नजफगढ़ मैट्रो न्यूज/स्पेशल/- 2024 के लोकसभा चुनावों में अब सिर्फ 9 से 10 महीने ही बचे है। जिसे देखते हुए सत्ता पक्ष व विपक्ष एक दूसरें को पटखनी देने के लिए मैदान में उतर चुके हैं। वहीं अब मीडिया द्वारा कराये जा रहे सर्वे भी सामने आने लगे हैं। इंडिया टीवी और सीएनएक्स के ओपिनियन पोल के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी को अकेले 290 सीटें मिलती दिखाई दे रही हैं। जबकि कांग्रेस को मात्र 66 से 90 सीटें ही मिलती दिख रही है।
ओपिनियन पोल के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी 2024 के लोकसभा चुनाव में अकेले दम पर सरकार बना सकती है। जबकि कांग्रेस अकेले दम पर भाजपा को टक्कर देने में समर्थ नही है।
लोकसभा चुनाव को अब बामुश्किल 9-10 महीने ही बचे हैं। 2024 के चुनाव में किसकी सरकार बनेगी इसपर सबकी नजर है। मोदी सरकार जहां तीसरी बार सत्ता में आने का दावा कर चुकी है । वहीं विपक्षी पार्टियों के मेल से बना इं.डि.या. गठबंधन भी जीत का सपना देख रहा है। इस नए गठबंधन में विशेषकर कांग्रेस जो 10 साल से सत्ता से बाहर है उसके लिए ये लड़ाई और खास बल्कि अब अस्तित्व की भी बन गई है। हालांकि, मुख्य विपक्षी पार्टी के लिए चीजें इतनी भी आसान नहीं है। आजादी के बाद पहली बार देश की सबसे पुरानी पार्टी इतनी कमजोर हुई है। हालिया सर्वे भी उसकी उम्मीदों पर पानी फेरते दिख रहे हैं। इंडिया टीवी और सीएनएक्स के ताजा ओपिनियन पोल में कांग्रेस अकेले भी बीजेपी का मुकाबला करती नहीं दिख रही है। ताजा पोल में एनडीए को 303 सीट मिलती दिख रही हैं जिसमें अकेले बीजेपी को 290 सीट मिलने का अनुमान है। वहीं नए गठबंधन इं.डि.या. की साथी कांग्रेस को अकेले मात्र 66 सीट मिल सकती हैं। सीधा मतलब है कि अगर ये पोल 2024 में सही साबित हुआ तो कांग्रेस अकेले बीजेपी का मुकाबला नहीं कर पाएगी।

बीजेपी और कांग्रेस में कौन आगे?
इंडिया टीवी और सीएनएक्स के सर्वे के मुताबिक, एनडीए को 303 सीट मिलेंगी जबकि अकेले बीजेपी को 290 सीट जीत सकती है। यानी बीजेपी चाहे तो अकेले देश में सरकार चला सकती है। वहीं नए गठबंधन इं.डि.या. की बात करें तो कांग्रेस को इसका पार्ट बनकर कोई खास फायदा होता नहीं दिख रहा है बल्कि अगर दूसरी पार्टियां अड़ी तो कांग्रेस को नुक्सान ज्यादा होने की संभावना है। ओपिनियन पोल की मानें तो, इं.डि.या. को इस लोकसभा चुनाव में 543 में 175 सीट मिलती दिख रही हैं जिसमें कांग्रेस को मात्र 66 सीट मिल सकती हैं। पिछले साल के लोकसभा चुनाव की बात करें तो अकेले बीजेपी ने 303 सीटें जीती थीं वहीं कांग्रेस को तब भी मात्र 52 सीट ही नसीब हुई थी। 2024 के सर्वे में बीजेपी की सीट घटी हैं पर वह अकेले सरकार बनाने में सक्षम है। कांग्रेस की सीट 2024 में बढ़ती दिख रही हैं लेकिन वह अकेले या गठबंधन के साथ मिलकर सरकार बना लेगी ऐसा होता दिख नहीं रहा है।

