
पटना/सिमरन मोरया/- बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के बीच राजनीतिक माहौल गरमा गया है। जन सुराज पार्टी के संस्थापक और उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और बिहार पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि मतदान शुरू होने से पहले उनके कई समर्थकों को हिरासत में लिया गया, ताकि चुनाव को प्रभावित किया जा सके।
प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि उनके 16 से अधिक समर्थकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है, लेकिन अब तक यह नहीं बताया गया कि उन्हें किस आधार पर पकड़ा गया। उन्होंने कहा कि पहले सूचना मिली थी कि समर्थकों को जक्कनपुर थाने में रखा गया है, लेकिन वहां पहुंचने पर पता चला कि उन्हें अलग-अलग थानों में भेज दिया गया।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि स्थानीय थाना प्रभारी भी इस कार्रवाई की जिम्मेदारी स्वीकार नहीं कर रहे हैं और यह सब वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर किया गया है। प्रशांत किशोर का कहना है कि पुलिस 24 घंटे तक किसी व्यक्ति को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किए बिना हिरासत में रख सकती है और इसी प्रावधान का इस्तेमाल मतदान खत्म होने तक उनके समर्थकों को रोकने के लिए किया जा रहा है।
जन सुराज प्रमुख ने बीजेपी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी को उपचुनाव में हार का डर है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव प्रचार में एनडीए के कई नेताओं और विधायकों को उतारने के बावजूद जनता का समर्थन नहीं मिल रहा। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी की ओर से एक फर्जी वीडियो भी वायरल किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बीजेपी उम्मीदवार के समर्थन में वोट मांगते हुए दिखाया गया।
हालांकि, बिहार पुलिस की ओर से इन आरोपों पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
बता दें कि बांकीपुर विधानसभा सीट पर यह उपचुनाव बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद विधायक पद से इस्तीफा देने के कारण हो रहा है। इस सीट पर कुल 26 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। मुख्य मुकाबला बीजेपी के नीरज कुमार सिन्हा और जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर के बीच माना जा रहा है। सुबह 9 बजे तक इस सीट पर 4.61 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वर्ष 1995 से यह सीट बीजेपी के कब्जे में रही है, इसलिए इस उपचुनाव पर पूरे बिहार की नजर बनी हुई है।





More Stories
4 महीने रोक दो लकड़ी से अंतिम संस्कार’, गाड़ियाें के धुएं से घुटती दिल्ली पर BJP पार्षद का गजब प्लान
”नजफगढ़ को ₹25 करोड़ की सौगात, सीएम रेखा गुप्ता ने किया शुभारंभ”
दिल्ली में MCD का ताबड़तोड़ एक्शन, इस फेमस इलाके में 54 ज्वेलरी शॉप सील, जूलर्स में मचा हड़कंप
फरीदाबाद से दबोचा गया दहेज मामले में घोषित भगोड़ा आरोपी
द्वारका में 888 क्वार्टर अवैध शराब बरामद, सप्लाई में इस्तेमाल वैगनआर जब्त
”यूरोप की अंतरराष्ट्रीय वुशू चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली गोल्डन गर्ल केशवी डागर का झाड़ौदा गांव में भव्य सम्मान”