नजफगढ़ मेट्रो न्यूज/ द्वारका/शिवकुमार यादव :। पालम विधानसभा क्षेत्र के मधु विहार वार्ड में वर्षों से चली आ रही सीवर, दूषित जलापूर्ति, जलभराव, खराब सड़कों और बढ़े हुए पानी के बिलों की समस्याओं को लेकर रविवार को आयोजित जनसभा में सातों ब्लॉकों सहित मधु विहार वार्ड के विभिन्न हिस्सों से आए निवासियों ने एकजुट होकर अपना आक्रोश व्यक्त किया और स्थायी समाधान नहीं होने पर चरणबद्ध जनआंदोलन की चेतावनी दी।

जनसभा में लोगों ने कहा कि बार-बार शिकायतों और अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद समस्याएँ जस की तस बनी हुई हैं। कई परिवारों को सीवर ओवरफ्लो और गंदे पानी के कारण अपने ही घरों और गलियों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों की स्कूल आवाजाही, महिलाओं और बुजुर्गों की दैनिक आवाजाही तथा परिवारों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर लोगों में गंभीर चिंता है।
जनसभा में Block-B की गंभीर सीवर समस्या, मधु विहार सरकारी स्कूल के पास सीवर एवं जलभराव, C-1 ब्लॉक में सीवर एवं गंदे पानी की समस्या, जलापूर्ति, अत्यधिक पानी के बिल तथा वर्षों से अधूरे पड़े डीप सीवर कार्य को प्रमुखता से उठाया गया।
RWA मधु विहार के प्रधान रणबीर सिंह सोलंकी ने कहा, “अब बहुत हुआ सहना। मधु विहार की जनता को आश्वासन नहीं, जमीन पर काम चाहिए; कागजों पर समाधान नहीं, स्थायी समाधान चाहिए। जिन परिस्थितियों में हमारे परिवार, बच्चे और बुजुर्ग रह रहे हैं, उन्हें अब सामान्य मानकर नहीं चला जा सकता।”
सोलंकी ने दिल्ली जल बोर्ड के कार्यकारी अभियंता, संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों, जल मंत्री एवं मुख्यमंत्री से मांग की कि मधु विहार वार्ड की लंबित शिकायतों के निस्तारण में हो रही देरी, विभागीय कार्यप्रणाली तथा नागरिक समस्याओं की लगातार अनदेखी की निष्पक्ष विजिलेंस जांच कराई जाए। साथ ही, लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल, सुचारु सीवर व्यवस्था, जलभराव से मुक्ति और सुरक्षित सड़कें जनता की बुनियादी जरूरतें हैं। इसके लिए लोगों को वर्षों तक संघर्ष नहीं करना चाहिए।
सोलंकी ने कहा, “यह किसी एक ब्लॉक या एक RWA की लड़ाई नहीं है। यह पूरे मधु विहार के परिवारों का सवाल है। अब हमें जाति, धर्म, व्यक्तिगत हित और राजनीति से ऊपर उठकर अपनी एकता दिखानी होगी। सातों ब्लॉक एक साथ खड़े होंगे तो हमारी आवाज़ और मजबूत होगी।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि समयबद्ध और ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्रवासियों के साथ विचार-विमर्श कर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन एवं चरणबद्ध लोकतांत्रिक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।
जनसभा में राजपुरी के प्रधान भूपेश भावला ने बताया कि क्षेत्र की समस्याओं एवं प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन के संबंध में मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता तथा संबंधित थानाध्यक्ष को लिखित सूचना दे दी गई है।
RWA के पूर्व महासचिव प्रेम प्रभाकर ने जनता की मांगों को जायज बताते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। वहीं फेडरेशन के महासचिव एडवोकेट राकेश कुमार ने दिल्ली जल बोर्ड की कार्यप्रणाली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए नागरिकों की बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए विभाग को अधिक जवाबदेह बनाने की मांग की।
जनसभा में अशोक अग्रवाल, वी.के. सिंह, हरिओम शर्मा, शंकरदास एवं नंद किशोर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे। बाजार के प्रधान हरिश्चंद्र राय ने उपस्थित लोगों का स्वागत किया तथा अंत में धन्यवाद ज्ञापित किया।
जनसभा में सातों ब्लॉकों एवं वार्ड के विभिन्न हिस्सों से आए नागरिकों ने एकजुट होकर स्पष्ट संदेश दिया कि यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो जनता लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज़ को और बुलंद करेगी।


More Stories
द्वारका में ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा, कासगंज से आरोपी गिरफ्तार
”यूरोप की अंतरराष्ट्रीय वुशू चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली गोल्डन गर्ल केशवी डागर का झाड़ौदा गांव में भव्य सम्मान”
रेवंत रेड्डी की अमेरिका यात्रा रद्द, केंद्र से नहीं मिली मंजूरी!
”दिल्ली के द्वारका स्तिथ यशोभूमि में शुरू हुआ मटेशिया 2026”
मधु विहार में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
ओवरस्टे मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, 2024 में घोषित हुआ था PO