नई दिल्ली/अनीशा चौहान/- डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम एक बार फिर जेल से बाहर आ गए हैं। मंगलवार सुबह उन्हें 40 दिन की पैरोल पर रिहा किया गया। यह राम रहीम की 14वीं पैरोल है। बताया जा रहा है कि वह इस बार 15 अगस्त को सिरसा डेरा में अपना 58वां जन्मदिन मनाएंगे। सुबह करीब 7 बजे उनकी मुंह बोली बेटी हनीप्रीत, डेरा चेयरमैन दान सिंह और पूर्व चेयरमैन आर.के. सुनारिया जेल पहुंचे थे और 9 बजे राम रहीम को लेकर सिरसा डेरा रवाना हुए।
8 साल बाद फिर सिरसा डेरा में जन्मदिन
गुरमीत राम रहीम को इससे पहले अप्रैल 2024 में 21 दिन की फरलो पर सिरसा डेरा आने की अनुमति मिली थी। यह पहला मौका था जब वह सजा मिलने के बाद सिरसा डेरा पहुंचे थे। इससे पहले जब भी उन्हें पैरोल मिली, तो वह उत्तर प्रदेश के बागपत स्थित डेरे में ही ठहर थे। अब वह 8 साल बाद फिर से अपने जन्मदिन के मौके पर सिरसा डेरा में मौजूद रहेंगे, जिससे डेरा अनुयायियों में उत्साह देखा जा रहा है।
गंभीर मामलों में दोषी है राम रहीम
गौरतलब है कि डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम बलात्कार और हत्या जैसे गंभीर मामलों में दोषी करार दिए जा चुके हैं। वह रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहे हैं। फिलहाल उन्हें 40 दिन की पैरोल मिली है और 14 सितंबर को उन्हें दोबारा जेल लौटना होगा। पैरोल पर बाहर आने के बाद अभी तक उन्होंने किसी भी मीडिया संस्था से बात नहीं की है।
2017 की हिंसा में गई थी 40 लोगों की जान
25 अगस्त 2017 को पंचकूला स्थित विशेष सीबीआई अदालत ने गुरमीत राम रहीम को दो महिला अनुयायियों के साथ बलात्कार के मामले में दोषी ठहराया था। इसके बाद हरियाणा और पंजाब में हिंसा भड़क गई थी। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, उस हिंसा में करीब 40 लोगों की जान गई और सैकड़ों घायल हुए थे। उसी समय से राम रहीम जेल में हैं और समय-समय पर पैरोल या फरलो पर बाहर आते रहे हैं।


More Stories
ग्राम पंचायतों में चलाया जा रहा किसान जागरूकता अभियान
शेयर बाजार में जोरदार तेजी, सेंसेक्स 609 अंक उछला
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026: दूसरे चरण में भारी मतदान, 3 बजे तक 79% वोटिंग
पूर्व विधायक दुर्गेश पाठक ने न्यायमूर्ति स्वर्ण कांता शर्मा को लिखा पत्र
गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में भीषण आग, कई मंजिलों तक फैली लपटें; इलाके में मचा हड़कंप
गुरुग्राम में नवाचार और उद्यमशीलता का संगम, 200 प्रतिभागियों ने सीखे स्टार्टअप के गुर