
नई दिल्ली/उमा सक्सेना/- पश्चिमी दिल्ली के द्वारका जिले से एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां एक सप्ताह से लापता चल रहे पति-पत्नी के शव नजफगढ़ इलाके के ककरोला गंदे नाले से बरामद किए गए। मृतकों की पहचान मुन्ना लाल (58 वर्ष) और उनकी पत्नी रामवती देवी (55 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों 17 जनवरी से अपने घर से अचानक गायब थे, जिसके बाद उनके बेटे रितेश ने थाना बिंदापुर में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। लगातार तलाश के बाद शुक्रवार दोपहर इस मामले में नया मोड़ आया, जब एक कैब चालक ने नाले में दो शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थाना नजफगढ़ पुलिस और स्थानीय टीम मौके पर पहुंची और खेर बाबा मजार के पास से दोनों शवों को बाहर निकाला। जांच के दौरान मुन्ना लाल की जेब से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिससे परिजनों से संपर्क कर उनकी पहचान की पुष्टि की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतक दंपती साधारण मजदूर परिवार से थे और उनका बेटा ऑटो पार्ट्स से जुड़ा काम करता है।

जांच में जुटी पुलिस, साजिश के संकेत नहीं
प्राथमिक जांच में पुलिस को शरीर पर किसी तरह के स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि, मौत की असली वजह जानने के लिए पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और परिवार के सदस्यों समेत आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। क्राइम टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है।
डीसीपी द्वारका अंकित सिंह के मुताबिक, फिलहाल किसी आपराधिक साजिश के ठोस प्रमाण सामने नहीं आए हैं, लेकिन जब तक मेडिकल रिपोर्ट नहीं आती, तब तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। शवों को आरटीआरएम अस्पताल भेज दिया गया है। उल्लेखनीय है कि द्वारका जिले में एक सप्ताह के भीतर इस तरह की यह दूसरी घटना है, जिससे इलाके में चिंता का माहौल बना हुआ है।





More Stories
सीएम योगी ने गोरखनाथ मंदिर में की गोवर्धन पूजा, प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं
दिवाली की रात दिल्ली में जगह-जगह आग की घटनाओं से मचा हड़कंप, संगम विहार से गीता कॉलोनी तक दमकल ने संभाला मोर्चा
दिल्ली के नजफगढ़ की गारमेंट फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 22 दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
दिल्ली में उत्तम नगर की बहुमंजिला इमारत में लगी भीषण आग, कई वाहन जलकर राख
‘नक्सलवाद के खात्मे के बाद पहली बार…’ बस्तर में सुरक्षाबलों के साथ पीएम मोदी ने मनाई दीवाली
कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में हुआ ‘दिल्ली की दिवाली-सबसे निराली, मिलकर मनाने वाली’ कार्यक्रम का आयोजन