नई दिल्ली/सिमरन मोरया/- द्वारका जिला पुलिस ने “नशे पर लगाम, देश को सलाम” अभियान के तहत अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1,880 क्वार्टर अवैध शराब बरामद की है। गिरफ्तार महिला आरोपी पहले से दिल्ली से निर्वासित (Externed) घोषित की जा चुकी थी और उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के कई मामले दर्ज हैं।
द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह के निर्देश और एसीपी ऑपरेशन सुभाष मलिक की निगरानी में एंटी-नारकोटिक्स सेल लगातार अवैध शराब और नशे के कारोबार पर कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत 30 जुलाई 2026 को इंस्पेक्टर कमलेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बिंदापुर एक्सटेंशन इलाके में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान रुपेश कुमार (19 वर्ष) निवासी चाणक्य प्लेस, उत्तम नगर को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1,567 क्वार्टर अवैध शराब बरामद हुई। इस संबंध में डाबड़ी थाने में दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ के दौरान रुपेश ने खुलासा किया कि वह बिंदापुर और डाबड़ी क्षेत्र के शराब तस्करों को अवैध शराब की सप्लाई करता था। अदालत से पुलिस रिमांड मिलने के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने प्रताप गार्डन, बिंदापुर में छापेमारी कर आरती (38 वर्ष) को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, आरती पहले से ही आदतन अपराधी है और 25 जून 2026 के आदेश के तहत उसे एक वर्ष के लिए दिल्ली से निर्वासित किया गया था। इसके बावजूद वह अवैध शराब के कारोबार में सक्रिय पाई गई। उसके घर की तलाशी में 313 क्वार्टर अवैध शराब बरामद हुई।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 1,880 क्वार्टर अवैध शराब बरामद की गई है। आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और अवैध शराब की सप्लाई करने वाले मुख्य नेटवर्क की तलाश जारी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी रुपेश कुमार के खिलाफ पहले से एक आपराधिक मामला दर्ज है, जबकि आरती के खिलाफ दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
द्वारका पुलिस का कहना है कि “नशे पर लगाम, देश को सलाम” अभियान के तहत नशे और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके और समाज को सुरक्षित बनाया जा सके।


More Stories
छात्रों की 26 मांगों को लेकर NSUI ने सौंपा ज्ञापन
दिल्ली में कृषि भूमि का सर्कल रेट बढ़ाने की मांग तेज
एसपी ऋषिकेश ने कांवड़ यात्रा मार्ग का किया निरीक्षण
अवैध नशा मुक्ति केंद्र बंद होने पर विधायक को धन्यवाद
कांवड़ यात्रा: 2.19 करोड़ से अधिक शिवभक्त सकुशल लौटे
क्रिकेट कोच की नियुक्ति पर सवाल!