नई दिल्ली/सिमरन मोरया/- उत्तर जिला की बुराड़ी थाना पुलिस ने ऑटो लिफ्टर और मोबाइल स्नैचिंग करने वाले एक गैंग का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक 22 वर्षीय युवक और दो किशोर (CCL) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक, चोरी के दो वाहन और दो बैटरियां बरामद की हैं। इस कार्रवाई से स्नैचिंग, चोरी और वाहन चोरी के कुल छह मामलों का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्रा ने बुराड़ी इलाके में मोबाइल स्नैचिंग की शिकायत दर्ज कराई थी। छात्रा ने बताया कि वह ट्यूशन पढ़ाने जा रही थी, तभी सुंदरवन बैंक्वेट के पास बाइक सवार तीन युवकों ने उसका मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। शिकायत के आधार पर बुराड़ी थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की जांच के लिए एसएचओ इंस्पेक्टर गिरीश चंद्र रतूड़ी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों के भागने के रास्ते का पता लगाया। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई गई।
20 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली कि वारदात में शामिल युवक स्वरूप नगर की खड्डा कॉलोनी में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर छापेमारी कर पुलिस ने यश उर्फ घोचू (22 वर्ष) और उसके दो नाबालिग साथियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने दिल्ली के विभिन्न इलाकों में स्नैचिंग और वाहन चोरी की कई वारदातों में शामिल होने की बात कबूल की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने लूटा गया मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक, चोरी की एक अन्य बाइक, एक टीवीएस जुपिटर स्कूटी और दो चोरी की बैटरियां बरामद कीं।
पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी एक ही इलाके के रहने वाले हैं और गलत संगत में पड़कर शराब और सिगरेट के आदी हो गए थे। नशे और अन्य खर्चों के लिए वे दोपहिया वाहन चोरी कर स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देते थे। लूटे गए मोबाइल फोन को वे कम कीमत पर बेच देते थे। पुलिस के मुताबिक, गैंग का मास्टरमाइंड यश उर्फ घोचू पहले भी वाहन चोरी के दो मामलों में शामिल रह चुका है।
बुराड़ी पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।


More Stories
द्वारका पुलिस ने अंतरराज्यीय लुटेरा गैंग दबोचा!
द्वारका पुलिस की कार्रवाई, चार विदेशी नागरिक डिपोर्ट!
रूप नगर पुलिस ने सुलझाई चोरी की वारदात
प्रियंका गांधी का केंद्र पर हमला!
द्वारका पुलिस की कार्रवाई, 150 क्वार्टर अवैध शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
द्वारका पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3,000 अवैध शराब की बोतलें बरामद!