कि उन्हें नही पता कि वह कैसे क्राइम की दुनिया में चला गया.”





More Stories
दिल्ली-NCR में वाहन चोरों पर AATS का शिकंजा, दो आरोपी गिरफ्तार; 8 चोरी की बाइक-स्कूटी बरामद
नरेला औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्री चोरी का 24 घंटे में खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; शिव-पार्वती की मूर्ति और नकदी बरामद।
दिल्ली में ई-रिक्शा की संख्या पर लगेगी लगाम, सरकार ने 2.5 लाख की सीमा का प्रस्ताव रखा
सोनिया विहार में मनीष यादव हत्याकांड का खुलासा; दो नाबालिग समेत सात पकड़े गए
दिल्ली में ₹16 करोड़ की लागत से बना बायोगैस प्लांट शुरू, रोजाना 200 टन गोबर से बनेगी जैविक खाद और स्वच्छ ईंधन
दिल्ली हाफ मैराथन में बीआरजी का दमखम, 250 से अधिक धावकों ने लिया भाग