नई दिल्ली/सिमरन मोरया/- महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) बीमा सखी योजना चला रहा है। इस योजना के तहत महिलाओं को बीमा एजेंट बनने का मौका दिया जाता है। खास बात यह है कि चयनित महिलाओं को शुरुआती तीन वर्षों तक मासिक स्टाइपेंड के साथ-साथ बीमा पॉलिसी बेचने पर कमीशन के जरिए अतिरिक्त आय का अवसर भी मिलता है।
यह योजना विशेष रूप से ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों की महिलाओं को रोजगार से जोड़ने और लोगों के बीच बीमा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू की गई है। योजना के तहत महिलाओं को प्रशिक्षण देकर बीमा क्षेत्र में काम करने के लिए तैयार किया जाता है।
कौन कर सकता है आवेदन?
LIC बीमा सखी योजना के लिए 18 से 70 वर्ष आयु वर्ग की महिलाएं आवेदन कर सकती हैं। आवेदन करने वाली महिला का कम से कम 10वीं पास होना अनिवार्य है। हालांकि, इस योजना में ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को प्राथमिकता दी जाती है।
तीन साल तक मिलेगा स्टाइपेंड
योजना के तहत महिलाओं को तीन वर्षों तक आर्थिक सहायता दी जाती है।
पहला वर्ष: 7,000 रुपये प्रति माह स्टाइपेंड
दूसरा वर्ष: 6,000 रुपये प्रति माह
तीसरा वर्ष: 5,000 रुपये प्रति माह
इसके अलावा, बीमा पॉलिसी बेचने पर महिलाओं को कमीशन भी दिया जाता है, जिससे उनकी आय और बढ़ सकती है।
ट्रेनिंग के बाद बनेंगी LIC एजेंट
LIC की ओर से चयनित महिलाओं को बीमा व्यवसाय से जुड़ी विशेष ट्रेनिंग दी जाती है। तीन साल का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद महिलाएं LIC एजेंट के रूप में कार्य कर सकती हैं। हालांकि, इसके लिए पहले वर्ष में जारी की गई कम से कम 65 प्रतिशत पॉलिसियों का सक्रिय (Active) रहना आवश्यक है।
योजना के तहत LIC के मौजूदा एजेंटों और कर्मचारियों के परिवार के सदस्य आवेदन के पात्र नहीं हैं। बेहतर प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को अतिरिक्त प्रोत्साहन और अधिक कमीशन का लाभ भी मिल सकता है।
ऐसे करें आवेदन
इच्छुक महिलाएं LIC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। आवेदन के दौरान पहचान पत्र, पता प्रमाण पत्र और शैक्षणिक प्रमाण पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे।
LIC बीमा सखी योजना उन महिलाओं के लिए एक बेहतरीन अवसर है, जो घर की जिम्मेदारियों के साथ अपनी आय बढ़ाना चाहती हैं और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनना चाहती हैं।


More Stories
छात्रों की 26 मांगों को लेकर NSUI ने सौंपा ज्ञापन
दिल्ली में कृषि भूमि का सर्कल रेट बढ़ाने की मांग तेज
एसपी ऋषिकेश ने कांवड़ यात्रा मार्ग का किया निरीक्षण
अवैध नशा मुक्ति केंद्र बंद होने पर विधायक को धन्यवाद
कांवड़ यात्रा: 2.19 करोड़ से अधिक शिवभक्त सकुशल लौटे
क्रिकेट कोच की नियुक्ति पर सवाल!