
नई दिल्ली/शिव कुमार यादव/- बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती द्वारा अपने भतीजे आकाश आनंद से पार्टी की सभी जिम्मेदारियां वापस लिये जाने के बाद पहली बार विकास आनन्द ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होने बृहस्पतिवार को कहा कि उनके लिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आदेश शिरोधार्य है और वह समाज के लिए अपनी आखिरी सांस तक लड़ते रहेंगे।
आनंद ने गत मंगलवार को पार्टी प्रमुख मायावती द्वारा सभी जिम्मेदारियों से मुक्त किए जाने के दो दिन बाद सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर कहा, “आदरणीय बहन मायावती जी, आप पूरे बहुजन समाज के लिए एक आदर्श हैं, करोड़ों देशवासी आपको पूजते हैं। आपके संघर्षों की वजह से ही आज हमारे समाज को एक ऐसी राजनीतिक ताकत मिली है जिसके बूते बहुजन समाज आज सम्मान से जीना सीख पाया है।“ उन्होंने इसी संदेश में आगे कहा, “आप हमारी सर्वमान्य नेता हैं। आपका आदेश सिर माथे पे।

भीम मिशन और अपने समाज के लिए मैं अपनी अंतिम सांस तक लड़ता रहूंगा। जय भीम, जय भारत।“ गौरतलब है कि बसपा अध्यक्ष मायावती ने आनंद को मंगलवार रात पार्टी के राष्ट्रीय समन्वयक के पद से हटाते हुए उन्हें पार्टी में दी गई सभी जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया था। उनकी सभी चुनावी रैलियां भी रद्द कर दी गई थीं। मायावती ने कहा कि पार्टी और आंदोलन के हित में और आनन्द के “पूर्ण परिपक्वता“ हासिल करने तक उन्होंने यह निर्णय लिया है।
बसपा प्रमुख ने पिछले वर्ष दिसंबर में आकाश आनन्द को अपना उत्तराधिकारी घोषित किया था। आकाश आनंद के खिलाफ हाल ही में सीतापुर में एक चुनावी रैली में आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप में आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया था।
बसपा नेता ने अपने भाषण में कहा था, “यह सरकार बुलडोजर सरकार और गद्दारों की सरकार है। जो पार्टी अपने युवाओं को भूखा छोड़ती है और बुजुर्गों को गुलाम बनाती है वह आतंकवादी सरकार है।’’ प्राथमिकी दर्ज होने के बाद बसपा ने बिना कोई कारण बताए पिछले दिनों आकाश आनन्द की सभी प्रस्तावित रैलियों को स्थगित कर दिया था।





More Stories
द्वारका कोर्ट से ट्रायल से बच रहा घोषित अपराधी गिरफ्तार, एंटी-जेल बेल सेल की टीम को मिली सफलता।
उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस की महिला सुरक्षा के लिए विशेष फुट पेट्रोलिंग, महिलाओं और बच्चों में बढ़ाया सुरक्षा का भरोसा
दिल्ली IGI एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग की बड़ी कार्रवाई, 52 करोड़ की हाइड्रोपोनिक वीड जब्त
कृषि विज्ञान केंद्र उजवा में मनाया महिला किसान दिवस
द्वारका श्री रामलीला सोसायटी ने किया जेन-जी खिलाड़ियों का सम्मान
बादली में मेधावी विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को किया सम्मानित