
राजस्थान/अनीशा चौहान/- राजस्थान के डीडवाना जिले के लाडनूं उपखंड क्षेत्र के जसवंतगढ़ थाना क्षेत्र में पाबोलाव मंदिर के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां लाडनूं से सुजानगढ़ की ओर जा रही सीकर डिपो की रोडवेज बस और एक टीयूवी कार में जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और रोडवेज बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार सवार तीन महिलाओं समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुष्कर दर्शन के लिए जा रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार मृतक चूरू जिले के राजलदेसर और मौमासर निवासी थे। कार में सवार सभी लोग एक ही परिवार के थे, जो पुष्कर दर्शन के लिए जा रहे थे। बताया जा रहा है कि अचानक सड़क पर गौवंश आ जाने से टीयूवी और रोडवेज बस की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार हाईवे से नीचे जा गिरी और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए। शवों और घायलों को निकालने के लिए पुलिस को क्रेन की मदद लेनी पड़ी।
मृतक और घायल
हादसे में शारदा (50), लिछमा (70), तुलछी (42) और ओमसिंह (48) की मौत हो गई। वहीं ममता (15), मुरली (11), भोजराज (17) और रूपा (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को और मृतकों के शवों को लाडनूं के राजकीय अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में शवों को मोर्चरी में रखवाया गया है, जबकि घायलों का इलाज जारी है।
भारी बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें
तेज बारिश के कारण राहत और बचाव कार्य में पुलिस व स्थानीय प्रशासन को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल किया। घटना की जानकारी मिलते ही वृताधिकारी विक्की नागपाल और जसवंतगढ़ थानाधिकारी जोगेंद्र सिंह पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





More Stories
नजफगढ़ में PNB और SBI का वित्तीय जागरूकता शिविर आयोजित, लोगों ने लिया लाभ
‘खेल के मैदान में दिखती है मिनी इंडिया की तस्वीर…’ गाजियाबाद में बोले उत्तराखंड के CM पुष्कर सिंह धामी
झारखंड: खूंटी में बर्थडे पार्टी के बहाने 3 नाबालिग लड़कियों को ले गए, दो बहनों से गैंगरेप; तीसरी ने भागकर बचाई जान
दिवाली से पहले दिल्ली के बाजारों में उमड़ी भीड़, सड़कों पर लगा भीषण जाम, यात्री बेहाल
धनतेरस की धूम: दिल्ली के डिप्टीगंज बाजार में खरीदारों का सैलाब, पीतल और कांसे के बर्तनों की बढ़ी डिमांड, जानें इस बाजार का इतिहास
दिवाली से पहले दिल्ली सरकार का बड़ा एक्शन: अब तक 10, 660 किलो नकली खोया जब्त; 44 में से 35 सैंपल फेल