
नई दिल्ली/अनीशा चौहान/- पालम विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत द्वारका सेक्टर-7 स्थित शहीद रामफल चौक से ब्रह्मा अपार्टमेंट तक फैली टूटी हुई पाइपलाइन से प्रतिदिन हजारों लीटर पेयजल व्यर्थ बह रहा है। यह वही पानी है जिससे सैकड़ों परिवारों की दैनिक जरूरतें पूरी हो सकती हैं। लेकिन, पाइपलाइन लीकेज के कारण सड़क पर लगातार पानी जमा रहता है, जिससे स्थानीय निवासियों और दुपहिया वाहन चालकों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय समाजसेवी एवं फेडरेशन ऑफ साउथ एंड वेस्ट डिस्ट्रिक्ट वेलफेयर फोरम के चेयरमैन रणबीर सिंह सोलंकी ने दिल्ली जल बोर्ड की घोर लापरवाही पर चिंता जताते हुए कहा “हर दिन हजारों लीटर पानी सड़क पर बह रहा है और लोग घरों में पानी की किल्लत झेल रहे हैं। यह सीधी-सीधी सरकारी उदासीनता और अधिकारियों की नाकामी है।”
सोलंकी ने बताया कि वर्तमान में जे.ई. सत्यम अस्थायी रूप से तीन जोनों का कार्यभार अकेले संभाल रहे हैं, जबकि ए.ई. इंद्रजीत प्रकाश पर राजनीतिक दबाव में मनमाने निर्णय लेने के आरोप लग रहे हैं। इसके अलावा, सड़कों पर खोदे गए गड्ढों को महीनों से नहीं भरा गया है, जिससे बरसात में स्थिति और भी भयावह हो गई है।
उन्होंने दिल्ली जल मंत्री श्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा, जल बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, माननीय मुख्यमंत्री तथा उपराज्यपाल से तत्काल संज्ञान लेने की अपील की। सोलंकी ने कहा कि “इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो स्थानीय निवासी बड़े पैमाने पर विरोध करने को बाध्य होंगे।”





More Stories
आरटीआई पर लापरवाही पड़ी भारी, दंडात्मक कार्रवाई से बचने नियमों को समझें अधिकारी
प्राचीन श्री रामलीला हल्द्वानी: शबरी देखी राम गृह आए। मुनि के बचन समुझि जिय भाए”
राहुल गांधी का मानसिक संतुलन खराब हो गया है, देश से मांफी मांगें : अजय भट्ट, सांसद
सीजेपी नेता अभिजीत दीपके गिरफ्तार, शांति भंग के आरोप में दिल्ली पुलिस ने दर्ज किया केस
38 करोड़ के खर्च से हर महीने ₹15 करोड़ बचाएगी दिल्ली पुलिस, 16 जेलों में लगेंगे 840 VC सिस्टम
द्वारका कोर्ट से ट्रायल से बच रहा घोषित अपराधी गिरफ्तार, एंटी-जेल बेल सेल की टीम को मिली सफलता।