2024 के चुनाव में किसे मिल सकती हैं कितनी सीटें?
2024 का चुनाव अंत में नंबर गेम पर आकर ही रुकेगा। ताजा सर्वे की मानें तो, बीजेपी को सबसे ज्यादा 290, कांग्रेस को 66, आम आदमी पार्टी को 10, टीएमसी को 29, बीजू जनता दल को 13, शिवसेना(शिंदे गुट) 2, शिवसेना(यूटीबी) को 11, समाजवादी पार्टी को 4, बहुजन समाज पार्टी को 0, राष्ट्रीय जनता दल को 7, जनता दल यूनाइडेट को 7, डीएमके को 19, एआईएडीएमके को 8, एनसीपी(शरद गुट) को 4, एनसीपी(अजित गुट) को 2, वाईएसआर कांग्रेस को 18, टीडीपी को 7, लेफ्ट फ्रंट को 8, बीआरएस को 8 और बाकी अन्य निर्दलीय दलों को 30 सीटें मिलती दिख रही हैं।
वहीं इंडिया टुडे सी-वोटर के सर्वे के मुताबिक कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन को 2024 के चुनाव में सीटों के साथ वोट शेयर में भी बढ़ोतरी होने के अनुमान है। केंद्र में सरकार भाजपा गठबंधन एनडीए की ही बनेगी।
2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए सभी पार्टियों ने तैयारी शुरू कर दी है। कांग्रेस समेत 26 विपक्षी दलों का एक नया गठबंधन इंडिया बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए को चुनौती देने के लिए बन गया है। उधर बीजेपी नीत एनडीए ने भी अपनी तैयारी तेज कर दी है हालांकि कांग्रेस के यूपीए गठबंधन की जगह ’इं.डि.या.’ एनडीए के सामने कितना कारगर साबित होगा ये तो अगले साल चुनाव नतीजों के बाद पता चल ही जाएगा। इं.डि.या. गठबंधन बनने से पहले लोकसभा चुनाव को लेकर किए गए सर्वे के आंकड़े क्या कहते हैं-
सर्वे में कांग्रेस को 61 सीटों का फायदा?
इंडिया टुडे सी-वोटर ने इस साल जनवरी के अंत में एक सर्वे किया था। उसके नतीजे के मुताबिक, अगले साल होने वाले चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाला गठबंधन की सीट और वोट शेयर में काफी बढ़ोतरी होने का अनुमान है। कांग्रेस को 2019 के लोकसभा चुनाव में केवल 52 सीटें ही हासिल हुई थी जबकि यूपीए गठबंधन को कुल 91 सीटों पर जीत मिली थी। लेकिन इस बार अकेले कांग्रेस को 100 के आसपास सीटें मिलने का अनुमान है। जबकि इस सर्वे के अनुमानों के अनुसार, एनडीए को कुल लोकसभा की 543 सीटों में से 298 पर जीत मिलने का अनुमान है जबकि 2019 में एनडीए को कुल 353 सीटें मिली थी, इस लिहाज से एनडीए की सीटों में गिरावट होने का अनुमान है। वहीं कांग्रेस की यूपीए गठबंधन को 2019 के चुनाव के मुकाबले 61 सीट ज्यादा मिल सकती है। कांग्रेस गठबंधन को आगामी लोकसभा चुनाव में 153 सीटें मिलने का अनुमान है जबकि अन्य को 92 सीट मिल सकती है।
सत्तापक्ष या विपक्ष, किसको कितना वोट शेयर?
सर्व के वोट शेयर के आंकड़ों को देखे तो यहां भी 2019 चुनाव के मुकाबले कांग्रेस गठबंधन को फायदा होने का अनुमान है। सर्वे में सबसे ज्यादा वोट शेयर एनडीए को प्राप्त होने का संकेत है। बीजेपी नीत एनडीए को बंपर 43 फीसदी वोट शेयर मिलने का अनुमान है जो कि पिछले चुनाव के मुकाबले 2 फीसदी कम है।
वहीं कांग्रेस को 2019 लोकसभा चुनाव में मिले 19.66 फीसदी वोट शेयर के मुकाबले 2024 में यूपीए का वोट प्रतिशत 29 फीसदी के करीब रहने का अनुमान है। अन्य दलों जैसे की क्षेत्रीय पार्टियों को 28 फीसदी वोट शेयर मिल सकता है। 2024 लोकसभा का चुनाव अगले साल अप्रैल या मई के महीने में होने की संभावना है।


More Stories
पारदर्शिता और शांतिपूर्ण माहौल में नई समिति के चयन की तैयारी
देश-विदेश के वैज्ञानिक और शिक्षाविद करेंगे गणित
लंबे समय से फरार घोषित अपराधी को क्राइम ब्रांच ने दबोचा
अवैध हथियार और चोरी की स्कूटी के साथ आरोपी गिरफ्तार
होली के दिन पानी के गुब्बारे से शुरू हुआ विवाद हिंसा में बदला
सेमीफाइनल में संजू सैमसन का तूफानी प्रदर्शन