
नई दिल्ली/सिमरन मोरया/- द्वारका जिले के मोहन गार्डन थाना पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक शातिर ऑटो लिफ्टर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक चोरी का मोबाइल फोन और चार चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। आरोपी की पहचान प्रदीप (25) के रूप में हुई है, जो विकास नगर, उत्तम नगर का रहने वाला है और उसके खिलाफ पहले से 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह के निर्देश पर वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और चोरी के वाहनों की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसएचओ इंस्पेक्टर मुकेश आंटिल के नेतृत्व और एसीपी राज कुमार के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई थी।
गश्त और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने मोहन गार्डन क्षेत्र से संदिग्ध प्रदीप को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने 14 जुलाई 2026 को एक मोबाइल फोन चोरी करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर चोरी किया गया मोबाइल फोन और एक चोरी की स्कूटी बरामद की गई।
पुलिस की सख्त पूछताछ में आरोपी ने अन्य चोरी की वारदातों का भी खुलासा किया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर दो और चोरी की स्कूटियां तथा एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गईं। जांच में पता चला कि ये वाहन उत्तम नगर, हरि नगर और तिलक नगर थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए थे।
पुलिस ने बताया कि बरामद वाहनों में तीन स्कूटियां और एक मोटरसाइकिल शामिल हैं। इसके अलावा आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से वाहन चोरी की घटनाओं में सक्रिय था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी का संबंध किसी बड़े वाहन चोरी गिरोह से तो नहीं है तथा उसने अन्य किन-किन वारदातों को अंजाम दिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी से मोहन गार्डन, उत्तम नगर, हरि नगर और तिलक नगर में दर्ज वाहन चोरी के कुल पांच मामलों का खुलासा हुआ है। मामले की आगे की जांच जारी है।





More Stories
दिल्ली: 15 दिन पुरानी पिटाई का बदला लेने के लिए 17 साल के किशोर पर चाकू से हमला, 3 नाबालिग पकड़े गए
23 मामलों में वांछित कथित शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी के मोबाइल, जेवर और 17,500 रुपये बरामद
सतपाल जी महाराज आध्यात्मिक गुरु के साथ साथ लोककल्याण की भावना के प्रतीक हैं – पुष्कर सिंह धामी
UP : सुल्तानपुर में अंकुरण रसोई के माध्यम से 300 जरूरतमंदों को मिला भोजन
कालकाजी गैंगरेप: जन्मदिन की खुशी चीखों में बदली, केक काटकर मंदिर गई थी किशोरी; पुलिसवाले बनकर आए थे दरिंदे
”नजफगढ़ को ₹25 करोड़ की सौगात, सीएम रेखा गुप्ता ने किया शुभारंभ”